Home Blog Page 121

‘कुछ लोग संविधान और लोकतंत्र को अपनी जेब में समझते हैं’, पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर कसा तंज

एएनआई, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि देश का संविधान और लोकतंत्र उनकी जेब में है। उनका इशारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर था जो अक्सर सार्वजनिक कार्यक्रमों में संविधान की प्रति लेकर जाते हैं।

एक मीडिया समूह के ‘भारत कृषि सम्मेलन-2026’ में प्रधानमंत्री मोदी कहा, ‘आजकल कुछ लोग अपनी जेब से संविधान निकालते हैं। उन्हें लगता है कि देश का संविधान और लोकतंत्र उनकी जेब में है। सत्ता से बाहर होने के बावजूद वे सत्ता के एक अलग ही नशे में रहते हैं। लेकिन जब यही लोग सत्ता में थे, तब उनका आचरण कैसा था?’

उन्होंने बताया, ‘अर्थव्यवस्था से जुड़ी एक रैंकिंग में गुजरात पहले स्थान पर था। उस समय मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था। गुजरात को पहला स्थान देने वाली संस्था का नाम भारत के एक पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर था। उस समय दिल्ली में सत्ता की कुर्सी पर बैठे लोग गुजरात को मिला यह सम्मान पचा नहीं सके

। उन्होंने शोधकर्ताओं को बाकायदा निर्देश जारी किए कि कोई भी रिपोर्ट प्रकाशित करने से पहले उनसे अनुमति लेनी होगी। उस समय यही हकीकत थी और आज वही लोग सहिष्णुता और लोकतंत्र का पाठ पढ़ाते फिरते हैं।’

आजादी के बाद पहली बार चार प्रतिशत से पार गई कृषि विकास दर
कृषि क्षेत्र के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दशक में भारत की कृषि विकास दर चार प्रतिशत से अधिक रही। आजादी के बाद यह ऐसा पहला दशक है जिसमें देश ने कृषि में यह विकास दर हासिल की।

प्रधानमंत्री ने गरीबी में, खासकर ग्रामीण इलाकों में आई कमी का भी उल्लेख किया और विश्व बैंक के एक अध्ययन का हवाला देते हुए कहा कि उसके मुताबिक भारत में 12-13 वर्षों में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

अध्ययन में ग्रामीण गरीबी में तेजी से आई कमी का भी उल्लेख किया गया है, जिसका मतलब है कि बड़ी संख्या में छोटे किसानों और खेतिहर मजदूरों ने गरीबी को मात दी है।

डीजल पर 43 रुपये प्रति लीटर का बोझ सरकार ने खुद उठाया

प्रधानमंत्री ने डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी सीमित रखने के सरकार के फैसले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘जब पश्चिम एशिया पर युद्ध का खतरा मंडरा रहा था, तो कच्चे तेल की कीमत कुछ ही हफ्तों में 70 डालर से बढ़कर 122 डॉलर प्रति बैरल हो गई थी। उस समय भारत के सामने एक बड़ी चुनौती थी।

सरकार ने डीजल की कीमत में केवल सात रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की, जबकि 50 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि जरूरी थी। 43 रुपये प्रति लीटर का बोझ सरकार ने खुद उठाया। जबकि पड़ोसी देशों में डीजल की कीमतें 40 से 50 प्रतिशत तक बढ़ गई थीं। तब से लेकर आज तक सरकार हर महीने 14,000 करोड़ रुपये का नुकसान उठा रही है। फिर भी हमने देश के किसानों को इसकी तपिश महसूस नहीं होने दी।’

उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध के बावजूद डीएपी का 50 किलोग्राम का बैग, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 5,000 रुपये है, भारतीय किसानों को 1300 रुपये में दिया गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कृषि को आधुनिक, खेती को अधिक स्मार्ट एवं किसानों को और सशक्त किए बिना विकसित भारत का निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने कृषि क्षेत्र को देश की प्रगति, संस्कृति और सामाजिक जीवन का आधार बताया।

