Home Blog Page 146

सोशल मीडिया पर प्रधान और सचिव पर अभद्र टिप्पणी:बागापार में VDO की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया

सोशल मीडिया पर ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव के खिलाफ अभद्र टिप्पणी, पुलिस ने आरोपी को थाने बुलाया
ग्राम पंचायत अधिकारी की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस, सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग का मामला
बागापार। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग गांव में सोशल मीडिया पर ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत अधिकारी की शिकायत के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने संबंधित आरोपी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है।
मामले को लेकर ग्राम पंचायत अधिकारी ने पुलिस से शिकायत की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस प्रकरण को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Census 2027 Basti: Online Self-Enumeration Starts November 16

जनगणना 2027 के तहत बस्ती में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना अभियान चलेगा। नागरिक इस दौरान परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

.

इसके लिए आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर प्रक्रिया पूरी करनी होगी। जिला जनगणना अधिकारी ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि पोर्टल पर लॉगिन के बाद मोबाइल पर मिले ओटीपी से सत्यापन करना होगा। फिर प्रश्नावली में परिवार की जानकारी भरनी होगी।

स्व-गणना पूरी होने पर 11 अंकों की SE आईडी मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना होगा और घर पर जानकारी की जांच के लिए आने वाले प्रगणक को दिखाना होगा।

ज्ञानचंद गुप्ता ने बस्ती के नागरिकों से तय समय में स्व-गणना करने और परिवार की सही व पूरी जानकारी दर्ज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सही आंकड़े नीतियों और योजनाओं के निर्माण में मदद करेंगे।

उन्होंने ‘हर परिवार गिनती में, हर नागरिक राष्ट्र निर्माण में’ के संकल्प के साथ अभियान में हिस्सा लेने की अपील की।

‘क्या महत्वाकांक्षी होना अपराध है?’, प्रणब मुखर्जी की बेटी ने सोनिया गांधी के खुलासे पर किया पलटवार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी और लेखिका शर्मिष्ठा मुखर्जी ने अपने पिता की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा को लेकर सोनिया गांधी के दावों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि राजनीति में शीर्ष पद की इच्छा रखना कोई गुनाह नहीं है, खासकर तब जब उसके पीछे दशकों का लंबा अनुभव और असाधारण कार्यक्षमता हो।

अपने पिता का बचाव करते हुए शर्मिष्ठा ने यह कहा कि प्रधानमंत्री बनने की उनकी महत्वाकांक्षा के पीछे दशकों का अनुभव और एक असाधारण दिमाग था।

यह पूरा विवाद सोनिया गांधी की हालिया आत्मकथा में किए गए एक खुलासे के बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने 2010 की एक घटना का जिक्र किया है।

सोनिया गांधी की किताब में जिक्र

सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में 2010 में प्रणब मुखर्जी के साथ हुई एक बातचीत का हवाला देते हुए लिखा है कि एक मुलाकात के दौरान प्रणब दा ने उन्हें यह सुझाव देकर चौंका दिया था कि शायद अब शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है।

सोनिया के अनुसार, उन्होंने इसे प्रधानमंत्री पद की उनकी पुरानी इच्छा के संकेत के रूप में समझा था और उस वक्त उन्होंने तुरंत बातचीत का विषय बदल दिया था। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि प्रणब मुखर्जी ने कभी इस बात का बुरा नहीं माना और वे इस स्थिति को बहुत सहजता से ले गए थे।

शर्मिष्ठा ने उठाए सवाल

इस पर शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सवाल किया, इसमें हैरान होने वाली क्या बात है? क्या महत्वाकांक्षी होना कोई अपराध है? खासकर तब, जब इस महत्वाकांक्षा के पीछे राजनीति और शासन का दशकों लंबा अनुभव, कड़ी मेहनत और एक असाधारण दिमाग हो?

उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपने पिता से प्रधानमंत्री बनने की उनकी इच्छा के बारे में पूछा था, तो उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया कि राजनीति में जो भी नेता काबिल है, उसमें ऐसी महत्वाकांक्षा होती ही है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि उनके पिता ने बहुत साधारण शुरुआत की थी और अपनी काबलियत और कड़ी मेहनत के दम पर ही सब कुछ हासिल किया।

उन्हें प्रधानमंत्री का पद या कोई अन्य पद किसी पारिवारिक विरासत या वंशवाद की वजह से थाली में सजाकर नहीं मिला था। शर्मिष्ठा ने कहा, अगर कोई योग्य व्यक्ति प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखता है, तो इसमें गलत क्या है? क्या सोनिया जी को इस बात से झटका लगा कि गांधी-नेहरू परिवार के बाहर का कोई व्यक्ति ऐसी महत्वाकांक्षा रखने की हिम्मत कैसे कर सकता है, और फिर उनसे इसका इशारा करने की भी जुर्रत कर सकता है?

अपने पिता के स्वभाव का जिक्र करते हुए शर्मिष्ठा ने सोनिया गांधी को आश्वस्त किया कि प्रणब मुखर्जी एक बेहद व्यावहारिक और समझदार राजनेता थे।

उन्होंने अपनी डायरियों और निजी बातचीत के आधार पर स्पष्ट किया कि उनके पिता ने सोनिया गांधी या किसी अन्य के प्रति कभी कोई मनमुटाव या कड़वाहट नहीं रखी। वे भली-भांति समझते थे कि राजनीति में फैसले किन कारणों और मानवीय असुरक्षाओं के तहत लिए जाते हैं।

बाद में राष्ट्रपति बने प्रणब मुखर्जी

दूसरी ओर, सोनिया गांधी ने अपनी किताब में यह भी याद किया है कि तमाम राजनीतिक समीकरणों के बावजूद 2012 में कांग्रेस पार्टी ने ही प्रणब मुखर्जी को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद यानी राष्ट्रपति के लिए यूपीए (UPA) का उम्मीदवार बनाया था, जिस पर वे भारी बहुमत से चुने गए थे।

शर्मिष्ठा मुखर्जी ने भी अपने पिता को याद करते हुए कहा कि वे एक ज्ञानी और विद्वान राजनेता थे, जिनसे मिलने और सीखने के लिए वे अक्सर जाया करती थीं। यह पूरा घटनाक्रम एक बार फिर कांग्रेस के भीतर के राजनीतिक समीकरणों और शीर्ष नेतृत्व की आकांक्षाओं पर दिलचस्प बहस छेड़ गया है।

पेंशनर शिक्षकों ने कार्यसमिति भंग करने की मांग की:जमुनहा में प्राथमिक शिक्षक संघ के चुनाव निष्पक्ष तरीके से कराने को कहा

श्रावस्ती के जमुनहा में प्राथमिक शिक्षक संघ की मासिक बैठक में सेवानिवृत्त शिक्षकों ने प्रदेश नेतृत्व की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने वर्तमान कार्यसमिति भंग कर निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष ने गलत तरीके से रामबरन तिवारी को अध्यक्ष और तुलसीराम को कोषाध्यक्ष बनाया। उन्होंने महामंत्री द्वारिका प्रसाद ओझा को पद से हटाने का भी विरोध किया। बैठक में मौजूद सेवानिवृत्त शिक्षकों ने कहा कि कार्यसमिति को गलत तरीके से भंग कर पदाधिकारियों का चयन किया गया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव से संगठन में पारदर्शिता और शिक्षकों का भरोसा कायम रहेगा। बैठक में सर्वसम्मति से तय हुआ कि प्रदेश नेतृत्व ने उचित कार्रवाई नहीं की तो सभी सेवानिवृत्त शिक्षक दूसरे संगठन से जुड़ेंगे। वे पेंशनरों के हितों और समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष और विचार करते रहेंगे। शिक्षकों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य शिक्षक हितों की रक्षा करना है। इसलिए मनमाने फैसलों के बजाय लोकतांत्रिक व्यवस्था और सभी सदस्यों की भागीदारी जरूरी है। बैठक में भगत राम वर्मा, तीरथ राम, श्रीचंद्र तिवारी, शांति देवी, राम अभिलाष सिंह और भगवानदीन वर्मा सहित दर्जनों सेवानिवृत्त शिक्षक मौजूद रहे।

‘राहुल से पहले भी था एक बेटा, पैदा होते ही छिन गई थी खुशियां’; सोनिया गांधी ने साझा किया दर्द

