Home Blog Page 150

NH-27 पर छुट्टा सांड सड़क पर घूम रहे:शंकरपुर-विक्रमजोत चौराहे से नहर पुलिया तक हादसे का खतरा, लोगों ने सांडों को गौशाला भेजने की मांग की

बस्ती के शंकरपुर-विक्रमजोत चौराहे से शंकरपुर नहर पुलिया तक राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर छुट्टा सांड और दूसरे जानवर घूमते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने इस रास्ते पर हादसे का खतरा बताया है। लोगों के मुताबिक, हाईवे से गुजरने वाले ट्रक, बस, बाइक सवार और पैदल राहगीरों को परेशानी होती है। कई बार सांड अचानक सड़क के बीच आ जाते हैं, जिससे चालकों को ब्रेक लगाना पड़ता है। हाईवे पेट्रोलिंग और ब्लॉक के कर्मचारी कभी-कभी गाड़ी रोककर सांडों को सड़क से नीचे खदेड़ते हैं। उनके जाने के करीब 10 मिनट बाद जानवर फिर हाईवे पर आ जाते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से छुट्टा जानवरों को पकड़कर गौशाला भेजने की व्यवस्था करने और रात में पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने जानवरों को हाईवे पर आने से रोकने के लिए कदम उठाने को भी कहा है।

तमिलनाडु: होसुर में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्लांट में हादसा, ETP टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के होसुर में एप्पल के आईफोन के पुर्जे बनाने वाली टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (TEPL) की फैक्ट्री में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया।

वेस्टवाटर यानी एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट के टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से तीन कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की जान चली गई।

कैसे हुआ हादसा?

यह घटना सोमवार शाम को कृष्णागिरी जिले के होसुर स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स परिसर में हुई। तीनों मजदूर ईटीपी टैंक के भीतर जमा कीचड़ और गाद साफ करने के लिए उतरे थे।

सफाई के दौरान जहरीली गैस के संपर्क में आने और ऑक्सीजन की कमी के चलते तीनों का दम घुट गया और वे बेहोश हो गए।

हादसे में जान गंवाने वाले तीनों मजदूरों की पहचान होसुर निवासी 30 वर्षीय कावेरी, धर्मपुरी जिला निवासी 28 वर्षीय बी. अकमल, धर्मपुरी जिला निवासी 28 वर्षीयएम. सारथी कुमार के रूप में की गई है

हादसे के तुरंत बाद तीनों को होसुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए कृष्णागिरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।

नालको के जरिए रखे गए थे कर्मचारी

ये तीनों कर्मचारी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स द्वारा सीधे तौर पर नहीं, बल्कि नाल्को कंपनी के माध्यम से कॉन्ट्रैक्ट पर टैंक की सफाई के काम में लगाए गए थे। कृष्णागिरी के जिला कलेक्टर सी. दिनेश कुमार ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने पुष्टि की कि तीनों मजदूरों की मौत ईटीपी टैंक से गाद हटाते समय दम घुटने से हुई है। कलेक्टर ने बताया कि मामले की पूरी जांच के आदेश दे दिए गए हैं और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की जा रही है।

टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, जो होसुर संयंत्र में आईफोन के कलपुर्जे बनाती और असेंबल करती है, ने अब तक इस हादसे पर कोई आधिकारिक बयान या टिप्पणी जारी नहीं की है।

मजदूर की सुरक्षा और सम्मान सबसे अहम

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, राज्य मंत्री विरुधाई मगल कीर्तना ने कहा कि होसुर में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की यूनिट में हुई इस दुखद घटना में तीन कीमती जानें जाने से मुझे गहरा दुख हुआ है।

मैंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि वे प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दें और यह सुनिश्चित करें कि स्थिति को पूरी तत्परता के साथ संभाला जाए। हर मजदूर की सुरक्षा और सम्मान सबसे अहम है।

इस दुखद घटना की गहन जांच की जाएगी और जांच के नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं।

यह भी पढ़ें- तमिलनाडु में हादसा, बालिका आश्रय गृह की चार छात्राओं और वार्डन की झील में डूबने से मौत

यह भी पढ़ें- तमिलनाडु लाइब्रेरी घोटाले के बाद प्रशासनिक फेरबदल, सरकार ने IAS आरवी शाजीवन को नियुक्त किया नया निदेशक

जमुनहा में सुबह कोहरा छाया:किसानों को गेहूं, सरसों और हरी सब्जियों की फसल बढ़ने की उम्मीद

