Home Blog Page 142

पठाननपुरवा के पास सड़क पर पानी-कीचड़ जमा:श्रावस्ती में बनुआ, इकौना और गोबिंदपुर जाने वाले लोगों को आने-जाने में परेशानी

श्रावस्ती जिले की इकौना तहसील के समगढा मौजा में पठाननपुरवा के पास सड़क पर पानी और कीचड़ जमा है। इससे राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। लोग फिसलकर गिरते हैं और उन्हें चोटें लगती हैं। यह सड़क बनुआ, इकौना, गोबिंदपुर और समगढा चौराहे समेत कई गांवों और जगहों को जोड़ती है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से गुजरते हैं। पानी और कीचड़ के कारण उन्हें आने-जाने में मुश्किल होती है। स्थानीय लोगों ने विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मरम्मत से जलभराव और कीचड़ की समस्या खत्म होगी और लोगों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा।

UPI ट्रांजैक्शन पर कब लगेगा MDR? व्यापारी कर रहे इंतजार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दीपावली के पावन पर्व और रोशनी के जश्न के बाद, देश भर के व्यापारियों की नजरें अब नेशनल पेमेंट्स कारपोरेशन आफ इंडिया (एनपीसीआई) पर टिकी हैं।

एनपीसीआई ने त्योहारी सीजन में अतिरिक्त बोझ से बचाने के लिए चुनिंदा मर्चेंट (पी-टू-एम) यूपीआई ट्रांजैक्शन पर लगने वाले मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) की शुरुआत को 15 अक्टूबर से आगे टाल दिया था। अब त्योहार बीत जाने के बाद, व्यापारी नई लागू होने वाली तारीख का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

नए नियमों के तहत, दो हजार रुपये से अधिक के चुनिंदा यूपीआइ भुगतानों पर 0.4 प्रतिशत का एमडीआर शुल्क लग सकता है, जिसकी अधिकतम सीमा 300 रुपये तय की गई है।

उदाहरण के लिए, एक लाख रुपये के भुगतान पर 400 रुपये शुल्क बनता, लेकिन कैपिंग के कारण केवल 300 रुपये ही लगेंगे। वहीं, रेलवे, बीमा और ईंधन जैसी कुछ श्रेणियों के लिए दो हजार रुपये से ऊपर के लेन-देन पर पांच रुपये का फ्लैट शुल्क और पूंजी बाजार के लिए 0.02 प्रतिशत (अधिकतम 300 रुपये) का रियायती शुल्क रखा गया है।

राहत की बात यह है कि यह शुल्क पूरी तरह व्यापारियों द्वारा वहन किया जाएगा, जिससे आम ग्राहकों की जेब पर कोई असर नहीं पड़ेगा। साथ ही, आम लोगों के बीच होने वाले (पी-टू-पी) यूपीआइ ट्रांसफर पूरी तरह मुफ्त रहेंगे। व्यापारी वर्ग अब स्पष्ट दिशा-निर्देशों की उम्मीद लगाए बैठा है।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

रानी लक्ष्मीबाई नगर में भंडारा:शाम 8 बजे श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया

महाराजगंज के बृजमनगंज स्थित वार्ड नंबर 5 के रानी लक्ष्मीबाई नगर में आज शाम 8 बजे भंडारा हुआ। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने माता रानी का प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजकों और सहयोगियों ने लोगों को प्रसाद बांटा। देर शाम तक लोग भंडारे में आते रहे।
भंडारे के संयोजक बिट्टू, घनश्याम गुप्ता, करण वर्मा, अजीत गुप्ता, शिशु वर्मा और संजू वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने कहा कि वे हर साल इसी तरह भंडारे का आयोजन करेंगे। उन्होंने माता रानी से सभी लोगों पर कृपा बनाए रखने और क्षेत्र में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत:बस्ती में बाइक से पहचान हुई, घर पर कहा था- दो घंटे में लौट आऊंगा

