Home Blog Page 152

चमनगंज बड़कुइया के खाद दुकान से 20 हजार रुपए चोरी:दुकानदारों ने रात में गश्त न होने की शिकायत की; पुलिस सुराग तलाश रही

वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के चमनगंज बड़कुइया चौराहे पर दीपावली की रात किसान खाद भंडार से करीब 20 हजार रुपए चोरी हो गए। चोर दुकान के पीछे की दीवार में लगा रोशनदान तोड़कर अंदर घुसे थे। दुकानदार ने 112 और वाल्टरगंज थाने को फोन कर सूचना दी। तेलियाडिह गांव के मोहम्मद सिराज, फते मोहम्मद के बेटे हैं। उनकी चौराहे पर किसान खाद भंडार नाम से दुकान है। दीपावली की शाम वे दुकान जल्दी बंद कर जरूरी काम से बाघनगर गए थे। देर रात घर लौटने के बाद वे गल्ले से पैसे नहीं निकाल पाए। सोमवार सुबह दुकान खोलने पर उन्हें रोशनदान टूटा मिला। गल्ले से करीब 20 हजार रुपए गायब थे। गल्ले में रखे 20 और 10 रुपए के कटे-फटे नोट वहीं पड़े थे। चौराहे के लोगों ने चोरी के पीछे बीड़ी गैंग का शक जताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस और थानेदार रात में गश्त नहीं करते। लोगों के मुताबिक, एसआई लालबहादुर सिंह दिन या शाम को इलाके में आते हैं, लेकिन बाकी पुलिसकर्मी नहीं आते। लोगों ने बताया कि 7 दिसंबर 2024 को प्रकाश मेडिकल स्टोर के पीछे सेंध लगाकर गल्ले से एक लाख रुपए चोरी हुए थे। थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस सुराग तलाश रही है।

मिस्र को मांस निर्यात के लिए अनिवार्य हलाल प्रमाणन समयसीमा तीन महीने बढ़ी, DGFT ने जारी की अधिसूचना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने मिस्र को मांस उत्पादों के निर्यात के लिए अनिवार्य इंडिया कन्फर्मिटी असेसमेंट स्कीम – हलाल (आइ-कैस- हलाल) लागू करने की अवधि तीन महीने बढ़ाकर 12 महीने कर दी है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के इसी सप्ताह मिस्र दौरे पर जाने की संभावना के बीच इस फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आइ-कैस- हलाल निर्यात किए जाने वाले मांस और मांस उत्पादों के प्रमाणन की व्यवस्था है। यह व्यवस्था सुनिश्चित करती है कि उत्पाद निर्धारित हलाल मानकों पर खरे उतरें और आयातक देशों की आवश्यकताओं के अनुरूप मान्यता प्राप्त एजेंसियां ही प्रमाणपत्र जारी करें। इसका उद्देश्य भारत से हलाल प्रमाणित मांस के निर्यात की विश्वसनीयता और वैश्विक स्वीकार्यता बढ़ाना है।

डीजीएफटी ने जारी की अधिसूचना 

वाणिज्य मंत्रालय के विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने सोमवार को अधिसूचना में कहा, मिस्र निर्यात किए जाने वाले मांस और मांस उत्पादों के लिए अनिवार्य आइ-कैस- हलाल लागू करने की निर्धारित अवधि तीन महीने और बढ़ाई जाती है। यानी इसे नौ महीने से बढ़ाकर 12 महीने किया गया है। इसका उद्देश्य मिस्र की हलाल प्रमाणन एजेंसियों की मान्यता और पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय देना है।

राजस्थान को जेडएलडी संयंत्र उद्योगों को वित्तीय सहायता देने की बनेगी नीति, सुप्रीम कोर्ट का निर्देश

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान सरकार को जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (जेडएलडी) संयंत्र लगाने की इच्छुक औद्योगिक इकाइयों को वित्तीय सहायता देने के लिए व्यापक नीति बनाने का निर्देश दिया है। इस मामले में अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी।

जस्टिस विक्रम नाथ और संदीप मेहता की पीठ ने कहा कि जोजरी-लूनी-बांडी नदी तंत्र में औद्योगिक प्रदूषण से निपटने की जिम्मेदारी राज्य को भी साझा करनी होगी। पीठ ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि प्रस्तावित नीति बनने तक जेडएलडी संयंत्र और उनसे जुड़ा पाइपलाइन नेटवर्क लगाने के लिए वित्तीय सहायता मांगने वाली औद्योगिक इकाइयों के आवेदनों पर हर मामले के आधार पर विचार किया जाए।

