Home Blog Page 153

गोला दागते समय पटाखा युवक के हाथ में फटा:श्रावस्ती में विनय शर्मा का पंजा झुलसा, इकौना सीएचसी में भर्ती

श्रावस्ती के भलुहिया दसोंधी गांव में सोमवार रात गोला दागते समय पटाखा युवक के हाथ में फट गया। हादसे में विनय शर्मा का पंजा झुलस गया। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में भर्ती कराया गया। इकौना थाना क्षेत्र के भलुहिया दसोंधी निवासी विनय शर्मा (30), कृष्ण कुमार शर्मा के बेटे हैं। वे सोमवार रात दीपावली पर आतिशबाजी कर रहे थे। गोला दागते समय पटाखा उनके हाथ में ही फट गया। धमाके के बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन निजी वाहन से विनय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर प्राथमिक उपचार शुरू किया।

अब ना छूटेगा कोई इलाका, ना होगी दोहरी गिनती; विशेष ऐप से जनगणना के लिए तैयार हुए 24.25 लाख डिजिटल ब्लॉक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में सटीक और व्यवस्थित जनगणना के लिए विशेष साफ्टवेयर की मदद से देशभर में करीब 24.25 लाख आवास सूचीकरण ब्लाकों (हाउस लिस्टिंग ब्लाक) की डिजिटल मैपिंग पूरी हो गई है। हाउस लिस्टिंग ब्लाक छोटे भौगोलिक क्षेत्र होते हैं, जिनमें सामान्यतः 800 तक लोगों की आबादी शामिल होती है। इन्हीं ब्लाकों के आधार पर जनगणना होनी है। इस डिजिटल व्यवस्था से किसी इलाके के छूटने या एक ही क्षेत्र की दोबारा गिनती होने की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।

भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण के अनुसार यह मैपिंग सेंसस मैनेजमेंट एंड मानिटरिंग सिस्टम (सीएमएमएस) के तहत विकसित हाउस लिस्टिंग ब्लाक क्रिएटर वेब मैपिंग एप के जरिए की गई है। यह विशेष साफ्टवेयर जनगणना की गतिविधियों पर लगभग रियल टाइम नजर रखने के लिए तैयार किया गया है।

जनगणना दो चरणों में होनी है। पहले चरण में मकानों की सूची और आवास संबंधी जानकारी जुटाई जाती है, जबकि दूसरे चरण में वास्तविक आबादी की गणना होती है। सामान्यतः प्रत्येक हाउस लिस्टिंग ब्लाक को आबादी की गणना के लिए गणना ब्लाक माना जाएगा।

जनगणना 2027 के पहले चरण यानी मकान सूचीकरण अभियान का काम मणिपुर को छोड़कर सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पूरा कर लिया गया है। अब आबादी की गणना शुरू होने से पहले प्रशासनिक सीमाओं में संभावित सुधार और छूटे हुए आबादी वाले क्षेत्रों को शामिल करने जैसे काम किए जाएंगे।

जिन ब्लाकों में गणनाकर्ता का कार्यभार अधिक होगा, उन्हें छोटे उप-गणना ब्लाकों में बांटा जाएगा। इसके अलावा पर्यवेक्षण सर्किल के नक्शे भी तैयार किए जाएंगे। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को इन कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कोई क्षेत्र गणना से छूटे नहीं और दोहरी गणना भी न हो।

गौरतलब है कि कोविड-19 महामारी के कारण वर्ष 2021 में होने वाली दशकीय जनगणना स्थगित कर दी गई थी। केंद्र सरकार ने अब इस पूरी प्रक्रिया के लिए 11,718 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

विधानसभा चुनावों के मद्देनजर गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के गैर-बर्फीले क्षेत्रों में आबादी की गणना एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक होगी। लद्दाख और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड के बर्फीले क्षेत्रों में यह अभियान एक से 30 सितंबर तक आयोजित किया गया। देश के शेष हिस्सों में आबादी की गणना 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक की जाएगी। मणिपुर में मकान सूचीकरण अभियान को फिलहाल स्थगित किया गया है।