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की हाल ही में जारी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में एक ऐसे बच्चे का जिक्र है, जिसके बारे में सार्वजनिक जीवन में शायद ही कभी चर्चा नहीं हुआ।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, यह बच्चा उनका और उनके पति, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का पहला बेटा था, जिसे इस दंपति ने राहुल गांधी के जन्म से एक साल से भी अधिक समय पहले खो दिया था।

सोनिया गांधी लिखती हैं कि यह दुखद घटना जनवरी 1969 में घटी थी। इससे कुछ महीने पहले ही जब उनके गर्भवती होने की खबर आई थी, तो पूरे गांधी परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई थी।

सार्वजनिक तौर पर अपनी भावनाएं खुलकर न जताने वाली पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी इस खबर का गर्मजोशी से स्वागत किया था और अपनी बहू को गले लगा लिया था। इंदिरा गांधी ने खुशी में कहा था कि एक बड़ा बच्चा दूसरे बच्चे को जन्म देने जा रहा है।

प्रीमैच्योरहोने होने के कुछ घंटों के बाद हुई मौत

हालांकि, यह खुशी ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी। तय समय से करीब दो महीने पहले ही सोनिया गांधी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और 18 जनवरी 1969 को उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। प्रीमैच्योरहोने के बावजूद नवजात देखने में स्वस्थ लग रहा था।

सोनिया लिखती हैं कि जब बच्चे को इनक्यूबेटर में रखा गया, तब मैंने उसकी पहली रोने की आवाज सुनी। बाद में राजीव मुझे उसे दिखाने ले गए, घने काले बालों और लंबी, पतली उंगलियों वाला एक नन्हा सा सुंदर बच्चा। हमें देखते ही उससे बेपनाह प्यार हो गया।

लेकिन वह नन्हीं जान केवल कुछ ही घंटे जीवित रह सकी। डॉक्टरों ने राजीव गांधी को पहले ही आगाह कर दिया था कि बच्चे के बचने की संभावना बहुत कम है। अगली सुबह जब इस दंपति को बच्चे के न रहने की खबर मिली, तो दोनों गहरे सदमे में आ गए।

सोनिया गांधी याद करती हैं कि हमेशा संयमित रहने वाले राजीव गांधी भी खुद को रोक नहीं पाए और उनके साथ फूट-फूट कर रोने लगे। उस समय दौरे पर बाहर गईं इंदिरा गांधी भी अपना दौरा बीच में छोड़कर तुरंत अस्पताल पहुंचीं और उन्होंने नम आंखों से दोनों को गले लगाया।

महरौली में हुई थी अंतिम विदाई

बच्चे के चले जाने के बाद परिवार के सामने यह सवाल खड़ा हुआ कि उसका अंतिम संस्कार कैसे किया जाए। सोनिया गांधी बताती हैं कि नवजात शिशुओं के पारंपरिक अंतिम संस्कार के तहत जब बच्चे के पार्थिव शरीर को नदी में प्रवाहित करने की बात चली, तो वह बुरी तरह सहम गईं।

दिल्ली के ओखला बैराज के पास एक शव को फंसे देखने की पुरानी और डरावनी याद उनके जेहन में कौंध गई। उन्होंने साफ कह दिया कि कुछ भी हो जाए, मैं अपने बच्चे को नदी में नहीं फेंकने दूंगी।

इसके बाद परिवार ने तय किया कि बच्चे को दक्षिण दिल्ली के महरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्म पर दफनाया जाएगा। राजीव गांधी और उनके छोटे भाई संजय गांधी ने मिलकर गुलाबी बोगनवेलिया की झाड़ी के नीचे उस नन्हें बच्चे को दफनाया।

सोनिया गांधी लिखती हैं कि यह फैसला बेहद दर्दनाक था, लेकिन इसके अलावा कोई रास्ता नहीं था। इसके बाद लंबे समय तक जब भी वे वहां जाते, उस जगह पर फूल जरूर रखते थे।

राजनीतिक हमलों का दर्द की बयां

इस निजी त्रासदी ने सोनिया गांधी को कई महीनों तक गहरे दुख और आत्मग्लानि में रखा। उस वक्त उनके जख्मों पर नमक तब छिड़का गया, जब एक दक्षिणपंथी पत्रिका ने उस बच्चे की वैधता पर सवाल उठाते हुए बेहद घटिया और तीखा लेख लिखा। सोनिया लिखती हैं कि उन जहरीले शब्दों ने मेरे दिल पर गहरा घाव छोड़ दिया। लोग इतने क्रूर कैसे हो सकते हैं?