जमुनहा, श्रावस्ती। जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र में मंगलवार सुबह मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सुबह से ही खेतों और गांवों में हल्का से घना कोहरा छाया रहा। वातावरण में नमी और ठंडक बढ़ने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। क्षेत्र में बोई गई रबी की फसलों के लिए मौसम को अनुकूल माना जा रहा है।
किसानों के अनुसार, ठंड और वातावरण में बनी नमी से गेहूं की फसल की बढ़वार में मदद मिल सकती है। वहीं, सरसों के साथ पालक, मेथी, धनिया और अन्य हरी सब्जियों की खेती के लिए भी मौसम मुफीद माना जा रहा है। सुबह खेतों में कोहरे की चादर और फसलों पर नमी की बूंदें दिखाई दीं।
इस मौसम से खासकर उन किसानों को उम्मीद है, जिन्होंने खेतों में गेहूं और हरी सब्जियों की बुवाई की है। किसानों का मानना है कि अनुकूल तापमान और मिट्टी में पर्याप्त नमी रहने से फसलों का विकास बेहतर हो सकता है।
हालांकि, लगातार कोहरा और अधिक नमी रहने पर कुछ फसलों में रोग लगने का खतरा भी रहता है। ऐसे में किसानों को फसलों की नियमित निगरानी करने की जरूरत है। कुल मिलाकर मौसम में आए बदलाव ने जहां आम लोगों को ठंड का एहसास कराया है, वहीं जमुनहा क्षेत्र के किसानों को रबी की फसलों से बेहतर उत्पादन की उम्मीद बंधाई है।

जमानत मिलने पर भी डेढ़ महीने जेल में रहा आरोपी, सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार से मांगा जवाब

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में आत्महत्या के लिए उकसाने के एक मामले के आरोपी को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई थी। कोर्ट ने आरोपी को जेल में करीब एक साल बिताने के बाद जमानत दी थी, लेकिन इसके बावजूद वो और डेढ़ महीने तक जेल में ही रहा।

आरोपी के साथ ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि वकीलों ने ट्रायल कोर्ट में उसका पक्ष रखने से इनकार कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने उसे रिहा करने का निर्देश दिया और आरोपी को अवैध रूप से हिरासत में रखने के लिए उसे दिए जाने वाले मुआवजे पर उत्तर प्रदेश सरकार से जवाब मांगा।

जमानत के बावजूद जेल में रहा आरोपी

न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनमोहन की पीठ ने इस मामले को बहुत ही असामान्य और बेहद परेशान करने वाला बताया, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट का आदेश लागू नहीं हो पाया और आरोपी डेढ़ महीने तक अवैध रूप से हिरासत में रहा।

पीठ ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि वे आरोपी से 10,000 रुपये का पर्सनल बॉन्ड लेकर उसे तुरंत रिहा करें।

उत्तर प्रदेश सरकार से मांगा जवाब

अदालत ने जेल प्रशासन को आरोपी को रिहा करने का निर्देश देने के साथ-साथ, उसे अवैध रूप से हिरासत में रखने के लिए दिए जाने वाले मुआवजे पर यूपी सरकार से जवाब मांगा। साथ ही, अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि इस मामले को इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJ) के संज्ञान में लाया जाए।

पीठ ने कहा, ‘राज्य सरकार को यह बताना होगा कि याचिकाकर्ता को अब तक अवैध रूप से हिरासत में रखने के लिए उसे उचित मुआवजा क्यों न दिया जाए, जबकि इस अदालत ने डेढ़ महीने पहले ही उसे जमानत पर रिहा करने का आदेश दे दिया था।’

वकीलों ने आरोपी का पक्ष रखने से किया मना

आरोपी को पिछले साल 2025 में सितंबर में गिरफ्तार किया गया था। इस साल 28 सितंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उसे जमानत दे दी, जिसमें ट्रायल कोर्ट को अपनी समझ से उचित शर्तें तय करने का अधिकार दिया गया था।

सुप्रीम कोर्ट का जमानत का आदेश लागू नहीं हो सका क्योंकि वकीलों ने ट्रायल कोर्ट में उसका पक्ष रखने से इनकार कर दिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि इस मामले में पीड़ित व्यक्ति एक स्थानीय वकील का बच्चा था।