महराजगंज में घर के शौचालय में घुसा विशालकाय मगरमच्छ:वन विभाग ने एक घंटे की मशक्कत के बाद गंडक नदी में छोड़ा

महराजगंज जिले के निचलौल तहसील क्षेत्र के सोहगीबरवा वन क्षेत्र प्रभाग के सोहगीबरवा गांव के मस्जिद टोला में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक घर के शौचालय में विशालकाय मगरमच्छ घुस गया। अचानक मगरमच्छ को देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। मगरमच्छ के घर में घुसने की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण आरिफ के घर के बाहर जमा हो गए। लोग डर के मारे घर के अंदर नहीं जा रहे थे लेकिन दूर से ही मगरमच्छ को देखने की कोशिश कर रहे थे। किसी अनहोनी की आशंका से परिवार के लोगों ने शौचालय का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और तुरंत वन विभाग को सूचना दी। इससे पहले भी क्षेत्र में कई बार मगरमच्छ गांव में घुसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहता है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी सतर्कता के साथ मगरमच्छ का रेस्क्यू शुरू किया। रस्सी और जाल की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे बोरे में बंद कर वाहन से गंडक नदी के किनारे ले जाया गया और सुरक्षित नदी में छोड़ दिया गया। वन दरोगा रामफेर ने बताया कि आरिफ के घर के शौचालय में मगरमच्छ घुस गया था। वन विभाग की टीम ने उसका रेस्क्यू कर सुरक्षित गंडक नदी में छोड़ दिया है।

अमोढ़ा के चतुर्भुज मंदिर में अन्नकूट पर भंडारा हुआ:महंत अनिल दास के नेतृत्व में भगवान को 56 भोग लगाया

अमोढ़ा के चतुर्भुज मंदिर में सोमवार देर शाम अन्नकूट पर भंडारा हुआ। महंत अनिल दास महाराज के नेतृत्व में भगवान को 56 भोग लगाया गया। आरती-पूजन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा गया। अमोढ़ा और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर राम कुवेर चौहान, मदन चौहान, त्यागी पांडेय और दया शंकर मिश्र सहित कई लोग मौजूद रहे।

‘चीन के किन दो मंत्रियों से मिले थे राहुल गांधी?’, निशिकांत दुबे ने 2018 की कैलाश मानसरोवर यात्रा पर उठाए सवाल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की 2018 की कैलाश मानसरोवर यात्रा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि राहुल गांधी चीन के किन दो मंत्रियों से मिले थे? राहुल ने क्या अपनी इस यात्रा के बारे में विदेश मंत्रालय को जानकारी दी थी?

दुबे ने एक्स पर पोस्ट में सवाल किया कि जब किसी भारतीय सांसद को कैलाश मानसरोवर जाने की अनुमति नहीं मिलती, तो कांग्रेस नेता को यह अनुमति कैसे मिली।

दुबे ने पूछा, “सवाल 1. राहुल गांधी जी, 2018 में कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने के दौरान आप चीन के किन दो मंत्रियों से मिले थे? 2. @आइएनसीइंडिया और चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के बीच 2008 में हुए समझौते के बाद 2018 तक आपने आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत चीन में किन 200 लोगों को भेजा? उनके नाम और पते क्या हैं?”

भाजपा सांसद ने सवाल किया,”चीन के दो मंत्रियों के साथ उनकी मुलाकातों की व्यवस्था किसने की थी? वह किन चीनी मंत्रियों से मिले थे और ये मुलाकातें कहां हुई थीं? इन बातचीत में क्या चर्चा हुई थी?”

उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस नेता ने इस यात्रा के बारे में विदेश मंत्रालय को जानकारी दी थी। दुबे ने पूछा,”क्या इन मुलाकातों के बारे में विदेश मंत्रालय या चीन स्थित भारतीय दूतावास को बताया गया था? राहुल गांधी ने पहले यह क्यों कहा कि उनकी यात्रा पूरी तरह निजी और धार्मिक थी, जबकि बाद में उन्होंने चीनी मंत्रियों से मुलाकात की बात स्वीकार की?”

दुबे ने 2019 में भुवनेश्वर में टाउन हाल की बैठक के दौरान राहुल गांधी की उस टिप्पणी का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने “रोजगार सृजन” को लेकर चीन के दो मंत्रियों से मुलाकात की बात कही थी।

दुबे ने कहा कि यह स्वीकारोक्ति इसलिए अहम है, क्योंकि विदेश मंत्रालय ने जून 2018 में पहले स्पष्ट किया था कि उसे तिब्बती स्वायत्त क्षेत्र की यात्रा के लिए राहुल गांधी से कोई औपचारिक अनुरोध नहीं मिला था—न तो सरकार की ओर से आयोजित मार्ग से और न ही निजी मार्ग से।

दुबे ने कहा कि भारत-चीन संबंधों में संवेदनशील रणनीतिक, कूटनीतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पहलू शामिल हैं। उन्होंने कहा,”इसलिए, प्रमुख भारतीय राजनीतिक नेताओं और चीनी सरकार के प्रतिनिधियों के बीच किसी भी बातचीत की वैध रूप से सार्वजनिक जांच होनी चाहिए।” भाजपा सांसद ने कहा कि देश को स्पष्ट जवाब मिलने चाहिए।

विदेशी सरकारों के साथ संपर्कों में पारदर्शिता कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि जवाबदेही और राष्ट्रीय हित का मामला है। राहुल गांधी, जो उस समय कांग्रेस अध्यक्ष थे, 31 अगस्त 2018 को नेपाल के रास्ते 12 दिन की कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए थे। तब से भाजपा उनकी यात्रा पर सवाल उठाती रही है और कांग्रेस नेता से स्पष्टीकरण मांगती रही है।

(न्यूज एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)

जमुनहा बाजार में सहेलियों ने पटाखे जलाकर मनाई छोटी दिवाली:फुलझड़ी, रॉकेट और छुछड़ी जलाई; दीयों और पटाखों की रोशनी से बाजार जगमगाया

श्रावस्ती जिले के जमुनहा बाजार में छोटी दिवाली पर सहेलियों ने परिवार के साथ फुलझड़ी, रॉकेट और छुछड़ी जलाकर पर्व मनाया। शाम को बाजार दीयों, लाइटों और पटाखों की रोशनी से जगमगा उठा। फुलझड़ी जलाने पर चिंगारियां चमकीं। रॉकेट आसमान में जाकर फूटा तो लोगों ने तालियां बजाईं। छुछड़ी की चमक और आवाज देखने-सुनने के लिए बच्चे और बड़े जुटे। छोटी दिवाली पर बाजार में बच्चों और परिवारों की भीड़ रही। लोग घरों के सामने दीये जला रहे थे और पटाखे फोड़ रहे थे। सहेलियों के पटाखे जलाने पर आसपास के लोग भी वहां इकट्ठा हुए। सहेलियों ने लोगों को छोटी दिवाली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियां बांटने का त्योहार है और परिवार के साथ दीये और पटाखे जलाने से घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है। बाजार के लोगों ने बताया कि छोटी दिवाली पर परिवार के साथ पटाखे जलाना और खुशियां मनाना यहां की पुरानी परंपरा है। सहेलियों के फुलझड़ी, रॉकेट और छुछड़ी जलाने का नजारा लोगों को देखने के लिए जुटाता रहा।

‘रिफाइनरी लगाओ और क्रूड ऑयल ले जाओ’; गुयाना का भारत को बड़ा ऑफर

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। दक्षिण अमेरिका का छोटा लेकिन तेजी से उभरता तेल उत्पादक देश गुयाना भारत के लिए नए और विश्वसनीय ऊर्जा स्रोत के रूप में सामने आ रहा है।