बस्ती के गौर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से 22 वर्षीय शिवकुमार यादव की मौत हो गई। घटनास्थल के पास मिली बाइक के नंबर से उनकी पहचान हुई। यह घटना गौर-हलुआ मार्ग पर चंद्रभान सिंह इंटर कॉलेज रेलवे क्रॉसिंग के पास शाम करीब 7:15 बजे हुई। शिवकुमार रतनपुर खास गांव के रहने वाले थे। वह राम सजन यादव के बेटे थे। मझले भाई की थी बाइक घटनास्थल के पास मिली बाइक का नंबर UP 51 BJ 2872 है। नंबर के आधार पर बाइक मालिक सूरज यादव का नाम सामने आया। बाद में पता चला कि बाइक शिवकुमार के मझले भाई सूरज यादव की है। शिवकुमार तीन भाइयों में से एक थे। परिजनों ने बताया कि वह शाम 4 बजे घर से निकले थे और दो घंटे में लौटने की बात कही थी। गौर थानाध्यक्ष अतुल कुमार अंजान ने बताया कि शव की पहचान हो गई है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले में जरूरी कार्रवाई कर रही है।

चीन की डिजिटल चाल पर भड़का भारत, कहा- ढाका की झुग्गियों को दिल्ली बताने वाले व्लॉगर्स पर एक्शन ले बांग्लादेश

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हाल में सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहे थे जिसमें चीनी ब्लॉगर बांग्लादेश की झुग्गी-झोपड़ियों में वीडियो बना रहे थे और उन्हें भारत का बता रहे थे। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को चीनी नागरिकों द्वारा चलाए जा रहे कथित संगठित भारत-विरोधी अभियान की कड़ी निंदा की।

साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि हमने इस संबंध में मीडिया रिपोर्ट्स देखी हैं। किसी भी देश की विकृत तस्वीर पेश करने के ऐसे प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

ढाका को दिल्ली बताने के लिए विदेशी तत्वों को खरीदने के प्रयासों के मामले में झूठे आख्यान फैलाना उन लोगों की विश्वसनीयता को ही कमजोर करता है जो ऐसे काम कर रहे हैं और जो उनके पीछे हैं। मैं संबंधित अधिकारियों से ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह करता हूं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चीनी व्लॉगर और लाइवस्ट्रीमर बांग्लादेश की राजधानी ढाका के गरीब इलाकों में वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं और उन्हें नई दिल्ली का हिस्सा बता रहे हैं। इन वीडियो में भारत की रहने की स्थिति, स्वच्छता, खान-पान और गरीबी को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं।

बांग्लादेशी अखबार प्रोथोम अलो के अनुसार, यह गतिविधि उत्तरा सेक्टर-12 और आसपास के टेकपारा इलाके में हो रही है। स्थानीय निवासियों का अनुमान है कि 150 से ज्यादा चीनी नागरिक यहां वीडियो बना रहे हैं। वे दो मोबाइल फोन लेकर गलियों में घूमते हैं, घंटों लाइवस्ट्रीम करते हैं और कभी-कभी लोगों के घरों में घुसकर फिल्मांकन करते हैं।

एक चीनी नागरिक फैंगयू ने बताया कि ये लाइवस्ट्रीम वीचैट पर प्रोडक्ट प्रमोशन का हिस्सा हैं। एक बांग्लादेशी गाइड रितु अख्तर ने कहा कि वे डॉयिन (चीनी टिकटॉक) जैसे प्लेटफॉर्म पर वीडियो डालकर भी पैसे कमाते हैं।

स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। एक निवासी रोजिना खातून ने बताया कि कभी-कभी वे हमारे घरों में घुसकर फिल्माने लगते हैं। घर के अंदर हम हमेशा ठीक से कपड़े पहने नहीं होते। सोचिए जब कोई अचानक घर में घुसकर रिकॉर्डिंग शुरू कर दे तो कैसा लगता है।

बरगदहा गांव में फूस के मकान में आग लगी:गाड़ी में धमाके के बाद आग फैली; अनाज, 9 हजार रुपए और घर का सामान जला, एक लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान

श्रावस्ती जिले के जमुनहा पुलिस चौकी के तहत बरगदहा गांव में रामदुलारे पुत्र ननकू के फूस के मकान में देर रात आग लग गई। आग लगने का कारण पता नहीं चला है। आग के दौरान घर में खड़ी गाड़ी भी जलने लगी और उसमें धमाका हुआ। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गांव के लोगों ने बाल्टी, पानी और मिट्टी की मदद से आग बुझाई। आग से घर में रखा गेहूं, धान, चावल, तखत, चारपाई, बिस्तर, लकड़ी, पंखा और अन्य सामान जल गया। रामदुलारे ने बताया कि खेत में खाद डालने के लिए रखे 9 हजार रुपए भी आग में जल गए। इस घटना में परिवार को एक लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। आग बुझने के बाद परिवार के पास अनाज, बिस्तर और कपड़े नहीं बचे। गांव के लोगों ने परिवार की मदद की अपील की है।

‘राहुल-प्रियंका नहीं चाहते थे कि मैं प्रधानमंत्री बनूं’, सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में खोले 2004 के सत्ता के राज

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस को गहरे संकट से उबार कर 2004 में सत्ता में लाने के बाद भी प्रधानमंत्री पद अस्वीकार करने का सोनिया गांधी का निर्णय राजनीतिक दबाव से ज्यादा उनके परिवार का निजी फैसला था।

सोनिया गांधी के अनुसार उनके दोनों बच्चे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा अपनी दादी और पिता की बेरहमी से की गई हत्या के सदमे के बाद उनको लेकर काफी सचेत रहते थे और दोनों का साफ मत था कि मुझे प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहिए।

सोनिया गांधी ने मंगलवार को प्रकाशित अपनी आत्मकथा ””बिलांगिंग: अ जर्नी आफ लव”” में इसका खुलासा किया है। सोनिया के शब्दों में सच्चाई यह थी कि कांग्रेस और सहयोगी दलों के दबाव में ””ठीक है”” कहने और फिर संसद के सेंट्रल हॉल में प्रधानमंत्री पद का प्रस्ताव ””ठुकराने”” से पूर्व 2004 के चुनाव से कुछ महीने पहले ही राहुल-प्रियंका संग बातचीत में मैंने प्रधानमंत्री नहीं बनने का अपना निर्णय ले लिया था।

दिलचस्प यह भी है कि सोनिया गांधी जब डा मनमोहन सिंह को साथ पहली बार राष्ट्रपति कलाम के पास यूपीए सरकार बनाने का दावा करने मनमोहन सिंह को लेकर गई थीं तो उन्हें यह मालूम नहीं था कि वे प्रधानमंत्री बनने वाले हैं।

सोनिया गांधी ने समकालीन भारत की राजनीति में प्रधानमंत्री पद ठुकराने की इस बहुचर्चित घटना से लेकर आपातकाल, इंदिरा गांधी-राजीव गांधी की हत्या समेत बीते करीब 60 साल के अपने राजनीतिक और निजी जीवन के कई अनछुए पहलुओं को अपनी इस आत्मकथा में साझा किया है।

भारत में हार्पर कालिंस द्वारा अंग्रेजी में प्रकाशित यह आत्मकथा पहले ही सियासी सरगर्मी बढ़ा चुकी थी और मंगलवार को बाजार में आते ही पुस्तक प्रेमियों से लेकर राजनीतिक शख्सियतों में इसे खरीदने की होड़ मच गई।

सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद ठुकराने के अपने मानसिक द्वंद को साझा करते हुए कहा है कि एक ओर उनका मन इस विचार को पूरी तरह खारिज कर रहा था तो दूसरी तरफ पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास हो रहा था जिन्हें उनके इनकार से दुख और निराशा होती।

2004 के चुनाव से कुछ महीने पहले मैंने और मेरे बच्चों ने मेरे प्रधानमंत्री बनने की संभावना पर चर्चा की और एक ने मुझसे सीधे पूछा कि अगर हमारी पार्टी जीत जाती है तो क्या मैं यह पद स्वीकार करूंगी? लगभग नाराजगी जताते हुए मैने कहा ””बिल्कुल नहीं””।

उन्होंने फिर पूछा, ””क्या आप पक्का कह रही हैं?”” मैंने जोर देकर कहा ””मैं बिल्कुल साफ हूं।””