सुप्रीम कोर्ट ने मामले का स्वतः लिया संज्ञान

कोर्ट ने आगे कहा कि ऐसे आवेदनों की उचित तकनीकी जांच और सत्यापन किया जाना चाहिए व उन पर जल्द निर्णय लिया जाए। पीठ ने जोजरी-लूनी-बांडी नदी तंत्र में प्रदूषण से जुड़ी स्वत: संज्ञान कार्यवाही की सुनवाई के दौरान ये निर्देश दिए।

इस प्रदूषण से पर्यावरण व 20 लाख लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पीठ ने निर्देश दिया,”राजस्थान राज्य जेडएलडी संयंत्र लगाने की इच्छुक औद्योगिक इकाइयों को वित्तीय सहायता देने के लिए व्यापक नीति बनाए।” नीति बनने तक वित्तीय सहायता के आवेदनों पर उचित तकनीकी जांच व सत्यापन के बाद विचार होना चाहिए।

दीपावली पर जमुनहा में पटाखे फूटे:नासिरगंज, मल्हीपुर और बदला चौराहे के बाजार रंग-बिरंगी लाइटों से सजे

जमुनहा, श्रावस्ती। दीपावली के पर्व के साथ सोमवार को छोटी दीपावली पर भी जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही त्योहार को लेकर लोगों में उमंग बनी रही, वहीं शाम होते ही पूरा क्षेत्र रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। जमुनहा ब्लॉक के नासिरगंज, मल्हीपुर, बदला चौराहा समेत विभिन्न बाजारों में छोटी दीपावली की धूम देखने को मिली। लोगों ने अपने घरों और दुकानों को आकर्षक इलेक्ट्रॉनिक झालरों, रंग-बिरंगी लाइटों, दीयों और मोमबत्तियों से सजाया। बाजारों में भी रोशनी की आकर्षक सजावट देखने को मिली। वहीं, शाम ढलते ही बच्चों और युवाओं में पटाखों को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह पटाखों की आवाज से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने त्योहार की रौनक को और बढ़ा दिया। छोटी दीपावली के अवसर पर बाजारों में चहल-पहल बनी रही। लोगों ने परिवार के साथ त्योहार मनाया और दीपावली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। पूरे जमुनहा क्षेत्र में छोटी दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

पेड़ से लटका मिला 49 वर्षीय व्यक्ति का शव:महराजगंज में बच्चे ने देखा, पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया

महराजगंज के चौक थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक बगीचे में पेड़ से लटका 49 वर्षीय शैलेश पटेल का शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। मौत का कारण अभी साफ नहीं है।
यह बगीचा चौक-निचलौल मार्ग पर पिपरिया गुरु गोविंद राय मेन रोड से उत्तर तरफ है। गांव के पश्चिम में मेन रोड पर एक दुकान के दक्षिण तरफ स्थित दुकान से करीब 100 मीटर उत्तर बगीचे के अंदर शव मिला।
शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच एक बच्चे ने शव देखा। उसने शोर मचाकर गांव वालों को बताया। इसके बाद मौके पर लोग जमा हो गए।
शैलेश पटेल (49) पुत्र पारस पटेल, पिपरा सोनाड़ी के परसौनिया टोला के निवासी थे। उनके बड़े भाई सत्यनारायण पटेल (51) हैं। शैलेश की पत्नी बिंदु (46) हैं। उनके दो बेटे हैं। बड़े बेटे गणेश की शादी हो चुकी है और वह पत्नी के साथ रहते हैं। छोटे बेटे राम अवतार की शादी नहीं हुई है।
थाना चौक प्रभारी मनीष पटेल ने बताया कि शैलेश को पेड़ से नीचे उतारकर निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौक ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों को बुलाने के बाद पंचनामा भरा गया और शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। परिजनों की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दो बाइक की टक्कर में दो लोग घायल:बस्ती के गंधार और गांधरिया फैज के बीच हादसा, एक को गंभीर चोट; दोनों जिला अस्पताल भेजे गए

बस्ती के साउघाट में ग्राम पंचायत गंधार और गांधरिया फैज के सिवान के बीच बढ़िया-हनुमानगंज रोड पर रात में दो बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दो लोग घायल हुए। एक बाइक हनुमानगंज की तरफ से आ रही थी, जबकि दूसरी बढ़िया की तरफ जा रही थी। टक्कर के बाद राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घायलों को इलाज के लिए भेजा। एक व्यक्ति को गंभीर चोट आई, जबकि दूसरे को हल्की चोट लगी। दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया।

श्रावस्ती में युवक कल शाम से लापता:परिजनों ने धर्मेंद्र को तलाशने में मदद मांगी; जानकारी मिलने पर इन नंबरों पर करें संपर्क