उसी साल के अंत में सोनिया गांधी दोबारा गर्भवती हुईं। हालांकि, पिछली घटना के सदमे की वजह से परिवार जश्न मनाने के बजाय इस बार लगातार चिंतित रहा। आखिरकार, 19 जून 1970 को राहुल गांधी का जन्म हुआ और परिवार की यह चिंता दूर हुई।

यह भी पढ़ें- राजीव से सियासत से दूर रहने की लगाई थी गुहार, पर राहुल को नहीं रोका; सोनिया गांधी के इस फैसले के पीछे क्या थी वजह?

यह भी पढ़ें- ‘अब प्रधानमंत्री बदलने का समय आ गया है…’ 2010 में प्रणब मुखर्जी के इस सुझाव से हैरान रह गई थीं सोनिया गांधी

भाजपा ने सदर ब्लॉक सभागार में संगठनात्मक बैठक की:संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा

महराजगंज के सदर ब्लॉक सभागार में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक हुई। इसमें संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया और विधानसभा प्रभारी निरंकार त्रिपाठी मौजूद रहे। परदेशी रविदास, बबलू यादव और सदर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विवेक कुमार गुप्ता भी शामिल हुए। अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री नरेंद्र खरवार, चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. सूरज सिंह, जिला उपाध्यक्ष डॉ. फरीदा इरम और संतोष जायसवाल भी बैठक में मौजूद थे। इसके अलावा ओमप्रकाश गुप्ता, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, देहात मंडल अध्यक्ष टाइगर तिवारी, वरिष्ठ नेता बलराम दुबे और जिला मीडिया प्रभारी संजीव शुक्ला शामिल हुए। विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रदेश सह संयोजक शिक्षक प्रकोष्ठ डॉ. शांतिशरण मिश्र सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

साउघाट में खेतों में पानी भरने से फसल खराब:किसानों ने बताया- फसल से परिवार का खर्च और बच्चों की पढ़ाई चलती है

बस्ती के साउघाट के कई इलाकों में खेतों में पानी भरने से फसल खराब हो रही है। किसानों का कहना है कि इससे उनकी मेहनत और फसल पर लगा पैसा बर्बाद हो रहा है।
स्थानीय निवासी महेंद्र कुमार, कुलदीप कुमार, विशाल कुमार, सचिन कुमार, बिंद्रेश कुमार, गौतम, रामविलास, छबिलाल और रंजीत कुमार ने बताया कि खेतों में फसल के साथ पानी जमा है।
किसानों ने कहा कि खेतों की फसल से उनके परिवार का खर्च चलता है। इसी से बच्चों की पढ़ाई और पालन-पोषण होता है। फसल खराब होने से वे चिंतित हैं।

बेंगलुरु में दीवाली पर आतिशबाजी से 74 लोगों की आंखों की रोशनी पर संकट, अस्पतालों में मची चीख-पुकार

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु में दीवाली के दौरान आंख में चोट लगने के कई मामले सामने आए हैं। अस्पताल के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि शहर के मिंटो ऑप्थैल्मिक अस्पताल और नारायण नेत्रालय में पटाखे से आंखों में चोट लगने के करीब 74 मामले सामने आए हैं। इनमें बच्चे और आसपास मौजूद लोग भी शामिल हैं।

मिंटो ऑप्थैल्मिक अस्पताल के आंकड़ों के मुताबिक, 6 से 9 नवंबर के बीच वहां पटाखे से आंखों में चोट लगने वाले 28 मरीजों का इलाज किया गया, जिनमें 10 बच्चे और 18 वयस्क शामिल थे। इन 28 मामलों में से 11 लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि 17 लोगों को गंभीर चोटें लगीं।

जानकारी सामने आई कि इनमें 12 वे मरीज थे, जिन्हें खुद पटाखे जलाते समय चोट लगी, जबकि बाकी 16 लोग आसपास मौजूद होने के कारण घायल हुए। इलाज कराने वाले मरीजों में से 25 बेंगलुरु के थे, जबकि एक-एक मरीज डोड्डाबल्लापुरा, मैसूरु और रायचूर से थे।