मौजूदा त्योहारी मौसम, खासकर छठ पर्व को भारत की कृषि परंपराओं से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि कृषि देश की जीवनशैली से गहराई से जुड़ी है। लाल किले से दिए अपने संबोधन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए चिह्नित सात शक्ति-स्रोतों में कृषि भी शामिल है।

कृषि निर्यात से बढ़ रही किसानों की आय

पीएम मोदी ने भारत के कृषि निर्यात का उल्लेख करते हुए कहा कि देश हर वर्ष चार लाख करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के कृषि उत्पादों का निर्यात कर रहा है और इससे मिलने वाला पैसा किसानों की आय बढ़ा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया में दूध, दालों, जूट और चावल के उत्पादन में पहले स्थान पर है। गेहूं, कपास, फल और सब्जियों के उत्पादन में दूसरे स्थान पर है। मछली उत्पादन में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर है।

भारत दुनिया में मोटे अनाज का सबसे बड़ा उत्पादक है। यह दिखाता है कि भारत के किसानों में कितनी क्षमता है। प्रधानमंत्री ने पिछले दशक में डेयरी, कुक्कुट पालन, मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन और बागवानी सहित कृषि से जुड़े अन्य क्षेत्रों में हुई वृद्धि का भी उल्लेख किया।

‘अन्नदाताओं’ को ‘कृषि उद्यमियों’ में बदलना है मकसद

कृषि में बदलाव लाने में प्रौद्योगिकी और सरकारी पहलों की भूमिका का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएम-कुसुम के तहत लगभग 12 लाख सौर ऊर्जा पंप दिए गए हैं, जिससे बिजली के बिल कम हुए हैं और किसान अपने खेतों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर कमाई कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘जैसे दुनिया इलेक्ट्रिक गाड़ियों की तरफ बढ़ रही है, वैसे ही मैं सोच रहा हूं कि खेती के सभी तरह के औजार और सामान सौर ऊर्जा से चलेंगे। मैं किसानों के साथ मिलकर इस सोच पर काम कर रहा हूं।’

उन्होंने कहा कि नमो ड्रोन दीदियां दिखा रही हैं कि गांवों में उन्नत प्रौद्योगिकी का प्रभावी ढंग से कैसे इस्तेमाल किया जा सकता है। मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का बड़ा मकसद ‘अन्नदाताओं’ को ‘कृषि उद्यमियों’ में बदलना है।

रास्ते में सरिया काटने से रोकने पर मारपीट:बैजौली में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

परतावल के श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के बैजौली गांव में रास्ते पर सरिया काटने से रोकने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
बैजौली निवासी सबाना खातून ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव के जन्नतुन, लाली, अफजल और जैनब रास्ते पर सरिया रखकर काट रहे थे। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी।
सबाना के मुताबिक, मना करने पर चारों ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे उनका सिर फट गया।
एसओ महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

छावनी में मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ:श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों के साथ रामरेखा नदी के घाट पहुंचे

छावनी में गुरुवार देर शाम मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए रामरेखा नदी के घाट पहुंचे।
विसर्जन यात्रा छावनी कस्बे से राम जानकी मार्ग होते हुए निकली। पूरे रास्ते भक्तिमय माहौल रहा।
श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद मां लक्ष्मी की प्रतिमाएं रामरेखा नदी में विसर्जित कीं। उन्होंने अगले साल फिर आने की कामना के साथ मां लक्ष्मी और गणपति बप्पा को विदाई दी।

‘अजीत पवार के निधन के साथ खत्म हो गई थी बात’, NCP के गुटों के विलय की संभावना को सुप्रिया सुले ने किया खारिज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र में कई दिनों से चल रही राजनीतिक अटकलों पर विराम लगाते हुए राकांपा (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष और बारामती की सांसद सुप्रिया सुले ने गुरुवार को कहा कि राकांपा के दोनों गुटों के बीच विलय को लेकर कोई बातचीत नहीं चल रही है।

यह अध्याय उसी दिन बंद हो गया था, जिस दिन उनके भाई अजीत पवार का निधन हुआ था। मीडिया से बात करते हुए सुले ने शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शरदचंद्र पवार) और उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले राकांपा गुट के फिर से एक होने की अफवाहों को खारिज कर दिया। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हमें विलय को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।

भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि मेरे भाई अब नहीं रहे और उसी दिन मेरे लिए विलय का विषय भी खत्म हो गया। मुझे कोई प्रस्ताव नहीं मिला है, इसलिए मुझे नहीं पता कि किस विलय की बात हो रही है। इस बारे में मुझसे किसी ने कोई बात नहीं की है।

पुरानी बातचीत के संदर्भ में सुले ने माना कि अजीत पवार ने अपने निधन से पहले दोनों गुटों को फिर से एक करने के लिए बातचीत शुरू की थी। उन्होंने बताया कि बारामती के गोविंदबाग में हुई उनकी बातचीत का 17 जनवरी, 2026 का एक वीडियो पहले से ही सार्वजनिक है और किसी से छिपा नहीं है।

हालांकि, उन्होंने कहा कि उनके भाई के निधन ने सब कुछ बदल दिया और उस प्रक्रिया को हमेशा के लिए रोक दिया। विरोधी गुट के नेताओं द्वारा शरद पवार से हाल ही में की गई मुलाकातों को ज्यादा अहमियत न देते हुए सुले ने कहा कि अलग-अलग पार्टियों के नेता अक्सर हमारे वरिष्ठ नेता से मिलते रहते हैं।

पार्टी टूटने के बाद भी कई विधायक, मंत्री और नेता शरद पवार से मिलते रहे हैं। ऐसी शिष्टाचार मुलाकातें कोई नई हैं। जब उनसे कुछ राकांपा नेताओं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच हाल ही में हुई मुलाकातों के बारे में पूछा गया तो सुले ने इस पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और इसे दूसरी पार्टी का आंतरिक मामला बताया। उन्होंने कहा कि कौन किससे और किस वजह से मिलता है, यह उनका निजी और आंतरिक मामला है। मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगी।

सोर्स- न्यूज एजेंसी आइएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार

गणेश-लक्ष्मी प्रतिमा का विसर्जन हुआ:श्रावस्ती के चौबे डीह भकला पुल पर पुलिस की सुरक्षा में देर रात निकली शोभायात्रा

श्रावस्ती की ग्राम पंचायत हरदत्तनगर गिरंट में गणेश-लक्ष्मी प्रतिमा का विसर्जन गुरुवार देर रात चौबे डीह भकला पुल पर किया गया। पुलिस की सुरक्षा के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिसकर्मी देर रात तक मौके पर तैनात रहे। श्रद्धालुओं ने पुलिस की निगरानी में जयकारों के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया’ और माता लक्ष्मी के जयकारे लगाए गए। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश और माता लक्ष्मी को विदाई दी और अगले साल फिर आने की कामना की। ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में सहयोग किया।

‘लाओ मिठाई खिलाओ…’, जब पीएम मोदी के गले पड़ीं महिला पत्रकार, प्रधानमंत्री ने सुनाया 25 साल पुराना किस्सा

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। अपने राजनीतिक जीवन में मीडिया की बदलते स्वरूप का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भाजपा के दीवाली मिलन समारोह में कहा कि आजकल हर गली में हर खबर पर विशेषज्ञ उपलब्ध हैं।

‘जितने मुंह, उतनी बातें’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने जहां थोड़ी चुटकी ली, वहीं इन विविध विचारों की लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखने में अहम भूमिका को रेखांकित किया।

2001 की एक घटना याद करते हुए उन्होंने बताया कि उस समय पत्रकारों की एक महिला ब्रिगेड को उनके गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की भनक लग गई थी और मिठाई खिलाने की मांग करते हुए उन्होंने गला ही पकड़ लिया था।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित इस मिलन समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले महीने सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे करने का जिक्र करते हुए कहा कि 2001 में पार्टी के कुछ शीर्ष नेताओं को ही पता था कि वह गुजरात के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘एक दिन पत्रकारों का एक समूह मेरे कमरे में धड़धड़ाते हुए आ गया। आम तौर पर पत्रकार मेरे साथ ऐसा व्यवहार नहीं करते। लेकिन उस दिन वे सीधे अंदर आ गए। उस समय महिला पत्रकारों की एक ब्रिगेड हुआ करती थी। उनका काफी प्रभाव था। उन्होंने गला ही पकड़ लिया। बोलीं, मिठाई खिलाओ। मैंने पूछा कि मिठाई क्यों खिलानी है।

