Home Blog Page 147

‘किताब का नाम बिलॉन्गिंग नहीं, व्हाइटवॉशिंग होना चाहिए था’; सोनिया गांधी की बुक पर बीजेपी का तंज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के बाजार में आते ही राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। भाजपा ने इस किताब को लेकर सोनिया गांधी पर जोरदार हमला बोला है।

भाजपा प्रवक्ता सीआर केशवन ने आरोप लगाया कि इस किताब का मकसद नेहरू-गांधी परिवार और कांग्रेस की ऐतिहासिक गलतियों पर पर्दा डालना यानी व्हाइटवॉश करना है।

केशवन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर सिलसिलेवार पोस्ट करते हुए कहा कि इस किताब का शीर्षक ‘बिलॉन्गिंग’ की जगह ‘व्हाइटवाशिंग’ होना चाहिए था, क्योंकि इसमें कांग्रेस के ऐतिहासिक पापों और गलतियों को छिपाने की कोशिश की गई है।

बाबरी, 1984 के सिख दंगे और 26/11 पर उठाए सवाल

किताब में बाबरी मस्जिद विध्वंस पर सोनिया गांधी द्वारा आंसू बहाने के जिक्र पर सवाल उठाते हुए भाजपा प्रवक्ता ने पूछा कि क्या उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के लिए कभी एक भी आंसू बहाया?

केशवन ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गुरुद्वारों पर हमले हुए और हजारों बेगुनाह सिखों का कत्लेआम हुआ, लेकिन उस त्रासदी पर गांधी परिवार खामोश रहा।

उन्होंने बाटला हाउस मुठभेड़ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सोनिया गांधी आरोपियों के लिए भावुक हो गई थीं, लेकिन क्या उन्होंने देश की रक्षा में शहीद होने वाले सीआरपीएफ के वीर जवानों के लिए कभी संवेदना जताई?

इसके अलावा केशवन ने 2008 के मुंबई 26/11 आतंकी हमलों का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या यह आत्मकथा बताएगी कि बेकसूर लोगों की मौत पर तत्कालीन यूपीए सरकार ने पाकिस्तान पर सख्त जवाबी कार्रवाई क्यों नहीं की।

आपातकाल को सही ठहराने और नटवर सिंह की मुलाकात पर घेरा

भाजपा प्रवक्ता ने 1975 में इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए इमरजेंसी पर सोनिया गांधी के रुख की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जिस आपातकाल ने देश के संविधान की हत्या की और नागरिकों के मौलिक अधिकार छीन लिए, उसे सही ठहराना और सामान्य बताना बेहद चौंकाने वाला और निंदनीय है।

केशवन ने पूर्व विदेश मंत्री के. नटवर सिंह की 2014 की आत्मकथा ‘वन लाइफ इज नॉट इनफ’ का हवाला देते हुए पूछा कि उनकी किताब आने से पहले सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी अचानक उनसे मिलने उनके घर क्यों गई थीं?

उन्होंने पूछा कि साढ़े आठ साल बाद हुई उस मुलाकात के पीछे क्या डर था और क्या इस किताब में मई 2004 में यूपीए सरकार बनने के समय के पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी?

‘सहमति न मिलने पर छोड़ा पीएम पद’

भाजपा के साथ-साथ एनडीए के अन्य नेताओं ने भी सोनिया गांधी पर निशाना साधा। जनता दल (यू) के सांसद संजय कुमार झा ने सोनिया गांधी के 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के दावे पर सवाल उठाया।

उन्होंने कहा कि संख्या बल जुटाने के दौरान समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव ने उनके नाम पर समर्थन देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया, अन्यथा पीएम बनने की पूरी तैयारी थी।

वहीं भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि सोनिया गांधी के लिखने से कोई फर्क नहीं पड़ता और कोई इसे पढ़ने वाला नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने सोनिया गांधी के विदेशी मूल के चलते उन्हें प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाने से इनकार कर दिया था, जिसे बाद में त्याग का रूप दे दिया गया।

क्या है सोनिया गांधी की आत्मकथा में?

‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ शीर्षक वाली यह आत्मकथा सोनिया गांधी के इटली में बीते बचपन, कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात और भारत में उनके पारिवारिक व राजनीतिक जीवन को समेटती है। किताब में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की नृशंस हत्या के दौर का भी ब्योरा है।

इसके अलावा, किताब में 2004 में यूपीए की जीत के बाद प्रधानमंत्री पद न लेने के आंतरिक द्वंद्व, कांग्रेस नेताओं के साथ हुई चर्चा और बेटे राहुल गांधी के साथ अंतिम बातचीत का विस्तार से जिक्र किया गया है।

सोनिया गांधी ने गांधी परिवार की नई बहू के रूप में अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के गुस्से और अनुशासन से जुड़े कुछ अनछुए किस्से भी साझा किए हैं।

यह भी पढ़ें- ‘अब प्रधानमंत्री बदलने का समय आ गया है…’ 2010 में प्रणब मुखर्जी के इस सुझाव से हैरान रह गई थीं सोनिया गांधी

यह भी पढ़ें- ‘मैं डर से कांपने लगती थी…’, सोनिया ने अपनी किताब में इंदिरा गांधी के गुस्से के बारे में और क्या बताया?

गंगौली और जंगलटोला में युवा कमेटी ने सजाई लक्ष्मी प्रतिमा:कल खेखड़ा-सिसवा में होगा विसर्जन

सिसवा ब्लॉक की ग्रामसभा गंगौली और जंगलटोला में युवा कमेटी ने लक्ष्मी पूजा के लिए प्रतिमा सजाई है। बृहस्पतिवार को खेखड़ा-सिसवा में प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
कमेटी के युवाओं ने फूलों, लाइटों और रंग-बिरंगी सजावट से पंडाल सजाया है। शाम को पंडाल दीयों और लाइटों से रोशन होता है। लोग यहां दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, युवा कमेटी ने पूजा की व्यवस्था संभाली है। विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें डीजे की धुन पर लोग शामिल होंगे।
इस दौरान दिनेश यादव, सुरेश, सोनू, सुनील चौहान और दीनदयाल मौजूद रहे।

यम द्वितीया पर बाबा रामनिहाल-दास की कुटी में मेला लगा:उमरिया में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालु, दुकानों पर खरीदारी और झूलों का आनंद लिया

बस्ती के उमरिया स्थित सिद्ध पीठ बाबा राम निहाल दास की कुटी में मंगलवार को यम द्वितीया पर पूजा-अर्चना हुई और मेला लगा। सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे। भक्तों ने बाबा के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मेले में आसपास के गांवों से श्रद्धालु, महिलाएं और बच्चे पहुंचे। लोगों ने दुकानों से खरीदारी की। बच्चों ने झूलों और अन्य मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। मेले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए दुबौलिया थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने मेले में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा।

बियर से लेकर व्हिस्की तक… हर घूंट में बन रहा रिकॉर्ड, शराब पीने के मामले में भारतीयों ने दुनिया को पीछे छोड़ा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया के सबसे बड़े शराब बाजारों अमेरिका और चीन में लोग शराब से दूरी बना रहे हैं, लेकिन भारत में इसका बिल्कुल उल्टा नजारा देखने को मिल रहा है। साल 2026 की पहली छमाही यानी जनवरी से जून में भारत में शराब की खपत 10% बढ़ गई है।

ड्रिंक्स रिसर्च फर्म IWSR की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के 21 बड़े बाजारों में भारत की ग्रोथ सबसे तेज रही। राहत की बात यह है कि दुनिया भर में जहां शराब का बाजार कमजोर पड़ रहा है, वहीं भारत में हर कैटेगरी की बिक्री में जबरदस्त उछाल आया है।

भारत में किस ड्रिंक की बिक्री में कितनी बढ़त?

  • बियर- 16% की बढ़ोतरी के साथ बियर इस रेस में सबसे आगे रही।
  • बिना अल्कोहल वाली बियर- इसमें सबसे बड़ा 25% का बंपर उछाल आया।
  • रेडी-टू-ड्रिंक (RTD / प्री-मिक्स कॉकटेल)- 12% की तेजी।
  • ब्लेंडेड स्कॉच व्हिस्की- 8% की ग्रोथ।
  • वोदका और जिन- दोनों में 6%-6% की वृद्धि।
  • रम और नॉन-कॉग्नेक ब्रांडी- दोनों में 3%-3% की बढ़त।
  • भारतीय व्हिस्की- 4% की बढ़ोतरी।
  • वाइन- स्टिल वाइन में 2% और फोर्टिफाइड वाइन में 7% की तेजी।

अब जानिए दुनिया का क्या हाल है?

