Home Blog Page 155

रूस-यूक्रेन युद्ध पर भारत की बड़ी पहल, पीएम मोदी ने जेलेंस्की से की बात; जयशंकर ने लावरोव से की चर्चा

जयप्रकाश रंजन, नई दिल्ली। यूक्रेन-रूस संघर्ष सुलझाने के प्रयासों के क्रम में सोमवार को भारत ने एक ही दिन दोनों पक्षों से उच्चस्तरीय वार्ता की। पीएम नरेन्द्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमीर जेलेंस्की से टेलीफोन पर बातचीत की, जबकि विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से चर्चा की।

यह दोहरी पहल अबू धाबी में 10-11 नवंबर को होने वाली यूक्रेन, रूस और अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय वार्ता से ठीक पहले की गई है, जिसमें संघर्ष समाप्ति के रास्ते तलाशे जाने हैं।

पीएम मोदी से बातचीत में जेलेंस्की ने विवाद की मौजूदा कूटनीतिक स्थिति के बारे में विस्तार से बताया। इस पर मोदी ने संघर्ष सुलझाने के लिए हरसंभव मदद करने की पेशकश की और दोहराया कि विवाद का समाधान केवल कूटनीति और वार्ता से ही हो सकता है।

मोदी ने मानव-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाए जाने की जरूरत पर भी जोर दिया। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, मोदी ने शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत की तत्परता दोहराई।

इस वार्ता के बाद जयशंकर ने लावरोव से बातचीत की। जयशंकर ने एक्स पर लिखा-सोमवार शाम मैंने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से बात की। हमारी बातचीत यूक्रेन संघर्ष और चल रही कूटनीतिक पहलों पर केंद्रित रही। यह चर्चा मोदी-जेलेंस्की वार्ता के कुछ घंटों बाद हुई, जिससे भारत की दोनों पक्षों से विमर्श करने की बात स्पष्ट होती है।

जेलेंस्की ने एक्स पर वार्ता का ब्योरा साझा करते हुए लिखा-मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बातचीत की और उन्हें कूटनीति की ताजा स्थिति से अवगत कराया। हम अबू धाबी बैठक के एजेंडे के हर मुद्दे पर सक्रिय रूप से तैयारी कर रहे हैं। यूक्रेन हमेशा रचनात्मक रुख अपनाता है और हमें रूस से भी तनाव घटाने की उसी तत्परता की जरूरत है।

पीएम ने बार-बार रूसी नेता से भी कहा है कि अब युद्ध समाप्त करने का समय है, न कि इसे लंबा खींचने का।

भारत के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वह अपने कदमों और अन्य नेताओं से संवाद के जरिये युद्ध समाप्ति में कैसे मदद कर सकता है, इसकी पहचान करे। एक क्षेत्र खाद्य सुरक्षा हो सकता है। हमने चर्चा की कि कैसे रूस काला सागर में अनाज निर्यात को रोक रहा है।

भारत अनाज गलियारा स्थापित करने में मध्यस्थ की भूमिका निभाने को तैयार है। हमें उम्मीद है कि इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे। रूस को समझना होगा कि अवरुद्ध समुद्री मार्ग उसकी अर्थव्यवस्था और विभिन्न देशों के करोड़ों लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

भारत पहले भी संघर्ष समाप्ति के लिए तीन सूत्री फार्मूला पेश कर चुका है, जिसमें ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने, काला सागर में वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अनाज व ऊर्जा आपूर्ति बहाल करने और शांतिपूर्ण वार्ता पर जोर शामिल है। अमेरिका, यूरोपीय संघ और दोनों पक्षों ने भारत के प्रयासों को सकारात्मक बताया है।

दीपावली के बाद भी लक्ष्मी पंडालों में भीड़ रही:लेहरा समेत महराजगंज के कई गांवों में महिलाओं ने पूजा की, शाम को फुलझड़ी, अनार, चकरी और रॉकेट चलाए

लेहरा और बृजमनगंज, महराजगंज में दीपावली के एक दिन बाद भी माता लक्ष्मी के पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। लोग सुबह से दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते रहे। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के लेहरा कस्बे के साथ हनुमानपुर, त्रिलोकपुर, मंगरेपुर और नरायनपुर में भी पंडाल लगाए गए। दूसरे दिन भी यहां श्रद्धालुओं का आना जारी रहा। पंडालों में युवाओं के साथ महिलाओं ने भी पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने माता लक्ष्मी की आरती उतारी और परिवार की सुख-शांति, धन-वैभव और समृद्धि की कामना की। शाम को पंडालों के आसपास युवाओं और महिलाओं ने आतिशबाजी की। लोगों ने फुलझड़ी, अनार, चकरी और रॉकेट चलाए। बच्चे भी आतिशबाजी करते दिखे। पंडालों के आसपास प्रसाद, खिलौनों और खाने-पीने की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। इलाके में मेले जैसा माहौल था।