उन्होंने कहा कि आप गुजरात के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। मैंने उनसे कहा कि मुझे नहीं पता। उन्होंने जवाब दिया कि उन्हें पता है और मैं झूठ बोल रहा हूं।’ मोदी ने कहा, ‘उस समय इस बारे में बहुत कम लोगों को पता था, लेकिन पत्रकारों के उस समूह को पहले ही जानकारी मिल गई थी। खैर, उनकी जानकारी सही थी, लेकिन मेरे लिए जवाब देना बहुत मुश्किल था।’

मोदी ने कहा कि विकसित होती तकनीक ने मीडिया की प्रकृति को नाटकीय रूप से बदल दिया है। इससे पारंपरिक मीडिया का काम कुछ आसान हुआ है, लेकिन साथ ही बिल्कुल नई चुनौतियां भी सामने आई हैं।

पहले बड़ी ओवी वैन के लिए संघर्ष होता था, लेकिन आज, मोबाइल फोन ही ओवी वैन बन गया है। आज हर किसी के पास अपना मंच है, अपना चैनल है और अपना पाडकास्ट है। जैसे पहले भारत में हर गली में क्रिकेट विशेषज्ञ मिलने की बात कही जाती थी, उसी तरह से आजकल हर गली में हर खबर पर विशेषज्ञ उपलब्ध हैं।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में जिस तरह बिना सटीक जानकारी के विचार परोसे जा रहे हैं, वह कभी-कभी खतरनाक भी होता है। विभिन्न मंचों पर ऐसे पनपते तथाकथित मीडिया को लेकर चिंता भी जताई जा रही है।

बहरहाल प्रधानमंत्री ने भारतीय लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखने में मीडिया की सराहना करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में भी हमारे फील्ड रिपोर्टर बाढ़, तबाही, भूकंप से लेकर सभी जगह पर कवरेज के लिए मौके पर पहुंचते हैं।

मोदी ने मीडिया में खबरों की डेडलाइन के फायदे गिनाते हुए कहा कि इसी तरह से सरकार ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए 2047 की डेडलाइन तय कर दी है। उन्होंने डेडलाइन पूरा करने में मीडिया से समर्थन मांगा।

उन्होंने कहा कि 2047 से पहले भी इसे हासिल किया जा सकता है। सकारात्मक रूप से हर क्षेत्र में लगने की जरूरत है। 2014 से अब तक 12 वर्षों में आए परिवर्तन को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया को भी भारत की खबरों पर केंद्रित होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मीडिया की भूमिका अहम होती है। पहले भी कई अभियानों में मीडिया ने योगदान दिया। अब भारत को नशा मुक्त बनाने में उसी उर्जा की जरूरत है।

महराजगंज में सीएम डैशबोर्ड की बैठक से गायब रहे अधिकारी:सीडीओ ने एक्सईएन को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया

महराजगंज में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में बिजली विभाग का कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। इस पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) महेंद्र कुमार सिंह ने सदर के अधिशासी अभियंता को स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, नेडा, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उद्यान और मत्स्य विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री युवा अभियान की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने सहायक आयुक्त उद्योग को बैंकों के साथ समन्वय बनाकर लंबित ऋण आवेदनों का निस्तारण कराने और पात्र लोगों को ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जल निगम ग्रामीण और आईसीडीएस विभाग को भी निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा करने और कामकाज में सुधार लाने को कहा गया। सीडीओ ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि जिले की रैंकिंग प्रभावित न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर किसी भी योजना का प्रदर्शन सी या डी श्रेणी में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में डीडीओ बीएन कन्नौजिया, डीएसटीओ निरंकार, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा और जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी कन्हैया यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