आरोपी ने आरोप लगाया कि स्थानीय बार एसोसिएशन सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू होने से रोक रहा है और किसी भी वकील को उसका पक्ष रखने नहीं दे रहा है। इसके बाद, आरोपी ने फिर से सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और हस्तक्षेप की मांग की।

याचिकाकर्ता ने आत्महत्या के मामले में मुकदमे को राज्य से बाहर स्थानांतरित करने की अपील करते हुए कहा, ‘अदालत परिसर के भीतर जानबूझकर एक शत्रुतापूर्ण और खौफनाक माहौल बनाना, ताकि जमानत बॉन्ड दाखिल न किए जा सके, सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए नियमित जमानत आदेश को निष्प्रभावी बनाने और उसे पलटने के समान है।’

याचिकाकर्ता ने आगे कहा, ‘ऐसे जिले में आपराधिक मुकदमा नहीं चलने दिया जा सकता, जहां स्थानीय कानूनी तंत्र, पुलिस प्रशासन और स्थानीय वकील मिलकर आरोपी के खिलाफ एक एकजुट और शत्रुतापूर्ण मोर्चा बना लें, जिससे निष्पक्ष सुनवाई के बजाय पक्षपात की उचित आशंका पैदा होती है।’

यह भी पढ़ें- राजस्थान को जेडएलडी संयंत्र उद्योगों को वित्तीय सहायता देने की बनेगी नीति, सुप्रीम कोर्ट का निर्देश

नगर अध्यक्ष ने पांच वार्डों के लक्ष्मी-पंडालों में पूजा की:दीपावली पर लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं

दीपावली पर नगर पंचायत आनंदनगर की अध्यक्ष विजय लक्ष्मी जायसवाल ने पांच वार्डों के लक्ष्मी पूजा पंडालों में जाकर पूजा की। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश जयसवाल ने बताया कि अध्यक्ष विजय लक्ष्मी जायसवाल ने सबसे पहले वार्ड नंबर 10 के चौधरी टोला में देवकी टाकीज स्थित लक्ष्मी पंडाल में पूजा की। इसके बाद वे वार्ड नंबर 04 के गणेशपुर तिलकहना, वार्ड नंबर 11 के शास्त्री नगर सहानी टोला और यादव टोला, वार्ड नंबर 03 के झलियहवा टोला और वार्ड नंबर 05 के दीनदयाल उपाध्याय नगर के पंडालों में पहुंचीं। पंडालों में श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने आरती की और नगरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद उन्होंने महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने साफ-सफाई, रोशनी और पर्व के दौरान की गई व्यवस्थाओं के लिए अध्यक्ष को धन्यवाद दिया। विजय लक्ष्मी जायसवाल ने कहा कि मां लक्ष्मी की कृपा से नगर का विकास संभव है। उन्होंने नगरवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। दीपावली पर आनंदनगर के पांच वार्डों में मां लक्ष्मी के पंडाल लगाए गए थे। लोगों ने वहां पूजा की।

लक्ष्मी पूजा के पोस्टर फाड़ने की शिकायत:कुड़वा गांव में छह लोगों पर आरोप, मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा की मांग

नगर थाना क्षेत्र के कुड़वा गांव में लक्ष्मी पूजा के पोस्टर फाड़ने की शिकायत पुलिस से की गई है। गांव के लव और कुश ने छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई और मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा देने की मांग की है। थाना अध्यक्ष को दिए प्रार्थना पत्र के मुताबिक, दोनों भाई पिछले नौ साल से गांव में लक्ष्मी पूजा पर मूर्ति स्थापित करते आ रहे हैं। पूजा के प्रचार के लिए पोस्टर और बैनर भी लगाए जाते हैं। लव और कुश ने आरोप लगाया कि आजम अली पुत्र शेर अली, शकील पुत्र आजम अली, अब्दुल कलाम उर्फ फुर्री पुत्र मेहंदी हसन, रहीम, रईस और अब्दुल हमीद पुत्र मुमताज अली पोस्टर फाड़ते हैं। शिकायत में कहा गया है कि यह काम आजम के उकसाने पर किया जाता है। उनका आरोप है कि इस साल श्याम सुंदर पुत्र स्वर्गीय शिवपूजन के मकान के पीछे तिराहे पर दीवार पर लगा लक्ष्मी पूजा का पोस्टर भी फाड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि हर साल ऐसी घटनाओं से गांव में डर और तनाव का माहौल है। लव और कुश को आशंका है कि लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी विवाद हो सकता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और विसर्जन के दौरान सुरक्षा देने की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