वैश्विक अनिश्चितता से ज्यादा से ज्यादा देशों से ऊर्जा खरीद कर रहे भारत गुयाना के साथ दीर्घावधि ऊर्जा समझौता पर बात कर रहा है। इसको लेकर हाल ही में विदेश मंत्री जयशंकर की गुयाना यात्रा में विस्तार से बात हुई है।⁠

गुयाना के पास करीब 12 अरब बैरल के कच्चे तेल के भंडार हैं और इनकी गुणवत्ता भी काफी उच्च स्तर की हैं। भारत की योजना है कि रोजाना 10 लाख बैरल क्रूड आयल की आपूर्ति गुयाना से की जाए, जो भारत की रोजाना की जरूरत का 20 प्रतिशत के करीब होगा।

गुयाना चाहता है कि भारत उसे रिफाइनरी लगाने में मदद करे और इसके बदले वह दीर्घकालिक क्रूड आपूर्ति करने को तैयार है।

जयशंकर की हालिया बातचीत में ऊर्जा सहयोग के साथ-साथ रिफाइनरी साझेदारी और नया ऊर्जा गलियारा बनाने पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्ष संयुक्त रिफाइनरी स्थापित करने और गुयाना को अटलांटिक महासागर में समुद्री ईंधन भंडारण (बंकरिंग) हब बनाने की संभावनाएं तलाश रहे हैं।

भारत की विशाल रिफाइनिंग क्षमता और गुयाना के बढ़ते उत्पादन को जोड़कर तैयार उत्पादों की बिक्री और आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करने की बात चल रही है।

भारत पहले ही गुयाना से कुछ खेप खरीद चुका है और अब बड़े पैमाने पर दीर्घकालिक अनुबंध की तैयारी है।⁠ अपनी विशाल ऊर्जा जरूरत के लिए दुनिया भर के देशों से बात कर रहे भारत की नजर गुयाना पर काफी पहले से है।

पीएम नरेन्द्र मोदी की 2024 की गुयाना यात्रा के बाद द्विपक्षीय संबंध और मजबूत हुए हैं और ऊर्जा क्षेत्र इस साझेदारी का केंद्र बन रहा है।

गुयाना जैसे नए स्रोतों से भारत न सिर्फ आपूर्ति विविधता बढ़ा रहा है, बल्कि लंबे समुद्री मार्गों पर निर्भरता घटाकर ऊर्जा सुरक्षा मजबूत कर रहा है। हाल के महीनों में भारतीय रिफाइनरियों ने वेनेजुएला से भी ज्यादा तेल की खरीद शुरू की है।

दरअसल, मौजूदा समय में रूस या पश्चिम एशिया से तेल भारत लाना ज्यादा मुश्किल है जबकि दक्षिण अमेरिका से भारत तक का समुद्री मार्ग काफी शांत है।

भारत पहले सिर्फ 21 देशों से क्रूड लेता था, अब 45-46 देशों से लेता है। पश्चिम एशिया में तनाव, होर्मुज जलडमरूमध्य और लाल सागर जैसे मार्गों पर जोखिम बढ़ने के बाद भारत ने स्रोत और रास्तों दोनों का विस्तार किया।

वैकल्पिक मार्गों में अटलांटिक और केप आफ गुड होप के जरिये अमेरिका, ब्राजील, वेनेजुएला, गुयाना और पश्चिम अफ्रीका से आपूर्ति शामिल है।

ट्रेन की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत:महराजगंज में 25 वर्षीय महिला और 4 साल की बेटी रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं

फरेन्दा महराजगंज – 9नवम्बर सुबह 9:00 करीब आनंद नगर से नौतनवा जा रही ट्रेन उदितपुर रेल हाल्ट के करीब ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय महिला और उसकी 4 साल की बेटी की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। जानकारी के मुताबिक, महिला अपनी बेटी के साथ रेलवे लाइन पार कर रही थी, तभी दोनों ट्रेन की चपेट में आ गईं। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने लोगों को ट्रैक से हटाया और शवों की पहचान करने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आनंदनगर चौकी प्रभारी रेलवे सुरक्षा बल विजय कुमार तिवारी ने बताया कि नौतनवा जा रही ट्रेन की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत हुई। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के समय उनकी पहचान नहीं हो पाई थी।

पटाखा फोड़ने को लेकर दो पक्षों में मारपीट:बस्ती के कुड़वा गांव में युवक घायल; पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया

बस्ती के नगर थाना क्षेत्र के कुड़वा गांव में दीपावली पर पटाखा फोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। एक युवक को चोटें आई हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के मुताबिक, गांव के तिराहे पर पटाखा फोड़ रहे एक युवक को दूसरे पक्ष के कुछ लोग लाठी-डंडों से पीट रहे थे। बीच-बचाव करने पहुंचे युवकों पर भी हमला किया गया। इनमें से एक युवक को गंभीर चोटें आईं। तहरीर के अनुसार, शोर सुनकर गांव के सैकड़ों लोग जमा हुए और उन्होंने बीच-बचाव कराया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने धमकी दी। 112 नंबर पर सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि पुलिस से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। शिकायतकर्ता ने जांच, कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। ये आरोप हैं, जिनकी पुष्टि जांच के बाद होगी। दूसरे पक्ष का पक्ष नहीं मिल सका। मामले की सूचना पर सोमवार शाम करीब सात बजे उपजिलाधिकारी हरैया और क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह कुड़वा गांव पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने पक्षों से बात की और घटना की जानकारी ली। नगर थानाध्यक्ष राम प्रसाद यादव भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने घटनाक्रम की जांच की और गांव में स्थापित मां लक्ष्मी की प्रतिमा का निरीक्षण किया। पुलिस बल की मौजूदगी में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। प्रशासन ने त्योहार के दौरान गांव में शांति और सौहार्द बनाए रखने को प्राथमिकता बताया। मामले में क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह ने भी मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की। मौके पर मौजूद शिकायतकर्ता ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताया। गांव में शांति है और पुलिस बल तैनात है।

‘कोई भी ताकत जागरुक नागरिक को डरा नहीं सकती’, पूर्व CDS ने भारत के लिए दी वैचारिक युद्ध की चेतावनी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने चेतावनी दी है कि भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के सामने चुनौतियां अब केवल पारंपरिक सैन्य खतरों तक सीमित नहीं रह गई हैं। कॉग्निटिव वारफेयर (मानसिक या वैचारिक युद्ध) के नए हथियारों के रूप में डीपफेक, सूचनाओं में हेरफेर और इन्फ्लुएंस ऑपरेशंस सामने आ रहे हैं।

उन्होंने रणनीतिक सोच को देश की शिक्षा प्रणाली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है। उनका तर्क है कि राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने में विश्वविद्यालयों, नागरिकों और पूरे समाज को बड़ी भूमिका निभानी चाहिए।

‘रणनीतिक सोच को राष्ट्रीय शिक्षा का हिस्सा बनाना होगा’

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, 3 नवंबर को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में भारत की रणनीतिक संस्कृति और राष्ट्रीय सुरक्षा विषय पर उद्घाटन व्याख्यान देते हुए चौहान ने ये बातें कहीं।

उन्होंने जोर देकर कहा कि रणनीतिक जागरूकता केवल सशस्त्र बलों और सरकारी संस्थानों तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए बल्कि इसे भारत के व्यापक राष्ट्रीय शिक्षा ढांचे का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। चौहान ने कहा, “सबसे पहला काम रणनीतिक सोच को राष्ट्रीय शिक्षा का हिस्सा बनाना है।”