गौर करने वाली बात यह है कि IWSR के आंकड़े बताते हैं कि जिन 21 बड़े बाजारों पर नजर रखी जा रही है जो दुनिया की 76% शराब की खपत को कवर करते हैं, वहां कुल खपत में 1% की गिरावट आई है।

  • सबसे बड़ा बाजार अमेरिका- यहां खपत में 4% की गिरावट आई है। बियर की खपत भी 4% घटी है।
  • चीन- यहां भी कुल खपत 3% और बियर की खपत 2% कम हुई है।

देखा जाए तो अगर अमेरिका और चीन को हटा दें, तो बाकी देशों में कुल मिलाकर सिर्फ 1% की ही ग्रोथ हुई है। ऐसे में भारत का 10% की रफ्तार से आगे बढ़ना पूरी दुनिया के शराब कारोबारियों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है।

वैश्विक बाजारों में शराब की खपत में वृद्धि

भारत के बाद कौन से देश आगे?

बता दें कि ग्रोथ चार्ट में भारत सबसे ऊपर है, जिसके बाद इन देशों का नंबर आता है।

  • कोलंबिया– 9%
  • दक्षिण अफ्रीका- 5%
  • ब्राजील- 3%
  • यूनाइटेड किंगडम (UK)- 2%

इसके अलावा मेक्सिको और थाईलैंड में भी बढ़त दर्ज की गई है।

दुनिया में क्यों घट रही शराब की खपत?

विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर लोग अब अपनी सेहत को लेकर ज्यादा जागरूक हो रहे हैं। इसके अलावा, GLP-1 वजन घटाने वाली दवाओं का इस्तेमाल, महंगाई और अमेरिका-चीन की आर्थिक अनिश्चितताओं की वजह से वहां लोग शराब से दूर हो रहे हैं।

इसके उलट, भारत में युवाओं की बढ़ती आबादी, बेहतर होती लाइफस्टाइल और हर ड्रिंक कैटेगरी में बढ़ती पसंद के कारण बाजार लगातार मजबूत हो रहा है। IWSR के एमडी मार्टेन लोडेविजक्स का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैलने वाली ग्लोबल ब्रांड्स के लिए भारत अब दुनिया के सबसे अहम बाजारों में से एक बन चुका है।

छत पर दिया जलाते समय महिला फिसलकर गिरी, घायल:जमुनहा के मोटे पुरवा में हादसा; जिला मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर

श्रावस्ती के जमुनहा इलाके में छत पर दिया जलाते समय मीरा देवी (35) फिसलकर नीचे गिर गईं। वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। मीरा देवी, पेशकार की पत्नी हैं और मोटे पुरवा की रहने वाली हैं।
यह घटना थाना हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र में हुई। परिजन उन्हें सीएचसी मल्हीपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मंगलवार को उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, मीरा देवी दीपावली पर छत पर दिया जलाने गई थीं। छत पर फिसलन के कारण उनका पैर फिसल गया।

रेलवे स्टेशन पर कुली-व्हीलचेयर की टेंशन खत्म, अब घर बैठे कर सकेंगे ऑनलाइन बुकिंग; क्या है प्रक्रिया?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने यात्रियों के सफर को और ज्यादा आसान और आरामदायक बनाने के लिए एक बहुत ही शानदार डिजिटल पहल की है।

इसके तहत अब आपको रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही भारी-भरकम सामान उठाने के लिए कुली ढूंढने या बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए व्हीलचेयर की तलाश में परेशान नहीं होना पड़ेगा। अब ये दोनों सुविधाएं आपको घर बैठे ऑनलाइन मिल जाएंगी।

भारी सामान के लिए स्टेशन पर नहीं होना होगा परेशान

जानकर चौंक गए ना… लेकिन विश्वास कीजिए ये पूरी तरह से सच है। अब आपको स्टेशन पहुंचकर कुली-कुली चिल्लाने की बिल्कुल भी आवश्यकता नहीं है। आप घर बैठे-बैठे बीमार और बुजुर्गों के लिए व्हीलचेयर और भारी समाना के लिए कुली की बुकिंग कर सकते हैं।

ऐसे में अब आपके मन में यह सवाल खड़ा हो रहा होगा कि आखिर यह नई व्यवस्था क्या है और यह कैसे काम करेगी? आइए हम आपको बताते हैं।

कब और कहां से शुरू हो रही है यह सुविधा?

