Home Blog Page 141

पटना-बीरगंज मार्ग पर नाले का ढक्कन टूटा:राहगीरों और वाहन चालकों को खतरा, स्थानीय लोगों ने मरम्मत की मांग की

जमुनहा विकासखंड की ग्राम पंचायत पटना से बीरगंज कस्बे जाने वाले मुख्य मार्ग पर नाले का ढक्कन बीच से टूट गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह बीरगंज कस्बे जाने का प्रमुख रास्ता है। रोज बड़ी संख्या में लोग बाजार आने-जाने के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर जाने वाले मरीज और उनके तीमारदार भी इसी मार्ग से गुजरते हैं। लोगों का कहना है कि रात में अंधेरे के कारण टूटे ढक्कन का पता लगाना मुश्किल होता है। यह समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर नहीं गया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों से टूटे ढक्कन की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि रास्ते से गुजरने वालों को परेशानी न हो और हादसे से बचा जा सके।

अवैध कारोबार के खिलाफ डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह पर 13 हजार ई-सिगरेट जब्त

पीटीआई, नई दिल्ली। अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने मुंबई के जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह (जेएनपीटी) या न्हावा शेवा बंदरगाह पर करीब 13 हजार ई-सिगरेट जब्त की हैं। इनकी कीमत चार करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। भारत में इलेक्ट्रानिक सिगरेट पर प्रतिबंध है।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 में डीआरआई ने महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और बंगाल में करीब 3,55,000 ई-सिगरेट जब्त की हैं। इनकी कीमत 135 करोड़ रुपये से अधिक है।

अन्य कार्रवाई में डीआरआई अधिकारियों ने कोलकाता हवाईअड्डे पर विदेश भेजी जा रही 3.12 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा जब्त की और इस मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार किया। आरोपित छह नवंबर को बैंकॉक जा रहे थे।

तलाशी में डॉलर और पाउंड समेत विदेशी मुद्रा मिली, जिसे नोटबुक, ट्राली बैग, जूतों और कपड़ों में छिपाया गया था।

अन्य कार्रवाई में, डीआरआई अधिकारियों ने पांच नवंबर को दिल्ली से भोपाल जा रही बस में यात्री के बैग से 6.642 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया।

वहीं अन्य कार्रवाई में असम में हाथी के दो दांत जब्त किए गए। इनका कुल वजन करीब 3.7 किलोग्राम है।

बहादुरी बाजार में लक्ष्मी विसर्जन यात्रा निकली:रंग-बिरंगी रोशनी से सजी यात्रा में कोल्हुई पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था

महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र के बहादुरी बाजार में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा में श्रद्धालु शामिल हुए। सजावट और रंग-बिरंगी लाइटें लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कोल्हुई पुलिस सुरक्षा में तैनात रही। उपनिरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक आरसी वरुण, कांस्टेबल संतोष कुमार सक्सेना और संदीप मौर्य सहित पुलिस बल ने सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली।
पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित किया और व्यवस्था बनाए रखी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मुस्तैदी और सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की। पुलिस के सहयोग से यात्रा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

पिकअप की टक्कर से दिव्यांग व्यक्ति की मौत:बस्ती में जिनवा चौराहे के पास सड़क पार करते समय हादसा

बस्ती के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में जिनवा चौराहे के पास मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे लोडर की टक्कर से नंदलाल पाल (38) की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल नंदलाल को पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सल्टौआ ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाजार जाते समय हुआ हादसा नंदलाल पाल, राम फेर के बेटे थे और ग्राम पकड़ी भीखी के निवासी थे। वह एक हाथ से दिव्यांग थे। मंगलवार को वह निजी काम से जिनवा चौराहा बाजार गए थे। सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सल्टौआ पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जरूरी कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नंदलाल के दो बेटे हैं। बड़े बेटे अनुराग की उम्र 12 साल और छोटे बेटे अनुमोल की उम्र 11 साल है। उनकी मौत से परिवार में शोक है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

केरलम: मालाबार एक्सप्रेस में महिला का यौन उत्पीड़न, विरोध करने पर पीटा

पीटीआई, तिरुअनंतपुरम। केरलम में मालाबार एक्सप्रेस के अंदर 25 वर्षीय महिला का एक व्यक्ति ने यौन उत्पीड़न किया। महिला ने जब उसे पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो उसने उसकी पिटाई कर दी। महिला ने दावा किया कि अगर लोग बीचबचाव नहीं करते तो आरोपित उसकी हत्या कर देता।