कॉग्निटिव वारफेयर और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा

युद्ध के बदलते स्वरूप पर बोलते हुए पूर्व सीडीएस ने कॉग्निटिव वारफेयर (संज्ञानात्मक युद्ध) को एक उभरते हुए खतरे के रूप में चिह्नित किया। उन्होंने बताया कि किस तरह डीपफेक, हेरफेर की गई जानकारी, प्रभाव डालने वाले अभियानों और सोशल मीडिया का इस्तेमाल जनधारणा को बदलने और समाजों को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के अभियान तथ्यों की पुष्टि होने से पहले ही जनमत को प्रभावित करके समाज में विभाजन पैदा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनौती को केवल नैरेटिव की लड़ाई या जनसंपर्क की कवायद नहीं माना जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “कॉग्निटिव वारफेयर सिर्फ नैरेटिव की लड़ाई या जनसंपर्क की कवायद नहीं है। इसे समझना नेशनल रेजिलिएंस तैयार करने का एक अहम हिस्सा होना चाहिए।”

पूर्व सीडीएस ने विश्वविद्यालयों और सैन्य युद्ध कॉलेजों के बीच मजबूत संबंध बनाने का भी आह्वान किया। उन्होंने तर्क दिया कि भारतीय राजनीतिक चिंतन, शासन-कला, सैन्य इतिहास, कूटनीति, प्रौद्योगिकी और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों को शैक्षणिक चर्चाओं का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। पूर्व सीडीएस चौहान की ये बातें राष्ट्रीय सुरक्षा की व्यापक होती परिभाषा को दर्शाती हैं, जो अब केवल क्षेत्रीय रक्षा या सैन्य तैयारियों तक सीमित नहीं रह गई है।

‘देश के नागरिक जागरुक हों तो कोई भी ताकत खतरा नहीं बन सकती’

भू-राजनीतिक दबाव के साधन के रूप में सूचना, तकनीक और आर्थिक निर्भरता का बढ़ता इस्तेमाल, किसी देश की मजबूती के लिए सामाजिक जागरूकता को एक अहम हिस्सा बना चुका है। नागरिकों की भूमिका पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा इस बात पर निर्भर करती है कि देश की जनता जागरूक हो और उभरते खतरों को पहचानने में सक्षम हो।

उन्होंने कहा, “कोई भी ताकत मैं फिर दोहराता हूं कोई भी ताकत ऐसे देश की सीमाओं के लिए खतरा नहीं बन सकती, जिसके नागरिक जागरूक और जानकार हों।” उन्होंने भारत की पारंपरिक रणनीतिक सोच को आज की सुरक्षा जरूरतों के साथ जोड़ने के महत्व पर भी जोर दिया।

धर्म और कौटिल्य के राजकाज के सिद्धांतों का जिक्र करते हुए चौहान ने कहा कि भारत को रणनीतिक रूप से तैयार रहने के साथ-साथ नैतिक संयम भी बनाए रखना चाहिए। रणनीतिक प्रतिस्पर्धा में आर्थिक साधनों के बढ़ते इस्तेमाल पर उन्होंने चेतावनी दी कि आपसी निर्भरता का ही इस्तेमाल अब एक हथियार या दबाव बनाने के साधन के रूप में किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “आर्थिक निर्भरता को हथियार बनाया जा रहा है। व्यापार, वित्त, महत्वपूर्ण खनिज, ऊर्जा, तकनीक, मानक, सप्लाई चेन, डेटा और जानकारी आज इन सभी चीजों को हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।”

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारतीय रणनीतिक सोच को ऐसी भाषाओं में पेश किया जाना चाहिए जो आम लोगों की समझ में आ सकें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता केवल शैक्षणिक और सैन्य संस्थानों तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उससे आगे तक पहुंचनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: ‘भारत और चीन के रिश्तों पर टिका है एशिया का भविष्य’, पूर्व जनरल अनिल चौहान का बड़ा बयान