सोनिया ने लिखा है कि राहुल और प्रियंका किसी को भी यह ठीक नहीं लगता था कि वे प्रधानमंत्री बनें क्योंकि वे अपनी दादी और अपने पिता की बेरहम हत्या के सदमे से गुजर चुके थे। उनके लिए इस पद पर रहने का मतलब खतरे का बहुत ज्यादा बढ़ जाना। पहली बार मैंने इस सवाल पर खुलकर अपनी बात रखी थी और बात वहीं खत्म हो गई।

सोनिया ने यह भी खुलासा किया है कि 2004 के पूरे चुनाव के दौरान जब भी उनसे सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री बनने का सवाल पूछा गया तो स्पष्ट जवाब नहीं दिया क्योंकि पार्टी में नेतृत्व को लेकर नेताओं के बीच आपसी टकराव का खतरा मोल लेना मुनासिब नहीं था।

चुनाव नतीजे आने के बाद अपने घर 10 जनपथ में कांग्रेस के सहयोगी गठबंधन दलों के कुछ नेताओं के साथ पीएम पद के लिए हुई बैठक का उल्लेख करते हुए कहा है कि सभी नेता प्रस्ताव मानने का आग्रह कर रहे थे और वे चुपचाप सुन रही थीं। जब चर्चा खत्म हुई तो पूरी हिम्मत जुटाई और अपनी बात कही तब हंगामा मच गया। मुझे चारों तरफ से घेर लिया गया।

उनमें से एक नेता बोला ””हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे।”” दूसरे ने कहा ””मैडम आप ऐसा फैसला नहीं ले सकतीं।”” मैं अंदर तक हिल गई। मुझे लगा जैसे मुझ पर दबाव डाला जा रहा है। मैंने बहुत धीमी आवाज में कहा, ””ठीक है””। मगर मेरी बात पूरी होने का इंतजार किए बिना सभी मुझे बधाई देने लगे।

प्रियंका कमरे के बाहर खिड़की से यह सब देख रही थी और यह सुनकर वह घर में दौड़ कर रोते हुए राहुल के पास गई और बताया कि मां ने नेताओं की बात मान हां कर दी है। इसके बाद राहुल और प्रियंका तेजी से उनके पास आए।

राहुल ने सख्त आवाज में पूछा क्या मैंने हां कर दी है। तब मैंने कहा वे दबाव डाल रहे थे मगर मैं ऐसा नहीं करना चाहती और यह तुम्हें पता है। राहुल ने कहा कि आप पर दबाव डाला जा रहा था और “हमारा क्या? प्रियंका ने कहा “मां किसी के दबाव में आकर ऐसा मत कीजिए। हम दोनों आपकी मदद के लिए यहां हैं।”

सोनिया बताती हैं कि अगली सुबह ही राहुल गांधी को उन्होंने बता दिया कि वह पीएम पद स्वीकार नहीं करेंगी तो राहुल ने मुझे गले लगाते हुए बोला ””यह बिल्कुल सही फैसला है।””

इसके बाद संसद के सेंट्रल हाल में पार्टी सांसदों की हुई बैठक में मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री नामित करने के अपने फैसले के दौरान हुए घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा है कि जब अपनी ””अंतरात्मा की आवाज”” सुनकर पद अस्वीकार करने की बात कही तो वहां भारी हंगामा मच गया।

भाषण छोड़कर उन्हें बाहर जाना पड़ा। कुछ देर बाद जब मनमोहन सिंह को नामित करने का एलान किया तो सभी मान गए।

सोनिया ने यह भी बताया कि जब चुनाव नतीजों के बाद राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के पास सरकार बनाने की प्रक्रिया के लिए जाना था तो किसी एक नेता को साथ लेकर जाने का विचार किया तो वह मनमोहन सिंह थे।

दोनों एक ही कार में साथ गए और आए मगर मनमोहन सिंह को तब तक यह नहीं बताया था कि वे प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।

सोनिया के अनुसार उन्होंने मनमोहन सिंह की बेदाग छवि वाले और शासन-प्रशासन की गहरी समझ को देखते हुए उन्हें मालूम था कि देश सुरक्षित हाथों में जा रहा है और उनके नेतृत्व को देखते हुए यूपीए सरकार की कार्यक्षमता को लेकर लोगों के मन में जो संदेह थे वे दूर हो जाएंगे।

कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रणव मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की इच्छा का भी सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में खुलासा करते हुए लिखा है कि पी चिदंबरम से अपने गहरे मतभेदों के बीच 2010 में एक आर अपनी निराशा जाहिर करते हुए उन्होंने मुझे यह सुझाव देकर चौंका दिया कि अब शीर्ष नेतृत्व में बदलाव का समय आ गया है।

इसे प्रधानमंत्री बनने की उनकी पुरानी इच्छा के संकेत के रूप में समझा और बड़ी विनम्रता से बातचीत का विषय बदल दिया।

सोनिया के अनुसार प्रणव मुखर्जी भले ही इससे निराश हुए हों मगर मेरे प्रति कोई नाराजगी है ऐसा कभी महसूस नहीं होने दिया और 2012 में पार्टी ने उन्हें देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद के लिए चुना।

सीताराम केसरी को हटाए जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष बनी सोनिया गांधी ने 1998 के इस घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए लिखा है कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक से सीधे वे अपने पूर्ववर्ती सीताराम केसरी के घर गईं और उनके पैर छुए। केसरी ने उनके सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया, उस समय उनकी आंखों में आंसू थे।

 

महराजगंज में स्कूल के लिए निकला किशोर लापता:15 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, तलाश में भटक रहे माता-पिता

महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र के कम्हरिया बुजुर्ग गांव से 14 वर्षीय किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोर को लापता हुए करीब 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। बेटे की तलाश में माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के मुताबिक, कम्हरिया बुजुर्ग निवासी मोहम्मद मोबीन पुत्र मोहम्मद ताहिर का 14 वर्षीय बेटा शाहबाज खान मदनी हाई स्कूल में पढ़ता है। परिजनों ने बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 8 बजे शाहबाज स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजन स्कूल पहुंचे और जानकारी की तो पता चला कि शाहबाज उस दिन स्कूल आया ही नहीं था। इसके बाद पिता मोहम्मद मोबीन ने कोल्हुई थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और बेटे की तलाश कर सकुशल बरामदगी की मांग की। 15 दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग परिजनों के मुताबिक, 10 नवंबर तक शाहबाज के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। बेटे के अचानक लापता होने से पूरा परिवार परेशान है। माता-पिता को हर पल बेटे के वापस लौटने का इंतजार है। पिता ने की आम लोगों से मदद की अपील लापता किशोर के पिता मोहम्मद मोबीन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को शाहबाज खान के बारे में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे तो तुरंत परिवार या पुलिस को सूचना दें। उन्होंने बेटे की तलाश में मदद करने और सही जानकारी देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम देने की भी घोषणा की है।

अयोध्या में नाली में गिरी बाइक, युवक की मौत:साथी गंभीर घायल, राहगीर को बचाने के दौरान हादसा

अयोध्या में रुधौली थाना क्षेत्र के बारीजोत के पास अचानक बाइक बेकाबू होकर नाली में गिर गई। हादसे में गोसाईपुरवा निवासी बाइक सवार दुर्गेश यादव की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त दीपक घायल हो गया। पुलिस ने दुर्गेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गोसाईपुरवा निवासी दुर्गेश यादव पुत्र घनश्याम यादव अपने दोस्त दीपक के साथ सुरवार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बारीजोत के पास अचानक एक व्यक्ति सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे नाली में जा गिरी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दुर्गेश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बारीजोत निवासी एक अन्य घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिवार में मचा कोहराम दुर्गेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि दुर्गेश दो भाइयों में बड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है।

नोटबंदी के 10 साल बाद भी कायम है कैश का दबदबा, क्यों भारतीयों को पसंद हैं कड़कड़ाते नोट?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में आज सड़क किनारे चाय की दुकान हो या सब्जी वाला, हर जगह क्यूआर कोड के जरिए यूपीआई पेमेंट आम हो चुका है। लाखों लोग फोन पर कुछ टैप करके बिल चुका रहे हैं। इसके बावजूद, आम करेंसी नोट पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं।

नोटबंदी के दस साल बाद भी, डिजिटल पेमेंट में भारी उछाल आने के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था में कैश एक अहम हिस्सा बना हुआ है।

यह स्थिति एक दिलचस्प ‘कैश विरोधाभास’ को दर्शाती है, जहां डिजिटल तकनीक बढ़ने पर भी नकदी की मांग कम नहीं हुई है।