तिरुअनंतपुरम के एक बड़े अस्पताल में काम करने वाली महिला ने पत्रकारों से कहा कि अगर ट्रेन चल रही होती और यह घटना उसके अंदर हुई होती, तो वह मुझे ट्रेन से नीचे धकेल देता।

थंपानूर रेलवे पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि 39 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 75 (यौन उत्पीड़न), 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 125 (गलत तरीके से रोकना) के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

महिला रोज की तरह तिरुअनंतपुरम में काम पर जाने के लिए चिरयिनकीझु से ट्रेन में चढ़ी थी। आरोपित लगातार उसे अनुचित तरीके से छूता रहा। पेट्टा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय महिला ने कहा कि वह पुलिस में शिकायत करेगी।

इस पर आरोपित ने महिला को पीटा, जिससे वह प्लेटफार्म पर बेहोश होकर गिर गई। यह देखकर प्लेटफार्म पर मौजूद लोगों ने बीचबचाव किया, आरोपित को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।

बहोरवा में वित्तीय साक्षरता बैठक हुई:उमा शर्मा ने 28 महिलाओं को बचत, बैंक खाते और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी

10 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत बहोरवा में महिलाओं के लिए वित्तीय साक्षरता बैठक हुई। इसमें 28 महिलाएं शामिल हुईं। ट्रेनर उमा शर्मा ने बैठक का संचालन किया। उन्होंने महिलाओं को घर के खर्च से पैसे बचाकर बैंक में जमा करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थोड़ी-थोड़ी बचत भविष्य में मददगार होती है। महिलाओं को बैंक खाता खोलने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और पैसे सुरक्षित रखने के बारे में भी बताया गया। साथ ही, फिजूल खर्च से बचने, जरूरत और दिखावे में अंतर समझने और पैसे सही जगह लगाने पर चर्चा हुई। महिलाओं ने अपने सवाल पूछे। ट्रेनर ने सरल भाषा में उनके जवाब दिए। बैठक में महिलाओं ने बचत करने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का संकल्प लिया।बैठक बहोरवा में हुई। इसकी रिपोर्ट मीना यादव ने दी।

कंगना रनौत का सोनिया गांधी पर साधा निशाना, बताया ‘रहस्यमयी विदेशी’; मेनका गांधी को घर से निकालने का लगाया आरोप

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने ‘बिलांगिंग: अ जर्नी आफ लव’ के जारी होने के बाद राजनीतिक हलचल के बीच सोनिया गांधी पर कई आरोप लगाए। उन्होंने ‘रहस्यमयी विदेशी नागरिक’ सोनिया गांधी की राजनीतिक बढ़त पर सवाल उठाए और मेनका गांधी को घर से निकालने का आरोप लगाया।

भाजपा सांसद कंगना ने मंगलवार को इंस्टाग्राम स्टोरी में बताया कि उन्होंने अपनी फिल्म ‘इमरजेंसी’ के लिए गांधी परिवार पर काफी शोध किया था। उन्हें यह बात अजीब लगी कि सोनिया गांधी के आने के बाद संभावित उत्तराधिकारी—इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी—एक के बाद एक चल बसे और उनके अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।

‘क्वीन’ की अभिनेत्री ने कहा कि घटनाओं के इस क्रम में ‘कुछ ज्यादा ही संयोग’ नजर आते हैं। कंगना ने लिखा, “हर कोई एनवीडिया हनी ट्रैप विवाद की बात कर रहा है। यह बात भी अजीब लगी कि सोनिया गांधी की राजीव गांधी से एक कैफे में अचानक मुलाकात हुई और वह ताकतवर गांधी परिवार का हिस्सा बन गईं।

‘इमरजेंसी’ के लिए मैंने भारतीय राजनीति और गांधी परिवार पर काफी शोध किया। मुझे मानना पड़ेगा कि एक बात मेरी समझ में कभी नहीं आई—गांधी परिवार में गद्दी के सभी संभावित उत्तराधिकारी मारे जाते हैं और गद्दी के लिए सहानुभूति के आधार पर एकमात्र विकल्प बचती हैं, वही विदेशी नागरिक सोनिया गांधी।

लोगों ने यह भी नहीं सोचा कि इसमें कुछ ज्यादा ही संयोग थे। उस विदेशी महिला ने खुलेआम विदेशी एजेंडों को बढ़ावा दिया और आतंकियों के लिए घड़ियाली आंसू बहाए, फिर भी वह दशकों तक सरकार का नेतृत्व करने में कामयाब रहीं—जब तक कि 2014 नहीं आ गया।”