श्रावस्ती के सोनवा थाना क्षेत्र के ककन्धु गांव से धर्मेंद्र नाम का युवक कल शाम करीब 3 बजे से लापता है। परिजन गांव और आसपास उसकी तलाश कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से जानकारी मिलने पर सूचित करने की अपील की है।
धर्मेंद्र, श्री पटवारी के बेटे हैं और ककन्धु गांव के निवासी हैं। परिजनों के मुताबिक, उन्हें पहले से दिमागी समस्या है। वह अपना नाम-पता भी ठीक से नहीं बता पाते।
परिजनों ने धर्मेंद्र के बारे में जानकारी देने के लिए संपर्क नंबर जारी किए हैं: 6388896269, 6387887139 और 9670188199।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों की सूचना पर गुमशुदगी दर्ज कर धर्मेंद्र की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस टीम गांव और आसपास पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने लोगों से धर्मेंद्र के बारे में कोई जानकारी मिलने पर तुरंत सूचित करने की अपील की है।

मोहम्मद आरिफ आठ साल से लक्ष्मी प्रतिमा स्थापित कर रहे:मोहनापुर ढाला और बहोरपुर के सीमावर्ती इलाके में आयोजन, दर्जनों युवा हुए शामिल

पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के मोहनापुर ढाला और बहोरपुर के सीमावर्ती इलाके में आरिफ खान पिछले आठ साल से मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित कर रहे हैं। इस आयोजन में अलग-अलग समुदायों के लोग शामिल होते हैं।
आयोजन में प्रधान प्रत्याशी आरिफ अहमद, सौरभ मद्धेशिया, आशीष, विपिन मद्धेशिया,संतोष जायसवाल, सोनू श्रीवास्तव, अनुराग राय, संदीप साहनी, पिंटू जायसवाल, अवधेश यादव, शैलेश, रामपाल, शमशेर, संजय वर्मा, कन्हैया चौरसिया, सिराजुद्दीन और दीपक चौरसिया समेत दर्जनों युवा मौजूद रहे।
आठ साल से जारी इस परंपरा को इलाके में सामाजिक सौहार्द से जोड़कर देखा जा रहा है।

खंडित अंबेडकर प्रतिमा फिर स्थापित कराई गई:बस्ती के रेवटा हरिशरण शुक्ल गांव में प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में हुई स्थापना

बस्ती जिले के पैकोलिया थाना क्षेत्र के रेवटा हरिशरण शुक्ल गांव में खंडित की गई डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा फिर स्थापित कराई गई। यह कार्रवाई जिला प्रशासन के निर्देश पर हुई।
मौके पर हर्रैया के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, गौर के नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल मौजूद रहे। हर्रैया के क्षेत्राधिकारी, हर्रैया, पैकोलिया और गौर के थानाध्यक्ष, भीटी मिश्र और मुसहा के चौकी इंचार्ज के साथ पुलिस बल भी तैनात था।
प्रतिमा स्थापित किए जाने के दौरान मौके पर शांति व्यवस्था बनी रही। ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने प्रतिमा फिर स्थापित कराने की सराहना की।

पटाखों ने बढ़ाई उत्तर भारत की मुश्किलें, दिल्ली में पिछले पांच साल की सबसे प्रदूषित दीवाली; पहाड़ों पर भी हवा हुई जहरीली

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एक तो करेला दूसरे नीम चढ़ा। सर्दियां शुरू होते ही दिल्ली एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत की हवा जहरीली हो जाती है। इसके तमाम ज्ञात कारण भी हैं।

भौगोलिक स्थिति के अलावा सघन आबादी के चलते सड़कों पर वाहनों का रेंगने वाला रेला, इस मौसम में फसलों के अवशेषों का जलना साथ ही सड़कों और निर्माण स्थलों से धूल का उड़ना इसके बड़े कारण हैं।

इन वजहों से पहले ही यहां की वायु काफी हद तक विषाक्त हो गई थी, जो कसर रह गई थी, उसे दीपावली के पटाखों ने पूरी कर दी। यही वजह है कि इस भूभाग के तमाम बड़े शहरों-कस्वों की हवा की गुणवत्ता दीपावली के एक दिन पहले के मुकाबले अगले दिन कहीं अधिक दूषित पाई गई। लोगों का सांस लेना दूभर हो गया है।

जानकार बताते हैं कि इस हवा में अगर कोई कुछ घंटे रह ले तो समझो वह कई सिगरेट जितना धुंआ अंदर खींच चुका है। हर साल सामने आने वाली इस समस्या से निजात न तो शासन दिला पा रहा है और न ही सुप्रीम कोर्ट।

भला हो पवन देव का, जिनके झोंके से प्रदूषण में थोड़ी कमी आई। दीपावली के बाद कश्मीर से लेकर कोलकाता तक एक दिन पहले तक सामान्य रहा वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) दीवाली के दिन कई गुना बढ़ा गया।

दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक्यूआइ का स्तर 350 से ऊपर रहा, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। राहत की बात यह रही कि अगले ही दिन ज्यादातर शहरों का एक्यूआइ गिरकर पूर्व की स्थिति में पहुंच गया।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत का कहना है कि पटाखों के कारण प्रदूषण में वृद्धि जरूर हुई, लेकिन इसकी एक बड़ी वजह हवा का मंद और शांत रहना भी रहा। हवा की गति कम होने से प्रदूषक कण वातावरण में लंबे समय तक बने रहे। सोमवार को हवा की गति बढ़ी तो प्रदूषण का स्तर कम होने लगा।

राजधानी दिल्ली इस बार पिछले पांच सालों की सबसे प्रदूषित दीवाली दर्ज की गई, जिसमें औसत एक्यूआइ 376 रहा। हालांकि सोमवार को पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवा चलने से एक्यूआइ घटकर 344 पर पहुंच गया। उत्तर प्रदेश में लखनऊ की हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई, जहां एक्यूआइ 300 के पार हो गया।

अयोध्या में एक दिन पहले एक्यूआइ 180 था, जो दीवाली के दिन 231 दर्ज किया गया। कानपुर में सामान्य दिनों में 150 से 200 रहने वाला एक्यूआइ दीवाली के दिन 230 पर पहुंच गया। हालांकि सोमवार को यह 221 पर आ गया। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के नोएडा में 332, ग्रेटर नोएडा में 252, गाजियाबाद में 324 एक्यूआइ दर्ज किया गया।

राजस्थान में श्रीगंगानगर सबसे प्रदूषित शहर रहा है। सोमवार को यहां एक्यूआइ 565 दर्ज किया गया, जो दीवाली से एक दिन पूर्व 300 से कम था। कोलकाता में दीवाली की रात एक्यूआइ 623 के खतरनाक स्तर पर पहुंच गया, जो शनिवार को 190 और सोमवार शाम छह बजे 150 रहा।

पंजाब में जालंधर और मंडी गोबिंदगढ़ में 24 घंटे का एक्यूआइ 336 दर्ज किया गया।पहाड़ भी इससे अछूते नहीं रहे, जहां की हवा अपेक्षाकृत साफ रहती है लेकिन आतिशबाजी के कारण उत्तराखंड के प्रमुख शहरों में वायु प्रदूषण बढ़ा है।

देहरादून में एक्यूआइ 272 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले 157 था। हरिद्वार में एएक्यूआइ 168 रहा, जबकि एक दिन पहले 115 था। नैनीताल में दीपावली पर 117 रहा, जो एक दिन पहले 88 था। जम्मू में एक्यूआइ सामान्यतः 125 से 140 के बीच रहता है, लेकिन सोमवार को यह 170 दर्ज हुआ है।

हिमाचल प्रदेश में दीवाली के दिन एक्यूआइ 403 तक पहुंच गया। हालांकि अगले दिन इसमें गिरावट आई और 202 दर्ज किया गया।

देश के प्रमुख शहरों का एक्यूआइ

शहर–7 नवंबर–8 नवंबर–9 नवंबर

श्रीनगर–184–243–324

कोलकाता–190–623–150

लखनऊ–282–315–364

इंदौर- 500–708–785

श्रीगंगानगर–300-359–565

रायपुर 195–210–225

बहादुरगढ़–340–310–400

पंजाब में  400 गुना बढ़े पराली जलाने के मामले

दीवाली पर रोशनी से जगमगाते पंजाब का आसमान धुएं की चादर में सिमट गया। कारण राज्य में एक ही दिन में सीजन में सबसे अधिक 1,152 जगह पराली जलाई गई। वर्ष 2024 में दीवाली पर पराली जलाने के 484 केस सामने आए थे, वर्ष 2025 में इनकी संख्या मात्र 25 रह गई थी, लेकिन 2026 में 1,152 हो गई।

यह पिछले वर्ष के मुकाबले 400 गुना और 2024 के मुकाबले करीब 2.5 गुना ज्यादा है।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष आठ नवंबर तक प्रदेश में पराली जलाने के 3,622 मामले आए थे, जबकि इस साल इसी अवधि में यह संख्या बढ़कर 4,459 हो गई है। यानी पिछले साल के मुकाबले 837 मामले अधिक दर्ज किए गए हैं। यह वृद्धि 23 प्रतिशत से ज्यादा है।

जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो तरनतारन 654 मामलों के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर है। फिरोजपुर में 592, संगरूर में 488, बठिंडा में 406 और पटियाला में 288 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। अमृतसर में 247, बरनाला में 230, लुधियाना में 193, मोगा में 188 और फरीदकोट में 170 घटनाएं सामने आई हैं।