देशभर में दीवाली की आतिशबाजी बनी जानलेवा, 24 लोगों की मौत; 300 से ज्यादा घायल

जागरण टीम, नई दिल्ली। दीवाली पर आतिशबाजी के कारण आग लगने से 24 लोगों की मौत हो गई और बड़ी संख्या में लोग झुलस गए। मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी जिलों में दो कारोबारियों के घर आग लगने की अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक कारोबारी परिवार के सदस्य थे। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

आग लगने से उत्तर प्रदेश में तीन बच्चों की मौत हो गई। पंजाब व राजस्थान में दो-दो, तो दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, बिहार और ओडिशा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। दिल्ली में 300 के करीब लोग घायल हो गए। कहीं पटाखों के छर्रे जानलेवा बने तो कहीं आग और धमाकों ने घरों व पशुओं को अपनी चपेट में ले लिया।

तीन मंजिला मकान के पहले फ्लोर पर आग

कटनी जिले के बरही कस्बे में रविवार को दीपावली की मध्य रात्रि के बाद कारोबारी पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान के पहले फ्लोर पर स्थित क्राकरी की दुकान में आग लग गई। इसके बाद पूरा मकान भी भीषण आग की चपेट में आ गया। ऊपर दो मंजिलों में परिवार आग की लपटों के बीच घिर गया। दो माह के बच्चे सहित छह लोगों की मौके पर ही जलने से मौत हो गई। ये लोग हादसे के समय घर में सो रहे थे।

सोते वक्त हादसा

दूसरे हादसे में सिवनी जिले के छपारा कस्बा स्थित महावीर वार्ड में सराफा व्यापारी कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला घर में सोमवार को तड़के करीब चार बजे आग लग गई। हादसे के समय परिवार के 10 सदस्य सो रहे थे। छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य को रेस्क्यू करके बचाया गया। घर के सभी दरवाजों के चैनल गेट लाक थे, जिसे खोलने में मुश्किल हुई।

दिल्ली के अस्पतालों में भारी भीड़

पटाखों से झुलसने और घायल होने के कारण दिल्ली के अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ रही। सफदरजंग में 135, एम्स में 42 और आकाश हेल्थकेयर में 15 मरीजों पहुंचे। अन्य अस्पतालों में 100 से अधिक मरीज पहुंचने की जानकारी है। एम्स में 11 मरीज गंभीर रूप से झुलसे, पांच की सर्जरी हुई और आठ वर्षीय एक बच्चे का 45 प्रतिशत शरीर झुलसने से हालत गंभीर है।

यूपी का हाल

मेरठ में आतिशबाजी देख रहा पांच वर्षीय बच्चा घबराकर भागने लगा और सिर के बल फर्श पर गिर गया। सिर में नुकीली वस्तु घुसने से उसकी मौत हो गई। फतेहपुर में जेब में रखा सुतली बम फटने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि फर्रुखाबाद में पटाखा फोड़ते समय उसका टुकड़ा गले में धंसने से एक बालक की जान चली गई। कानपुर में पटाखा गिरने से तकिया-रजाई कारखाने और दुकानों में लगी आग से एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।

पंजाब के जालंधर में आतिशबाजी से घर में आग लगने से एक बुजुर्ग और लुधियाना के जगराओं में पटाखे से 14 वर्ष के बच्चे की मौत हो गई। उत्तराखंड के कुमाऊं में दीप पर्व पर आतिशबाजी के दौरान पीएसी के रिक्रूट की मौत हो गई।

अन्य राज्यों का हाल

राजस्थान के बूंदी और बीकानेर में आतिशबाजी के कारण एक-एक बच्चे की मौत हुई है। बिहार में भी दीपावली की रात दीये, पटाखों व शार्ट सर्किट से आग की घटनाओं में एक वृद्धा की मौत हो गई। दो महिलाओं सहित 10 बच्चे झुलस गए।

हरियाणा के जींद में पटाखे का छर्रा गर्दन में लगने से 39 वर्षीय महिला की मौत हो गई। आतिशबाजी से निकली चिंगारी से जम्मू स्थित अनाज मंडी वेयर हाउस में आग लग गई, जिसमें सात दुकानें और गोदाम जलकर राख हो गए। त्योहार के चलते वेयर हाउस बंद था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कारोबारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचा है।

श्रावस्ती में घना कोहरा छाया, विजिबिलिटी 30-40 मीटर रही:सड़क पर छाया सन्नाटा, चारपहिया वाहन हेडलाइट जलाकर निकले