पटाखों से आंख में लगी गंभीर चोट

9 नवंबर तक के आंकड़ों का हवाला देते हुए अस्पताल ने बताया कि जिन पटाखों से चोटें लगीं, उनमें बिजली, एटम बम, स्काई शॉट्स और लक्ष्मी पटाखे शामिल थे।

राजाजीनगर स्थित नारायण नेत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 7 नवंबर से 10 नवंबर की सुबह 11 बजे तक 46 मरीजों का इलाज किया गया, जिनमें 25 बच्चे शामिल थे। इनमें से 16 लोग आसपास मौजूद होने के कारण घायल हुए, जबकि 30 लोगों को खुद पटाखे जलाते समय चोट लगी।

44 मरीजों का इलाज दवाओं से किया गया, जबकि एक मरीज की कॉर्निया फटने (कॉर्नियल टियर) के कारण सर्जरी की गई। वहीं एक अन्य मरीज को भी कॉर्निया फटने के कारण सर्जरी कराने की सलाह दी गई है।

‘बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें’

नारायण नेत्रालय के निदेशक डॉ. नरेन शेट्टी ने माता-पिता को सलाह दी है कि वे बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें और उन्हें पटाखों से सुरक्षित दूरी पर रखें। उन्होंने लोगों को यह भी सलाह दी कि त्योहार मनाते समय आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मा पहनें, ताकि आंखों में चोट लगने का खतरा कम हो सके।

नारायण नेत्रालय में कॉर्निया सेवाओं के विभागाध्यक्ष और सलाहकार डॉ. यतीश एस. ने बताया कि ज्यादातर मरीजों का इलाज ओपीडी (OPD) में दवाओं के जरिए किया गया, जबकि एक मरीज की सर्जरी करनी पड़ी उन्होंने कहा कि जागरूकता के प्रयासों के बावजूद, पटाखों से आंखों में चोट लगने के मामले सामने आ रहे हैं।

भैया दूज की खरीदारी के लिए जमुनहा बाजार में भीड़:चूड़ा-भुरकी की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी

श्रावस्ती के जमुनहा बाजार में भैया दूज की खरीदारी के लिए मंगलवार को दिनभर भीड़ रही। थाना मल्हीपुर क्षेत्र के इस बाजार में सुबह से ही ग्राहक पहुंचने लगे थे। लोग परिवार के साथ आए और त्योहार का सामान खरीदा। सबसे ज्यादा भीड़ चूड़ा और भुरकी की दुकानों पर रही।
भैया दूज पर बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। भाई बहनों को उपहार देते हैं। इस परंपरा के लिए घरों में तैयारियां की जाती हैं।
महिलाएं पूजा और पकवान बनाने की तैयारी में जुटी रहीं। पुरुष बाजार से चूड़ा, भुरकी, मिठाई, फल, तिलक और पूजा का सामान खरीदते दिखे।
जमुनहा बाजार के किराना दुकानदारों ने बताया कि त्योहार के चलते इस बार खरीदारी बढ़ी है। चूड़ा-भुरकी के साथ मिठाई, फल और दूसरी खाद्य सामग्री भी खूब बिकी।
ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचे। लोगों ने बताया कि भैया दूज पर चूड़ा-भुरकी का खास महत्व है, इसलिए वे इसे पहले खरीदते हैं।

‘किताब का नाम बिलॉन्गिंग नहीं, व्हाइटवॉशिंग होना चाहिए था’; सोनिया गांधी की बुक पर बीजेपी का तंज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के बाजार में आते ही राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। भाजपा ने इस किताब को लेकर सोनिया गांधी पर जोरदार हमला बोला है।

भाजपा प्रवक्ता सीआर केशवन ने आरोप लगाया कि इस किताब का मकसद नेहरू-गांधी परिवार और कांग्रेस की ऐतिहासिक गलतियों पर पर्दा डालना यानी व्हाइटवॉश करना है।

केशवन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर सिलसिलेवार पोस्ट करते हुए कहा कि इस किताब का शीर्षक ‘बिलॉन्गिंग’ की जगह ‘व्हाइटवाशिंग’ होना चाहिए था, क्योंकि इसमें कांग्रेस के ऐतिहासिक पापों और गलतियों को छिपाने की कोशिश की गई है।

बाबरी, 1984 के सिख दंगे और 26/11 पर उठाए सवाल

किताब में बाबरी मस्जिद विध्वंस पर सोनिया गांधी द्वारा आंसू बहाने के जिक्र पर सवाल उठाते हुए भाजपा प्रवक्ता ने पूछा कि क्या उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के लिए कभी एक भी आंसू बहाया?