कंगना ने इंस्टाग्राम पर एक और पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने संजय गांधी के निधन के बाद मेनका गांधी को घर से निकालने का आरोप भी सोनिया गांधी पर लगाया।

उन्होंने लिखा,”छोटे बेटे संजय को इंदिरा गांधी औपचारिक रूप से तैयार कर रही थीं, लेकिन उनकी रहस्यमयी मौत हो गई। उनकी युवा और कमजोर विधवा मेनका को मनमाने कारणों से उनके घर से निकाल दिया गया। वह बाकी सभी लोगों के मारे जाने से ठीक पहले रास्ते से हटा दी गईं। और उसके कुछ ही समय बाद सास और पति की भी एक के बाद एक हत्या कर दी गई।”

पोस्ट के अंत में कंगना ने कहा कि संजय, इंदिरा और राजीव के निधन के बाद ‘रहस्यमयी विदेशी’ सोनिया गांधी सुविधाजनक रूप से सरकार की प्रमुख बन गईं। संस्मरण जारी होने से पहले गांधी परिवार का एक पुराना वीडियो भी सामने आया था। इसमें परिवार के सदस्य साथ खाना खाते और चुनाव नतीजों पर चर्चा करते दिखे।

इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने कहा कि ऐसा लगता है सोनिया सब पर नियंत्रण रखती थीं, जबकि पति की मौत के बाद मेनका पूरी तरह उपेक्षित नजर आती थीं।

सिसवा मुंशी पुलिस ने बंजारा बस्ती में मनाई दीपावली:चौकी प्रभारी ने बच्चों को दीपक, मोमबत्तियां, मिठाई और उपहार बांटे

दीपावली के अवसर पर सिसवा मुंशी पुलिस ने चौराहे के पास बंजारा बस्ती में बच्चों और परिवारों के साथ त्योहार मनाया। चौकी प्रभारी रूपेश पाल पुलिसकर्मियों के साथ वहां पहुंचे और बच्चों को दीपक, मोमबत्तियां, मिठाई और उपहार दिए। पुलिसकर्मियों को अपने बीच पाकर बस्ती के बच्चे और परिवार खुश हुए। इस मौके पर सिसवा मुंशी चौकी के हेड कांस्टेबल समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। रूपेश पाल ने कहा कि जरूरतमंद लोगों के साथ खुशियां बांटने से उन्हें आत्मिक सुख और संतुष्टि मिलती है। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम लोगों के बीच विश्वास और सहयोग जरूरी है। पुलिस जनता की सुरक्षा और मदद के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच सहयोग से इलाके में अपराध रोकने में मदद मिलती है। रूपेश पाल ने लोगों से अपील की कि त्योहारों की खुशियां गरीब और असहाय परिवारों के साथ भी बांटें।

बस्ती में हिट एंड रन में बाइक सवार घायल:जिला अस्पताल रेफर, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पहुंचाया अस्पताल

मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे दुबौली दूबे के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से ओम यादव घायल हो गए। उनका दाहिना पैर क्षतिग्रस्त हो गया। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
ओम, विश्वनाथ यादव के पुत्र हैं और ग्राम मझा खुर्द के निवासी हैं। हादसे के बाद ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी मौके पर पहुंचे।
डॉ. त्रिपाठी ने ओम को अपने निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कलवारी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

ऑपरेशन ब्लू स्टार से गुजरात दंगो तक: सोनिया गांधी की किताब ने खोले विवादों के अध्याय, आत्मकथा की बड़ी बातें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी संस्मरणात्मक पुस्तक ‘बिलान्गिंग : ए जर्नी आफ लव’ में विभिन्न घटनाओं, मुद्दों, नेताओं और निकट संबंधियों पर जो कुछ अपने नजरिये से लिखा है उससे कुछ नई जानकारी सामने आने के साथ ही विवादों का पिटारा भी खुल गया है।

उनके संस्मरण के कुछ अंशों पर भाजपा ने उन्हें और कांग्रेस को सवालों के साथ घेरना शुरू कर दिया है।

कांग्रेस नेता भी भाजपा की आपत्तियों पर पलटवार कर रहे हैं। अपने संस्मरण में सोनिया ने ऑपरेशन ब्लू स्टार से लेकर सिख विरोधी दंगों व गुजरात दंगों और संप्रग के दौर के शासनकाल को जिस तरह पेश किया है, उसे लेकर भाजपा के साथ आम आदमी पार्टी (आप) ने भी उन पर तीखा हमला बोला है।