आंकड़े बयां करते हैं कहानी

आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि भारत में कैश का चलन लगातार बढ़ा है। 8 नवंबर 2016 को जब नोटबंदी की घोषणा हुई थी, तब देश में चलन में मौजूद कुल करेंसी 17.77 लाख करोड़ रुपये थी, जो 23 अक्टूबर 2026 तक बढ़कर 43.16 लाख करोड़ रुपये हो गई, यानी इसमें लगभग 143 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

दूसरी ओर, डिजिटल पेमेंट का राजा बन चुके यूपीआई ने भी नए रिकॉर्ड बनाए हैं। अकेले अक्टूबर 2026 में यूपीआई के जरिए 31.53 लाख करोड़ रुपये मूल्य के 25.46 अरब ट्रांजैक्शन प्रोसेस किए गए।

यह इस बात का सबूत है कि देश में डिजिटल और फिजिकल, दोनों तरह के लेनदेन समानांतर रूप से बढ़ रहे हैं।

क्या कहती है आरबीआई की रिपोर्ट?

मई 2026 में जारी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान चलन में मौजूद बैंक नोटों के मूल्य में 11.9 प्रतिशत और इनकी संख्या में 10.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। मार्च 2026 के अंत तक चलन में मौजूद बैंक नोटों का कुल मूल्य लगभग 41.24 लाख करोड़ रुपये था।

आरबीआई द्वारा परिवारों और छोटे खुदरा विक्रेताओं के बीच कराए गए एक सर्वे से यह बात सामने आई कि लोग आज भी रोजमर्रा के जीवन में कैश के इस्तेमाल को काफी ज्यादा प्राथमिकता देते हैं।

डिजिटल पेमेंट के प्रसार ने लेन-देन को आसान जरूर किया है, लेकिन इसने फिजिकल कैश की जरूरत को पूरी तरह से विस्थापित नहीं किया है।

भारतीयों को कैश क्यों पसंद है?

भारतीयों द्वारा नकदी को प्राथमिकता दिए जाने के पीछे कई व्यावहारिक और मनोवैज्ञानिक कारण हैं।

आदत और एहतियात: अधिकांश लोग दैनिक खर्चों के लिए भले ही यूपीआई का उपयोग करते हों, लेकिन आपातकालीन स्थितियों या सुरक्षा की भावना के लिए वे अपने पास या घर पर कुछ हजार रुपये नकद जरूर रखते हैं।

वैल्यू स्टोर: आरबीआई के एक रिसर्च पेपर में यह सामने आया कि लोग केवल खरीदारी के लिए ही नहीं, बल्कि खुद को आर्थिक रूप से सुरक्षित महसूस कराने के लिए भी कैश अपने पास रखते हैं।

कनेक्टिविटी की सीमाएं: देश के कई ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में आज भी इंटरनेट कनेक्टिविटी या डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की पहुंच सीमित है। ऐसी जगहों पर बिना किसी ऐप या नेटवर्क के काम आने वाला कैश ही सबसे बड़ा सहारा बनता है।

छोटे व्यवसायों की सुविधा: छोटे दुकानदारों, दिहाड़ी मजदूरों और छोटे स्तर पर लेन-देन करने वालों के लिए नकद पैसे का आदान-प्रदान करना सबसे सरल और तुरंत होने वाला माध्यम है।

वॉलेट में किस तरह के नोटों का है बोलबाला?

आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च 2026 तक चलन में मौजूद कुल करेंसी वैल्यू में अकेले 500 रुपये के नोटों की हिस्सेदारी 85.5 प्रतिशत थी। वहीं, यदि नोटों की संख्या की बात करें, तो 500 रुपये के नोट 41.2 प्रतिशत, 10 रुपये के नोट 16.1 प्रतिशत और 100 रुपये के नोट 15.7 प्रतिशत हिस्सेदारी रखते हैं।

इससे यह साफ होता है कि बड़े नोट जहां बड़े लेनदेन और वैल्यू का मुख्य आधार हैं, वहीं छोटे नोट रोजमर्रा के खुदरा कामकाज के लिए आज भी बेहद जरूरी हैं।