केशवन ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गुरुद्वारों पर हमले हुए और हजारों बेगुनाह सिखों का कत्लेआम हुआ, लेकिन उस त्रासदी पर गांधी परिवार खामोश रहा।

उन्होंने बाटला हाउस मुठभेड़ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सोनिया गांधी आरोपियों के लिए भावुक हो गई थीं, लेकिन क्या उन्होंने देश की रक्षा में शहीद होने वाले सीआरपीएफ के वीर जवानों के लिए कभी संवेदना जताई?

इसके अलावा केशवन ने 2008 के मुंबई 26/11 आतंकी हमलों का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या यह आत्मकथा बताएगी कि बेकसूर लोगों की मौत पर तत्कालीन यूपीए सरकार ने पाकिस्तान पर सख्त जवाबी कार्रवाई क्यों नहीं की।

आपातकाल को सही ठहराने और नटवर सिंह की मुलाकात पर घेरा

भाजपा प्रवक्ता ने 1975 में इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए इमरजेंसी पर सोनिया गांधी के रुख की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जिस आपातकाल ने देश के संविधान की हत्या की और नागरिकों के मौलिक अधिकार छीन लिए, उसे सही ठहराना और सामान्य बताना बेहद चौंकाने वाला और निंदनीय है।

केशवन ने पूर्व विदेश मंत्री के. नटवर सिंह की 2014 की आत्मकथा ‘वन लाइफ इज नॉट इनफ’ का हवाला देते हुए पूछा कि उनकी किताब आने से पहले सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी अचानक उनसे मिलने उनके घर क्यों गई थीं?

उन्होंने पूछा कि साढ़े आठ साल बाद हुई उस मुलाकात के पीछे क्या डर था और क्या इस किताब में मई 2004 में यूपीए सरकार बनने के समय के पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी?

‘सहमति न मिलने पर छोड़ा पीएम पद’

भाजपा के साथ-साथ एनडीए के अन्य नेताओं ने भी सोनिया गांधी पर निशाना साधा। जनता दल (यू) के सांसद संजय कुमार झा ने सोनिया गांधी के 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के दावे पर सवाल उठाया।

उन्होंने कहा कि संख्या बल जुटाने के दौरान समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव ने उनके नाम पर समर्थन देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया, अन्यथा पीएम बनने की पूरी तैयारी थी।

वहीं भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि सोनिया गांधी के लिखने से कोई फर्क नहीं पड़ता और कोई इसे पढ़ने वाला नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने दावा किया कि तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने सोनिया गांधी के विदेशी मूल के चलते उन्हें प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाने से इनकार कर दिया था, जिसे बाद में त्याग का रूप दे दिया गया।

क्या है सोनिया गांधी की आत्मकथा में?

‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ शीर्षक वाली यह आत्मकथा सोनिया गांधी के इटली में बीते बचपन, कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात और भारत में उनके पारिवारिक व राजनीतिक जीवन को समेटती है। किताब में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की नृशंस हत्या के दौर का भी ब्योरा है।

इसके अलावा, किताब में 2004 में यूपीए की जीत के बाद प्रधानमंत्री पद न लेने के आंतरिक द्वंद्व, कांग्रेस नेताओं के साथ हुई चर्चा और बेटे राहुल गांधी के साथ अंतिम बातचीत का विस्तार से जिक्र किया गया है।

सोनिया गांधी ने गांधी परिवार की नई बहू के रूप में अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के गुस्से और अनुशासन से जुड़े कुछ अनछुए किस्से भी साझा किए हैं।

यह भी पढ़ें- ‘अब प्रधानमंत्री बदलने का समय आ गया है…’ 2010 में प्रणब मुखर्जी के इस सुझाव से हैरान रह गई थीं सोनिया गांधी

यह भी पढ़ें- ‘मैं डर से कांपने लगती थी…’, सोनिया ने अपनी किताब में इंदिरा गांधी के गुस्से के बारे में और क्या बताया?