सोनिया ने लिखा है कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद स्वर्ण मंदिर की तस्वीरें और वीडियो देखकर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आंखों से आंसू छलक आए थे। 1984 में सिख विरोधी दंगों को रोकने में कार्रवाई में देरी को लेकर कांग्रेस की आलोचनाओं का बचाव करते हुए उन्होंने लिखा है कि तत्कालीन सेना प्रमुख ने नजदीकी सैन्य टुकड़ियों को तैनात नहीं करने का फैसला किया था।

गुजरात दंगों के संदर्भ में उन्होंने कहा है कि उस दौरान एक व्यक्ति ने रोते हुए मदद मांगी थी और उसकी फरियाद ने उन्हें झकझोर कर रख दिया था। सोनिया के इस संस्मरण की कुछ बातें लंबे समय तक राजनीतिक चर्चा के केंद्र में रह सकती हैं और उनका असर आगामी विधानसभा चुनावों में भी दिखाई दे सकता है।

सोनिया ने संस्मरण में कहा है कि वर्ष 1984 में ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को इस बात का गहरा दुख था कि स्वर्ण मंदिर में सैन्य कार्रवाई का अंत इतने बड़े रक्तपात और जानमाल के नुकसान के साथ हुआ।

उन्होंने पंजाब में ऑपरेशन ब्लू स्टार से जुड़ी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी शिरोमणि अकाली दल के नेताओं के साथ पंजाब में शांति का रास्ता तलाशती रही थीं। जनवरी 1984 में स्वर्ण मंदिर के बाहर एक इमारत पर खालिस्तानी झंडा फहराया गया था।

भिंडरावाले और उसके सहयोगी 15 अगस्त को स्वर्ण मंदिर पर खालिस्तानी झंडा फहराकर अलग देश की घोषणा करने की योजना बना रहे थे। अंततः अनिच्छा के बावजूद उन्होंने सेना को ऑपरेशन ब्लू स्टार शुरू करने का आदेश दिया। ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इंदिरा गांधी की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ गया था।

उन्होंने बच्चों को शाम के बाद बाहर खेलने से मना किया था, लेकिन अपने सुरक्षा दस्ते से सिख सुरक्षाकर्मियों को हटाने से इन्कार कर दिया था। उनका मानना था कि धर्म के आधार पर किसी के साथ भेदभाव करना उनके सिद्धांतों के विरुद्ध होगा।

2002 के गुजरात दंगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने लिखा है कि वह एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ दंगा प्रभावित अहमदाबाद के दौरे पर थीं। प्रतिनिधिमंडल को दंगा पीड़ितों के लिए बनाए गए कुछ राहत शिविरों में ले जाया गया। ऐसे ही एक शिविर में अपनी बाहों में एक बच्ची को थामे हुए एक लंबा और दुबला-पतला व्यक्ति दिखा। उसने कहा, ‘यह मेरी बच्ची है। राक्षसों ने इसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।’

कांग्रेस नेता ने लिखा कि हमदर्दी के कुछ शब्द कहने के अलावा कुछ भी बोल पाने में असमर्थ थीं। उन्होंने पुस्तक में लिखा, ‘‘दंगों के वक्त राज्य के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी थे। मुझे उम्मीद थी की तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मोदी को बर्खास्त कर देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

राजीव के पार्थिव अवशेषों की भयावह तस्वीर आज तक नहीं देखी

सोनिया ने लिखा है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के तीन दशक से अधिक समय बीतने के बावजूद उन्होंने आज तक उस तस्वीर को नहीं देखा है, जिसमें विस्फोट के बाद उनके पति के पार्थिव अवशेष दिखाई देते हैं। राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी ने जानबूझकर उन्हें इस तस्वीर से दूर रखा था।

सोनिया ने सिखों के जख्मों पर नमक छिड़का : भाजपा

भाजपा नेता और वरिष्ठ वकील एचएस फुलका ने आरोप लगाया कि सोनिया अपने पति राजीव गांधी को “क्लीन चिट” देने की कोशिश कर रही हैं।

वहीं, भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मंगलवार को कहा, ‘सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी स्वर्ण मंदिर साहिब और अकाल तख्त साहिब की तस्वीरें देखकर दुखी हो गई थीं। उनका यह बयान तथ्यों के विपरीत है। यह सिख समुदाय के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।’

उन्होंने सोनिया से माफी की मांग करते हुए कहा कि जब इंदिरा गांधी ने खुद आरेशन का आदेश दिया था, तो तस्वीरें देखने के बाद उनके दुखी होने का सवाल ही नहीं उठता।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)