श्रावस्ती में मंगलवार सुबह करीब 8 बजे घना कोहरा छाया रहा। सड़कों पर दृश्यता 30 से 40 मीटर तक रह गई। वहीं वाहन चालक हेडलाइट जलाकर धीमी रफ्तार से चले। जरूरी काम से निकले लोगों को सुबह सवेरे काफी परेशानी हुई। इससे पहले शनिवार को भी घना कोहरा छाया था। रविवार और सोमवार को मौसम साफ रहने से लोगों को राहत मिली थी। हालांकि अभी सुबह करीब 10 बजे तक कोहरा रहता है, फिर धूप निकलने से कुछ राहत मिल रही। शाम 6 बजे के बाद ठंड फिर बढ़ जाती है। कोहरे का सबसे ज्यादा असर सुबह काम पर जाने वाले दिहाड़ी मजदूरों और वाहन चालकों पर पड़ा। बच्चों और बुजुर्गों ने ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। स्कूल बंद होने से बच्चों को सुबह की परेशानी से राहत रही। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है और कोहरा बढ़ने की संभावना है। कोहरे से जनजीवन और यातायात पर असर पड़ रहा है। वहीं, वातावरण की नमी गेहूं की बुवाई के बाद फसल के शुरुआती विकास के लिए लाभकारी हो सकती है। वाहन चालकों को कोहरे में धीमी गति से चलने, फॉग लाइट जलाने और आगे चल रहे वाहनों से पर्याप्त दूरी रखने की सलाह दी गई है।

मुंबई: कोलाबा में दो बसों के बीच चकनाचूर हुई 2 गाड़ियां, पांच लोग गंभीर रूप से घायल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के कोलाबा में एक ट्रैफिक सिग्नल पर बड़ा हादसा हो गया। दो बसों के बीच दो कारें बुरी तरह कुचल गईं, जिससे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा सोमवार रात करीब 9:00 बजे भक्ति पार्क ट्रैफिक सिग्नल के पास हुआ। घायलों की पहचान शिवानी पाल (65), प्रनिश पाल (74), मधुपर्ण पाल (28), हशरत शेख (34) और बालाजी पांडुरंग जाधव (35) के रूप में हुई है।

दो बसों के बीच चकनाचूर हुईं गाड़ियां

वडाला के न्यू कफ परेड इलाके में लोढ़ा जंक्शन पर ट्रैफिक सिग्नल पर एक BEST बस रुकी हुई थी। बस के ठीक पीछे दो कारें खड़ी थीं।

कुछ ही सेकंड बाद, एक प्राइवेट बस ने पीछे से गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस टक्कर की वजह से BEST के ठीक पीछे खड़ी कार बस के पिछले हिस्से के नीचे फंस गई।

बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों में सवार लोग अंदर ही फंस गए। पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला, फिर क्षतिग्रस्त कारों और बसों को सड़क से हटाया।

इस हादसे को लेकर पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘हमें C.P. कंट्रोल से सूचना मिली कि वडाला के न्यू कफ परेड इलाके में लोढ़ा जंक्शन पर दो BEST बसों और एक कार के बीच हादसा हुआ है। LTMG सायन अस्पताल के चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) से मिली जानकारी के अनुसार, रात 10:41 बजे कुल पांच घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।’

इस हादसे में पांच लोग और एक पालतू कुत्ता घायल हो गए। इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर है। पुलिस सभी घायलों को इलाज के लिए सायन अस्पताल ले गई।

यह भी पढ़ें- मुंबई में आग लगने की घटनाओं के बाद MDMA का एक्शन, 25 नवंबर तक हवा में फूटने वाले पटाखों पर बैन

धुसवा कला में छठ पूजा से पहले सफाई शुरू:गांव के पूजा स्थलों से कूड़ा हटाया जा रहा, ग्रामीणों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील

छठ पूजा से पहले ग्राम सभा धुसवा कला में सफाई अभियान शुरू किया गया है। गांव के छठ पूजा स्थलों की सफाई की जा रही है।
अभियान के तहत गांव से कूड़ा-कचरा हटाया जा रहा है और पूजा स्थलों को साफ-सुथरा बनाया जा रहा है। ग्रामीणों से आसपास गंदगी न फैलाने और सफाई बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।
छठ पूजा के दौरान श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं। अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं को साफ वातावरण और सुविधा देना है।