बता दें कि अजमेर रेल मंडल में आगामी 16 नवंबर 2026 से मोबाइल एप और आधिकारिक वेबसाइट के जरिए कुली और व्हीलचेयर की ऑनलाइन एडवांस बुकिंग शुरू होने जा रही है। अगर अजमेर मंडल में यह प्रयोग सफल रहा, तो आने वाले समय में इसे देश के बाकी बड़े और व्यस्त स्टेशनों पर भी लागू किया जा सकता है।

ई-व्हीलचेयर ऑनलाइन बुकिंग कैसे होगी?

देखिए अगर आपके परिवार में कोई बुजुर्ग, मरीज या दिव्यांगजन सफर कर रहे हैं, तो आप घर बैठे कुछ आसान स्टेप्स से ई-व्हीलचेयर बुक कर सकते हैं।

  • स्टेप 1- सबसे पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट irctctourism.com पर जाएं।
  • स्टेप 2- होमपेज पर दिए गए ‘More’ या ‘Services’ टैब पर क्लिक करें।
  • स्टेप 3- इसके बाद ‘AT STATIONS’ सेक्शन के अंदर जाकर ‘E-Wheelchair’ वाले विकल्प को चुनें।
  • स्टेप 4- अब अपना 10 अंकों का PNR नंबर दर्ज करें और ‘Search’ पर क्लिक करें। ऐसा करते ही आपकी ट्रेन और यात्रा की पूरी जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी।
  • स्टेप 5- यहां आपको चुनना होगा कि आपको व्हीलचेयर कहां चाहिए—बोर्डिंग स्टेशन (जहां से ट्रेन पकड़नी है) पर या डेस्टिनेशन स्टेशन (जहां उतरना है) पर।
  • स्टेप 6- सारी जानकारी भरने के बाद ‘Book’ पर क्लिक करें। बुकिंग होने के बाद जो वाउचर या कन्फर्मेशन मैसेज मिले, उसका प्रिंट ले लें या मोबाइल-ईमेल पर सुरक्षित रख लें।

कुली की ऑनलाइन बुकिंग कैसे होगी?

इस बात को ऐसे समझिए कि 16 नवंबर से आप अपने स्मार्टफोन के जरिए रेलवे के अधिकृत एप से पहले ही कुली बुक कर सकेंगे। कुली की यह बुकिंग सीधे आपके ट्रेन टिकट के PNR नंबर से जुड़ी होगी।

इससे कुली को पहले से ही पता होगा कि आपकी ट्रेन किस समय आने या जाने वाली है और आपका कोच किस प्लेटफॉर्म पर रुकेगा। इससे आपको स्टेशन पर पहुंचते ही तय समय पर कुली मिल जाएगा और आपको मोल-भाव करने या भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

रेलवे के इस पहल से सफर होगा आसान

गौरतलब है कि रेलवे के इस पहल से बुजुर्ग और दिव्यांगजन को बड़ा फायदा मिलेगा। इन्हें अब स्टेशन पर व्हीलचेयर या सहायक ढूंढने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि स्टेशन पर पहुंचते ही मदद मिल जाएगी।

इसके अलावा जो लोग परिवार के साथ सफर कर रहे हैं या जिनके पास बहुत ज्यादा लगेज है, वे निश्चिंत होकर सफर कर सकते हैं। उन्हें स्टेशन के अंदर घुसते ही तय दरों पर कुली मिल जाएगा।

महाराजगंज में सुसाइड की कोशिश करने वाला सिपाही लाइन हाजिर:पटाखे के बंटवारे को विवाद में कहा था- थाना प्रभारी ने खुद पटाखे निकाले, मुझे चोर कहा