दुबौलिया बाजार में लक्ष्मी प्रतिमा का विसर्जन:श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला

दुबौलिया बाजार में लक्ष्मी पूजा विसर्जन का आयोजन धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूजा-अर्चना के बाद मां लक्ष्मी की प्रतिमा को विधि-विधान के साथ विसर्जन के लिए ले जाया गया। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ मां को विदाई दी और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में कस्बे के राजू, धीरज कसौधन, विनय चौहान, अखिलेश सोनकर, शुभम अग्रहरी, राकेश मद्धेशिया, सुजीत मद्धेशिया, सोनी लाल, राहुल सोनी, शिवम कसौधन सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सचिन मद्धेशिया, सुजीत मद्धेशिया, राजू एवं धीरज कसौधन रहे। आयोजन को सफल बनाने में सभी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का सराहनीय सहयोग रहा।

‘माइनो की मनोहर कहानियां’, BJP ने सोनिया गांधी की किताब को कांग्रेस के कुकर्मों पर पर्दा डालने की कोशिश बताया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने गुरुवार को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा को लेकर तीखा हमला बोला। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि उनकी किताब गांधी परिवार की ऐतिहासिक गलतियों और विवादों को छिपाने तथा इतिहास को नए सिरे से पेश करने का प्रयास है।

भाजपा सांसद तरुण चुग ने कहा कि सोनिया गांधी की किताब आत्मकथा से ज्यादा गांधी परिवार की बड़ी गलतियों और कथित कुकर्मों पर पर्दा डालने की कोशिश लगती है। ऐसा लगता है कि किसी घोस्टराइटर (दूसरे लेखक) से लिखवाई गई माइनो की मनोहर कहानियां देश के सामने पेश कर दी गई हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि किताब में आपातकाल को केवल एक गलती बताकर लाखों लोगों की गिरफ्तारी, प्रेस पर सेंसरशिप, संविधान के उल्लंघन और लोकतंत्र के दमन जैसे गंभीर मुद्दों को नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने कहा कि यह किताब 1984 में श्री हरिमंदिर साहिब में हुए सैन्य ऑपरेशन पर पूरी तरह खामोश है, जिसके घाव आज भी ताजा हैं।

वहीं, भाजपा के केरलम प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के संदर्भ में सोनिया गांधी की टिप्पणियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि किताब में इन घटनाओं की जिम्मेदारी दूसरे पक्षों पर डालने का प्रयास किया गया है।

भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने इसे व्यक्तिगत संस्मरण के बजाय राजनीतिक टिप्पणी करार दिया। उधर, जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने किताब में नीतीश कुमार पर की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए इसे कांग्रेस नेतृत्व की हताशा बताया।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)

सड़क हादसे में घायलों की मदद करने की अपील:श्रावस्ती में छात्रों को राह-वीर योजना की जानकारी दी; जान बचाने वालों को प्रोत्साहन राशि मिलती है

श्रावस्ती पुलिस ने यातायात माह नवंबर के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। सोनवा थाना क्षेत्र के एसकेएस इंटर कॉलेज, चंद्रखाबुजुर्ग में छात्र-छात्राओं को यातायात नियम बताए गए और सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को शासन की ‘राह-वीर योजना’ की जानकारी दी। बताया कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद कर उसकी जान बचाने वालों को प्रोत्साहन राशि दी जाती है। पुलिस ने छात्रों से अपील की कि हादसा देखकर मुंह न मोड़ें और घायलों की मदद के लिए आगे आएं। विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, तय गति सीमा में वाहन चलाने, नशे में ड्राइविंग से बचने और यातायात संकेतों का पालन करने की जानकारी दी गई। पंपलेट बांटे गए। छात्रों ने खुद नियमों का पालन करने और परिवार व आसपास के लोगों को जागरूक करने की शपथ ली। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह और क्षेत्राधिकारी यातायात आलोक कुमार सिंह ने इसकी निगरानी की। प्रभारी यातायात मो. शमीम ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया।