Home Blog Page 126

राप्ती नदी किनारे महिलाओं ने मंच चिंता की पूजा की:बांद्रा बाबा कुट्टी पर परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मांगा आशीर्वाद

जमुनहा में गुरुवार को महिलाओं ने राप्ती नदी किनारे मंच चिंता की पूजा की। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। पूजा भिनगा-मल्हीपुर मार्ग पर बांद्रा बाबा कुट्टी के पास हुई। यह जगह थाना मल्हीपुर क्षेत्र में है। महिलाएं सुबह से पूजा की तैयारी में जुटी थीं और पूजन सामग्री लेकर नदी किनारे पहुंचीं। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना की और परिवार की मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। पूजा में शामिल महिलाओं ने श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया।

‘BJP-RSS ने सोनिया गांधी के बारे में जीवनभर झूठ बोला’, प्रियंका गांधी ने ‘व्हाइटवॉशिंग’ वाली टिप्पणी का दिया जवाब

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज गुरुवार को अपनी मां और पूर्व AICC प्रमुख सोनिया गांधी का बचाव किया। उन्होंने अपनी मां की किताब ‘बिलॉन्गिंग (Belonging)’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बयान पर निशाना साधा है।

प्रियंका गांधी ने हाल ही में जारी सोनिया गांधी की संस्मरण (यादों की किताब) के बारे में बात कर रही थीं। उन्होंने कहा, ‘सोनिया गांधी के बारे में BJP-RSS ने जीवनभर झूठ बोला है।’

प्रियंका गांधी ने सोनिया गांधी का किया बचाव

वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, ‘भारत में मेरी मां के जीवन के एक बड़े हिस्से के दौरान, BJP-RSS और कई अन्य लोगों ने उनके बारे में जो चाहा, वह कहा।’

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, ‘उन्होंने झूठ बोले, मनगढ़ंत कहानियां बनाईं और पूरी तरह से झूठी बातें गढ़ीं, जबकि मेरी मां चुप रहीं। अब वह अपनी कहानी बता रही हैं। उन्हें अपनी कहानी बताने का पूरा अधिकार है।’

प्रियंका अपनी मां की किताब पर BJP की प्रतिक्रिया को लेकर पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रही थीं। उन्होंने आगे कहा, ‘वे इतने लंबे समय से मेरी मां के बारे में झूठ बोलते रहे हैं। अब वह सच बता रही हैं, तो जाहिर है कि वे यही कहेंगे कि (यह झूठ है)। वे और कह भी क्या सकते हैं? खैर, मुझे बहुत खुशी है कि वे उनकी किताब पढ़ रहे हैं।’

BJP ने सोनिया गांधी पर साधा निशाना

बीजेपी ने मंगलवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर आरोप लगाया था कि उन्होंने अपनी किताब में 1975 में आपातकाल (इमरजेंसी) लगाने को ‘सही ठहराने’ की कोशिश की है। साथ ही, 1984 के सिख-विरोधी दंगों के मामले में अपने दिवंगत पति राजीव गांधी को ‘क्लीन चिट’ दी है। 

छठ महापर्व में घाटों पर स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण:सिसवा में तैयारियां तेज, अध्यक्ष प्रतिनिधि ने घाटों का निरीक्षण कर दिए स्वच्छता के निर्देश

लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर सिसवा नगर पालिका परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उन्हें स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित वातावरण मिल सके, इसके लिए नगर पालिका प्रशासन ने तैयारियों को गति दे दी है। इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने पोखरा टोला (इस्टेट चौराहा), श्रीराम जानकी मंदिर, सबया, कोठीभार सहित नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गिरजेश जायसवाल ने स्पष्ट निर्देश दिया कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। घाटों के आसपास फैली गंदगी को पूरी तरह हटाने के साथ ही पूजा स्थलों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा, पवित्रता और लोकमंगल का अनुपम पर्व है। इसमें व्रती महिलाएं कठिन व्रत रखकर भगवान सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना करती हैं। ऐसे में पूजा स्थलों की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों पर साफ-सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। घाटों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक स्वरूप देने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए, ताकि व्रती महिलाओं को पूजा-अर्चना और अर्घ्य अर्पित करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। नगर पालिका प्रशासन की इस पहल से छठ महापर्व की तैयारियों को गति मिली है। निरीक्षण के दौरान भगवन्त प्रसाद, सत्यनारायण चौहान, अमर जायसवाल सहित अन्य लोग और नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।

खड़ी बस से टकराकर बुलेट सवार घायल:विक्रमजोत में 108 एंबुलेंस नहीं मिली, ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया; मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर

बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र के शंकरपुर में बुधवार, 12 नवंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बुलेट सवार खड़ी बस से टकरा गए। हादसा अयोध्या-बस्ती लेन पर शुभम् स्वीट हाऊस के सामने सुबह करीब 11 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, बस सवारी उतारने के लिए सड़क पर खड़ी थी। इसी दौरान अयोध्या की ओर से आ रहे बुलेट सवार बस से भिड़ गए और सड़क पर गिर पड़े। उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायल को सड़क से हटाया और अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 पर फोन किया। बताया गया कि फोन पर सभी एंबुलेंस व्यस्त होने की बात कही गई और इंतजार करने को कहा गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने ई-रिक्शा बुलाया और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान गोरखपुर निवासी दान बहादुर यादव, पुत्र जीवन दास यादव, के रूप में हुई है। बुलेट का नंबर यूपी 16 एई 3088 बताया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि 108 एंबुलेंस बाद में सड़क पर घूमती हुई दिखी।

16 साल तक फरार रहा सड़क दुर्घटना का आरोपी, 300 KM का पीछा कर केरलम पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दबोचा

डिजिटल डेस्क, पट्टनक्कड। केरल के तटीय जिले में 2010 में हुए एक सड़क हादसे के एक आरोपी को 16 साल तक फरार रहने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई थी। इस बात की जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी।

केरलम पुलिस ने एक बयान में कहा कि आरोपी पिछले 16 साल से तमिलनाडु में छिपा हुआ था। हाल ही में जब वह केरल लौटा तो थन्नेरमुक्कम बंड रोड के पास पट्टनक्कड पुलिस थाने की एक टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

दीपावली वाले दिन मिली आरोपी के पहुंचने की सूचना

पुलिस के अनुसार, 2010 में थुंबोली के पास आरोपी द्वारा चलाई जा रही एक गाड़ी की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई थी। बयान में कहा गया है कि दीपावली के दिन पुलिस को आरोपी के बारे में सूचना मिली। वह एक फर्जी नाम और पते पर रह रहा था।

जिला पुलिस प्रमुख के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें चेरथला के डीएसपी मंजूलाल, पट्टनक्कड़ के एसआई डोमिनिक मैथ्यू, एसआई रतीश और वरिष्ठ सिविल पुलिस अधिकारी अरुण कुमार शामिल थे।

वापस तमिलनाडु भागने की थी तैयारी

बयान के अनुसार, जब आरोपी पट्टानक्कड़ इलाके के पास मौजूद था तो उसको एहसास हुआ कि पुलिस उसका पीछा कर रही है। उसने चंगनासेरी, तिरुवल्ला, पाला, एराट्टुपेट्टा, वागामोन और कुमिली के रास्ते तमिलनाडु वापस भागने की कोशिश की लेकिन पट्टानक्कड़ पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर वागामोन और कुमिली पुलिस थानों ने सीमाओं पर चेकिंग बढ़ा दी।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने उन रास्तों को छोड़ दिया और कोट्टायम जिले में वेचूर-कलारा सड़क के रास्ते भागने की कोशिश की। बयान में कहा गया है कि पट्टानक्कड़ पुलिस टीम ने लगभग 300 किलोमीटर तक उसका पीछा किया, जिस गाड़ी में वह सफर कर रहा था उसे रोका और उसे काबू में कर लिया।

नासिरगंज में अय्यामे फातिमा के पांच दिन शुरू:मोहर्रम की तरह गम और अकीदत के साथ होंगे मजहबी कार्यक्रम

श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक के नासिरगंज कस्बे में अय्यामे फातिमा शुरू हो गया है। शिया अकीदतमंद पांच दिनों तक मजलिस, मातम और दूसरे मजहबी कार्यक्रम करेंगे। इसे मोहर्रम की तरह गम और अकीदत के साथ मनाया जाएगा। अय्यामे फातिमा में पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा (सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम) की बेटी हजरत फातिमा जहरा (स.अ.) की शहादत को याद किया जाता है। वह हजरत अली (अ.स.) की पत्नी और इमाम हुसैन (अ.स.) की मां थीं। मजलिसों में हजरत फातिमा जहरा की जिंदगी, सीरत और इस्लाम के लिए उनके योगदान पर बात होगी। मरसिया और नौहा के जरिए उन्हें याद किया जाएगा। अकीदतमंद मातम कर अपनी श्रद्धा पेश करेंगे। पांच दिन के कार्यक्रम के लिए कस्बे के इमामबाड़ों और मजलिस स्थलों पर इंतजाम किए जा रहे हैं। अकीदतमंद मजलिसों में शामिल होकर हजरत फातिमा जहरा को खिराज-ए-अकीदत पेश करेंगे।

सिक्किम में भूकंप के झटके से दशहत में लोग, रिक्टर स्केल पर 4.9 रही तीव्रता

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सिक्किम-नेपाल क्षेत्र में गुरुवार की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप के झटके 4.9 तीव्रता के रहे। ये झटके राजधानी गंगटोक सहित पश्चिम सिक्किम के कुछ हिस्सों में हल्के महसूस किए गए।

खबर लिखे जाने तक किसी तरह के नुकसान या जान-माल के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है।

पूर्वी इलाकों में भी हल्के झटके हुए महसूस

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, यह मध्यम तीव्रता का भूकंप सुबह 4:30 बजे आया। इसका केंद्र पश्चिम सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में युक्सोम से लगभग 40 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था। एनसीएस ने बताया कि यह भूकंप 73 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया, जो 27.671 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.987 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। पश्चिम सिक्किम के कई इलाकों के साथ-साथ पूर्वी सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी हल्के झटके महसूस किए गए, जिसमें राज्य की राजधानी भी शामिल है।

घरों से बाहर निकले लोग

बता दें कि भूकंप के झटके से लोग दहशत में आ गए। झटके लगने पर लोग घरों से बाहर आ गए। 

बागापार-बनहिया मार्ग पर पुल का काम महीनों से अधूरा:धीमी गति से चल रहे निर्माण से राहगीरों को परेशानी, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से काम तेज कराने की मांग की

महराजगंज के सदर तहसील क्षेत्र में बागापार से बनहिया और शंकरपुर जाने वाले मार्ग पर पुल का निर्माण कई महीनों से अधूरा है। सिंचाई विभाग की ओर से चल रहे काम की धीमी गति से राहगीरों और स्थानीय लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण पूरा नहीं होने से रोजाना आवागमन में दिक्कत आती है। देरी को लेकर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। दीपक जायसवाल, रामहरख साहनी, रणविजय चौधरी, अशोक कुमार, हरेंद्र गौतम, अवधराज प्रजापति, रामकुमार मौर्य और राजू मौर्य सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन से काम तेज कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग जनहित को देखते हुए पुल का निर्माण जल्द पूरा करे, ताकि लोगों को आने-जाने में हो रही परेशानी से राहत मिले।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने गन्ना-किसानों से सप्लाई रोकने की अपील की:बस्ती में 600 रुपए प्रति क्विंटल दाम की मांग, सरकार और चीनी मिलों से कीमत बढ़ाने को कहा

बस्ती के कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के गौर ब्लॉक के बरगदवा गांव के निवासी राहुल सिंह ने गन्ना किसानों से सप्लाई रोकने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब तक गन्ने का दाम 600 रुपए प्रति क्विंटल नहीं होता, किसान चीनी मिलों को गन्ना न दें। राहुल सिंह समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने सरकार और चीनी मिलों से गन्ने का दाम बढ़ाने की मांग की है। सिंह ने कहा कि खेत की जुताई, बीज, दवा, खाद और मजदूरी की लागत बढ़ रही है। उनके मुताबिक, किसानों के हित और मेहनत को देखते हुए गन्ने की कीमत बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से किसानों के हित में जल्द फैसला लेने की मांग की। सिंह ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर वे किसानों के हित में आंदोलन करेंगे।

राजस्थान-इलाहाबाद HC के फर्जी आदेश पर सरकारी विभाग ने ब्लॉक की 129 वेबसाइट, रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अदालती आदेशों के आधार पर 129 वेबसाइटों को ब्लॉक कर दी गई थीं लेकिन अब पता चला है कि वे आदेश फर्जी थे। एक जांच से खुलासा हुआ है कि राजस्थान और इलाहाबाद उच्च न्यायालयों के नाम से जारी किए गए दो कथित आदेश जाली थे।

इनका मकसद दूरसंचार विभाग (DoT) को गुमराह करना था ताकि वह इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को उन वेबसाइटों को ब्लॉक करने का निर्देश दे दे। DoT ने 21 जुलाई और 2 सितंबर को ब्लॉकिंग के निर्देश जारी किए। ये निर्देश उसे सौंपे गए कथित अदालती आदेशों के आधार पर जारी किए गए थे। इन दोनों निर्देशों के साथ ईमेल के जरिए कुछ दस्तावेजों की प्रतियां भी भेजी गई थीं, जो संबंधित उच्च न्यायालयों द्वारा जारी किए गए आदेशों जैसी लग रही थीं।

ऑफिशियल रिकॉर्ड की जांच में हुआ खुलासा

हालांकि, दोनों न्यायालयों के आधिकारिक रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि इनमें से कोई भी आदेश दर्ज ही नहीं किया गया था। इन खुलासों ने न्यायिक आदेशों को गढ़ने और वेबसाइटों को निशाना बनाने के लिए एआई और जाली अदालती मुहरों के उपयोग के साथ-साथ वेबसाइट-ब्लॉकिंग निर्देश जारी करने से पहले केंद्र सरकार के भीतर मौजूद सत्यापन तंत्रों पर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

रॉयटर्स के अनुसार, दोनों जाली आदेशों पर नीले रंग की अदालती मुहरें लगी थीं, जिन पर भारत का राष्ट्रीय प्रतीक अंकित था। ये मुहरें बिल्कुल असली अदालती दस्तावेजों पर लगी मुहरों जैसी दिखती थीं।

फर्जी ऑर्डर में क्या था?

राजस्थान हाई कोर्ट के नाम से जारी किया गया एक फर्जी आदेश 19 जुलाई को रात 8:59 बजे DoT को ईमेल किया गया था, जिसमें अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था। इस पर आर्यन चौधरी नाम के व्यक्ति के हस्ताक्षर थे, जिसे एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड बताया गया था।

राजस्थान हाई कोर्ट ने पुष्टि की है कि यह आदेश फर्जी था और उनके सर्वर पर ऐसा कोई दस्तावेज मौजूद नहीं था। अदालत इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने पर भी विचार कर रही है। इस फर्जी आदेश के आधार पर दूरसंचार विभाग ने 21 जुलाई को इंटरनेट कंपनियों को 34 सट्टेबाजी वेबसाइटों को ब्लॉक करने का निर्देश दिया।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने यह भी पाया कि वेबसाइटों को हटाने के एक और दौर के लिए उसके नाम पर जारी किया गया कथित आदेश फर्जी था। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद 6 नवंबर को अदालत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जालसाजी और धोखाधड़ी के आरोपों में अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।

इलाहाबाद हाई कोर्ट का कथित आदेश 14 अगस्त का था और इसका हवाला देकर जुए से जुड़ी 95 वेबसाइटों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। जब रॉयटर्स ने इस आदेश के बारे में अदालत प्रशासन से स्पष्टीकरण मांगा तो अधिकारियों ने पाया कि यह फर्जी था।

जब यह मामला इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के संज्ञान में लाया गया तो रजिस्ट्रार जनरल और न्यायालय के कंप्यूटर अनुभाग को दस्तावेज की प्रमाणिकता की जांच करने का काम सौंपा गया।

सिस्टम मैनेजर अरिंदम लाहिड़ी ने कोर्ट के डिजिटल सर्वर और डेटाबेस की जांच की और 3 नवंबर, 2026 को एक रिपोर्ट सौंपी। इस रिपोर्ट से पता चला कि कथित आदेश में जिस मामले रिट याचिका संख्या 30480/2026 का जिक्र किया गया था वह कोर्ट के रिकॉर्ड में मौजूद ही नहीं था और उसे कभी दर्ज भी नहीं किया गया था।

रिपोर्ट में यह भी पाया गया कि 14 अगस्त, 2026 की तारीख के लिए (जिस दिन कथित तौर पर यह आदेश जारी किया गया था) अदालत के पोर्टल पर ऐसा कोई आदेश अपलोड नहीं किया गया था। रॉयटर्स के अनुसार, संबंधित जज के निजी सचिव ने भी लिखित रूप में पुष्टि की कि जज ने कभी ऐसा कोई फैसला या आदेश नहीं दिया था।

अदालत ने दिया कार्रवाई का निर्देश

जांच में एक सोची-समझी कोशिश का पता चला, जिसका मकसद फर्जी आदेश को असली दिखाना था। दूरसंचार विभाग के पत्राचार से संकेत मिला कि एक व्यक्ति ने वकील बनकर विभाग को फर्जी दस्तावेज ईमेल किया था, जिसमें 95 वेबसाइटों को ब्लॉक करने की मांग की गई थी।

अदालत की आंतरिक जांच में जालसाजी की पुष्टि होने के बाद रजिस्ट्रार जनरल ने मुख्य न्यायाधीश के निर्देशों पर अमल करते हुए 5 नवंबर को पुलिस कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। हाई कोर्ट के संयुक्त रजिस्ट्रार (सिविल) की लिखित शिकायत के बाद 6 नवंबर को प्रयागराज के कैंट पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

प्रयागराज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(2), 336(2), 336(3), 337, 338 और 340(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इन धाराओं में धोखाधड़ी, जालसाजी और जाली दस्तावेजों को असली बताकर इस्तेमाल करने से जुड़े अपराध आते हैं। इसके साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं को भी इसमें शामिल किया गया है।

इन दो जाली अदालती आदेशों के परिणामस्वरूप जुए से जुड़ी 129 वेबसाइटों को ब्लॉक कर दिया गया।

यह भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल के नहीं बढ़े हैं दाम, सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा आदेश फर्जी