महराजगंज जिले के निचलौल थाने में तैनात हेड मुहर्रिर विशाल सिंह के जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश का मामला अब तूल पकड़ रहा है। इस प्रकरण में पीड़ित सिपाही विशाल सिंह को ही ‘लाइन हाजिर’ कर दिया गया है। यह पूरी घटना दीपावली की रात की है, जब निचलौल थाने में जब्त किए गए अवैध पटाखों के वितरण और हेराफेरी को लेकर अंदरखाने विवाद शुरू हुआ। हेड मुहर्रिर विशाल सिंह ने आरोप लगाया कि पकड़े गए पटाखों में से एक हिस्से को दबाव बनाकर आरोपी कौमेन अली को दिलवा दिया गया। इस पूरे खेल में कारखास आनंद सिंह की भूमिका और मुंशी विशाल शर्मा द्वारा बनाए गए वीडियो ने मामले को और पेचीदा बना दिया।
इस आत्मघाती कदम से ठीक पहले विशाल सिंह ने एक सुसाइड नोट लिखकर अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर अपलोड कर दिया। जब साथी पुलिसकर्मियों ने फोन पर यह खौफनाक स्टेटस देखा, तो महकमे में भगदड़ मच गई। आनन-फानन में उन्हें स्थानीय अस्पताल से महराजगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। अपलोड नोट में निचलौल थाना प्रभारी योगेन्द्र राय, सिपाही मनीष सिंह, कारखास आनंद सिंह, विधायक प्रेम सागर पटेल, विशाल यादव, भोलू यादव और आलोक शर्मा समेत कुल सात लोगों पर गंभीर मानसिक प्रताड़ना व अपमानित करने के आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि पकड़े गए पटाखों में से एक हिस्से को दबाव बनाकर आरोपी कौमेन अली को दिलवा दिया गया, जिसके बाद विशाल सिंह को चोर घोषित कर दिया गया था। विशाल सिंह का सीधा आरोप है कि पटाखों के इस पूरे विवाद और बंदरबांट के बाद उन्हें ‘चोर’ घोषित कर दिया गया, जिससे आहत होकर उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। —- ये खबर भी पढ़ें महराजगंज में थाने में हेड कॉन्स्टेबल ने जहर खाया:वॉट्सएप पर स्टेटस में लिखा- थाना प्रभारी ने खुद पटाखे निकाले, मुझे चोर कहा महराजगंज के थाने में दीपावली की रात जब्त पटाखों को लेकर पुलिसवालों के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। पूरी खबर पढ़ें

बस्ती में रास्ते के विवाद में दंपती पर हमला:पति का सिर फटा, पत्नी घायल; जान से मारने की धमकी

नगर थाना क्षेत्र के कोठवा भरतपुर गांव में रास्ते को लेकर हुए विवाद में एक दंपती पर हमला किया गया। पति बुद्धिराम चौहान का सिर फट गया और उनकी पत्नी अनारकली घायल हो गईं। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है।
बुद्धिराम चौहान पुत्र हजारी, निवासी कोठवा भरतपुर के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 को सुबह करीब 6:30 बजे रास्ते को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि रामटिहल पुत्र हजारी, आकाश पुत्र चैतू, चिंगू पुत्र चैतू और पुनीता पत्नी चैतू ने उनके और उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की।
बुद्धिराम का आरोप है कि उन पर लात-घूंसों, डंडे और ईंट से हमला किया गया। इससे उनका सिर फट गया और शरीर पर कई जगह चोटें आईं। मारपीट में उनका चश्मा भी टूट गया। अनारकली के हाथ और पैर में चोटें आई हैं।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने थाना नगर में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

‘तुरंत एक्शन लेना बहुत जरूरी’, दिल्ली-NCR में वाहनों से बढ़ते प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त; मांगा एक्शन प्लान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान को बढ़ते प्रदूषण को लेकर कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने आदेश दिया है कि वे उन उपायों की पूरी डिटेल दें, जो ओवर-एज और नियमों के खिलाफ चल रहे वाहनों को दिल्ली-एनसीआर में घुसने और चलने से रोकने के लिए किए गए हैं।

सुनवाई के दौरान इस मामले में सख्ती दिखाते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने साफ-साफ कहा है कि वाहनों से होने वाला प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है और इस पर तुरंत एक्शन लेना बहुत जरूरी है।

कोर्ट ने किस-किस से मांगा जवाब?

सर्वोच्च न्यायालय ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान की सरकारें, साथ ही म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ऑफ दिल्ली (MCD) और दिल्ली पुलिस से इस पूरे मामले में जवाब मांगा है। कोर्ट ने सभी पक्षों को दो हफ्ते के भीतर अपना जवाब दाखिल करने का समय दिया है।

इन दो हफ्तो में इन तीनों राज्य के सरकारों को कोर्ट में बताना है कि मौजूदा समय में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए राज्य में क्या सख्ती बरती जा रही है और प्रदूषण कम करने के लिए आगे शॉर्ट-टर्र्म और लॉन्ग-टर्म प्लान क्या हैं?

दिल्ली एनसीआर के लिए कोर्ट ने क्या कहा?

बता दें कि चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने यह निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में न सिर्फ स्थानीय वाहन प्रदूषण फैला रहे हैं, बल्कि पड़ोसी राज्यों से आने वाले भारी-भरकम कमर्शियल और प्राइवेट वाहन भी स्थिति को और गंभीर बना रहे हैं।

अदालत ने क्या-क्या बड़े सवाल उठाए हैं?

इन प्रदेशों में बढ़ते प्रदूषण के बीच सर्वोच्च न्यायलय ने कुछ बड़े सवाल भी पूछे हैं। 

प्रदूषण मानक और PUC- जो गाड़ियां तय प्रदूषण मानकों पर खरी नहीं उतरतीं, उनकी पहचान कैसे की जाती है और पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट के नियमों को कैसे लागू किया जा रहा है?

अब तक क्या कार्रवाई हुई?- अधिकारियों को यह बताना होगा कि नियमों तोड़ने वालों पर क्या एक्शन लिया गया? कितने वाहनों की जांच हुई, कितने चालान काटे गए, कितनों की एंट्री रोकी गई या अन्य कानूनी कार्रवाई की गई।

आपसी तालमेल-  इसके अलावा दिल्ली और पड़ोसी राज्य मिलकर अंतर-राज्यीय वाहनों के आने-जाने को कैसे कंट्रोल कर रहे हैं?

CAQM और न्यायमित्र के सुझाव- कमिशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) और कोर्ट के न्यायमित्र द्वारा दिए गए सुझावों पर इन राज्यों की क्या राय है और वे इसके अलावा क्या कदम उठाएंगे।

पराली जली कम, पर गाड़ियों का धुआं बढ़ा

गौरतलब है कि यह मामला 6 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण से जुड़े एक स्वतः संज्ञान मामले की सुनवाई के दौरान सामने आया। कोर्ट ने माना कि दिल्ली, यूपी, हरियाणा और पंजाब/राज्यों में पराली जलाने की घटनाओं में काफी कमी आई है, जो कि एक राहत की बात है।

हालांकि इसके साथ ही कोर्ट ने चिंता जताई कि जैसे-जैसे पराली के मामले घटे हैं, वैसे-वैसे गाड़ियों के धुएं से होने वाला प्रदूषण तेजी से बढ़ गया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर को होगी।

बरगदहा में आग से फूस का मकान जला:गाड़ी में धमाका, अनाज और घरेलू सामान राख; 9 हजार रुपए नकद भी जले

दीपावली की रात श्रावस्ती के जमुनहा क्षेत्र के बरगदहा गांव में आग लगने से रामदुलारे पुत्र ननकू का फूस का मकान जल गया। आग में घर का सामान और गाड़ी भी जल गई। गाड़ी में धमाका भी हुआ। आग देर रात अज्ञात कारणों से लगी। लपटें फैलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालकर और मिट्टी फेंककर आग बुझाई। घर में रखा गेहूं, धान, चावल समेत खाद्यान्न, तखत, चारपाई, बिस्तर, पंखा, लकड़ी और अन्य घरेलू सामान जल गया। पीड़ित के मुताबिक, खेत के लिए खाद खरीदने को रखे 9 हजार रुपए नकद भी जल गए। आग से एक लाख रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान है। घर का सामान जलने से परिवार के सामने रहने और खाने-पीने की समस्या खड़ी हो गई है। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार को आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है।