दीपावली पर कुर्दा में लक्ष्मी जागरण हुआ:साधना सरगम ने रातभर भजन गाए, श्रद्धालु झूमे

बस्ती। जिले के गौर ब्लॉक क्षेत्र के कुर्दा पंडित पुरवा में दीपावली के पावन अवसर पर लक्ष्मी पूजा कमेटी की ओर से भव्य पंडाल सजाकर मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना एवं जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आकर्षक सजावट और मनमोहक पंडाल को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। जागरण कार्यक्रम में गोरखपुर से पहुंचीं प्रसिद्ध भजन गायिका साधना सरगम ने अपनी मधुर आवाज और शानदार भजनों से समां बांध दिया। जैसे ही उन्होंने माता रानी के भजन प्रस्तुत किए, पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंग गए। उनके गीतों पर लोग देर रात तक झूमते और माता रानी के जयकारे लगाते नजर आए। पूरा पंडाल जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा। इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में हर वर्ष खासा उत्साह देखने को मिलता है। कमेटी से जुड़े अनिल पांडेय, शिवम पांडेय, दिलीप पांडेय, श्रीप्रकाश पांडेय, संदीप पांडेय, अर्जुन पांडेय, संतोष पांडेय, ओमप्रकाश, अजय पांडेय, विनय पांडेय और प्रदीप पांडेय सहित अन्य स्थानीय लोग कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष रुचि लेते हैं। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने मां लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। दीपावली के अवसर पर आयोजित इस भव्य जागरण ने पूरे गांव को भक्तिमय बना दिया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। मां लक्ष्मी के जयकारों और भजनों से कुर्दा पंडित पुरवा की रात भक्तिमय हो उठी।

भारत में 500 पर थम जाता है प्रदूषण का पैमाना, अमेरिका में 2000 पार पहुंचता है AQI

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दीवाली की रात वायु प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक था, लेकिन अलग-अलग मोबाइल एप पर इसके आंकड़े एक-दूसरे से काफी अलग नजर आए। रात 10 बजे सरकारी मानिटर ने नेहरू नगर में पीएम2.5 की मात्रा 812 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने इसका AQI 387 बताया, जबकि अमेरिकी पैमाने पर यही आंकड़ा 1469 और ब्रिटिश पैमाने पर अधिकतम 10 था। सवाल है कि जब हवा एक ही है तो उसके प्रदूषण का स्तर अलग-अलग क्यों दिखाई देता है।

भारत का एक्यूआई 500 पर ही रुक जाता है

भारत ने अप्रैल 2015 में राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लागू किया था। इसे सीपीसीबी के लिए विशेषज्ञों की समिति ने तैयार किया था, जबकि तकनीकी काम आइआइटी कानपुर ने किया था। इसके छह स्तर हैं- अच्छा (0-50), संतोषजनक (51-100), मध्यम (101-200), खराब (201-300), बहुत खराब (301-400) और गंभीर (401-500)।

पीएम2.5 के 24 घंटे के औसत के लिए 30 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक की मात्रा को अच्छा माना गया है। 60 माइक्रोग्राम तक का स्तर राष्ट्रीय मानक के अनुरूप है। इसके बाद प्रदूषण की मात्रा बढ़ने के साथ AQI भी बढ़ता है। समस्या यह है कि भारतीय सूचकांक 500 पर पहुंचने के बाद आगे नहीं बढ़ता। सीपीसीबी की गणना में पीएम2.5 की मात्रा करीब 380 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पहुंचने पर ही AQI 500 हो जाता है। इसके ऊपर प्रदूषण कितना भी बढ़ जाए, सरकारी आंकड़े में AQI 500 ही दिखाई देगा। यानी 500 एक अंतिम सीमा है, प्रदूषण की वास्तविक अधिकतम सीमा नहीं।

अमेरिकी पैमाने पर 2000 तक पहुंच सकता है AQI

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दीवाली पर कई एप पर 1000 से 2000 तक के आंकड़े दिखने की वजह अमेरिकी AQI पैमाना है। आइक्यूएयर, वर्ल्ड एयर क्वालिटी इंडेक्स और कुछ अन्य प्लेटफार्म अमेरिकी फार्मूले का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, इनके आंकड़ों में अंतर का कारण मापन का समय और सेंसर भी हैं। कुछ प्लेटफार्म प्रति घंटे या उससे कम अवधि की रीडिंग दिखाते हैं।

अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (ईपीए) ने 2024 में पीएम2.5 के मानक और सख्त किए। अब 9 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक का स्तर अच्छा माना जाता है, जबकि 225.5 माइक्रोग्राम से ऊपर की मात्रा खतरनाक श्रेणी में आती है। अमेरिकी पैमाने पर 500 का AQI 325.4 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के बराबर है। इसके बाद भी स्कोर बढ़ता रहता है। इसी वजह से अत्यधिक प्रदूषण के दौरान आंकड़े 1000 या 2000 तक पहुंच जाते हैं।

ब्रिटेन का पैमाना 10 पर खत्म

ब्रिटेन का डेली एयर क्वालिटी इंडेक्स 1 से 10 तक होता है। इसमें चार श्रेणियां हैं- कम, मध्यम, अधिक और बहुत अधिक। पीएम2.5 का 24 घंटे का औसत 71 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर या इससे अधिक होने पर स्कोर 10 हो जाता है। इस तरह वहां भी अधिकतम स्कोर के बाद प्रदूषण की वास्तविक मात्रा जानने के लिए अलग आंकड़ा देखना जरूरी है।

AQI की तुलना ऐसे करें

AQI हवा में मौजूद प्रदूषकों की मात्रा को एक आसान स्कोर में बदलता है। अलग-अलग देशों में इसकी गणना के तरीके, प्रदूषण की श्रेणियां और औसत निकालने की अवधि अलग हैं। इसलिए केवल AQI देखकर दो देशों या दो एप के आंकड़ों की तुलना करना सही नहीं है।

बेहतर तरीका है कि पीएम2.5 की वास्तविक मात्रा (माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर) और मापन की अवधि देखी जाए। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, 24 घंटे में पीएम2.5 का औसत स्तर 15 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक नहीं होना चाहिए।

जमुनहा ब्लॉक में दीपावली पर मां लक्ष्मी की पूजा हुई:लोगों ने घरों और दुकानों में मां लक्ष्मी-गणेश का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की

जमुनहा ब्लॉक के गांवों और कस्बों में दीपावली पर मां लक्ष्मी की पूजा की गई। लोगों ने घरों और दुकानों में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। जमुनहा, श्रावस्ती। शाम होते ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं। लोगों ने घरों को फूलों, रंगोली और दीपों से सजाया। शुभ मुहूर्त में पूजा की गई। जमुनहा, मल्हीपुर, नासिरगंज, हरदत्त नगर गिरंट और सोनवा समेत ब्लॉक के गांवों में घरों और दुकानों पर पूजा हुई। मां लक्ष्मी को फूल, फल, मिठाई, धूप और दीप चढ़ाए गए। परिवार के सदस्यों ने साथ में आरती की और घर में सुख, शांति, धन-धान्य एवं समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने पूजा की तैयारियां कीं। घरों के मुख्य द्वार पर रंगोली बनाई गई और मिट्टी के दीयों से घर-आंगन रोशन किए गए। व्यापारियों ने दुकानों और प्रतिष्ठानों में मां लक्ष्मी की पूजा कर नए व्यापारिक वर्ष के लिए मंगलकामना की। पूजा के बाद लोगों ने प्रसाद बांटा और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों में भी त्योहार को लेकर उत्साह रहा। जमुनहा ब्लॉक में दीपों और पूजा-अर्चना के साथ दीपावली मनाई गई।

केरल से कर्नाक पहुंचा एथनॉल विवाद: पेट्रोल में तय सीमा से अधिक मिलावट के शक पर सियासत; अब जांच करा रही सरकार

तिरुअनंतपुरम, प्रेट्र। एथनॉल मिश्रित पेट्रोल का मुद्दा कर्नाटक से केरलम पहुंच गया है। कर्नाटक के बाद केरलम की कांग्रेस सरकार भी एथनॉल मिश्रित पेट्रोल की जांच करा रही है। राज्य के नागरिक आपूर्ति मंत्री अनूप जैकब ने सोमवार को बताया है कि चार जिलों में पेट्रोल पंपों की औचक जांच की जा रही है।

बता दें कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने पेट्रोल में निर्धारित 20 प्रतिशत की सीमा से ज्यादा एथनॉल मिलाए जाने का आरोप लगाया है। जबकि पेट्रोलियम मंत्रालय सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों की ओर से सप्लाई किए जाने वाले ई20 पेट्रोल में 26-31 प्रतिशत तक एथनॉल मिलाए जाने के कर्नाटक सरकार के आरोपों को खारिज कर चुका है।

जैकब ने पत्रकारों से कहा कि कर्नाटक में सामने आए आरोपों के अलावा केरलम में भी वाहनों को नुकसान पहुंचने की शिकायतें मिली हैं। इसलिए राज्य सरकार ने जांच के आदेश देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, ‘वाहनों को नुकसान पहुंचने और ईंधन में निर्धारित सीमा से ज्यादा एथनॉल मिलाए जाने की आशंकाओं को लेकर आम लोगों से शिकायतें मिल रही हैं।

लोगों की आशंकाओं को दूर करना सरकार की जिम्मेदारी है। इसी वजह से जांच के आदेश दिए गए हैं।’ जैकब ने बताया कि विभिन्न पेट्रोल पंपों से नमूने एकत्र किए जा रहे हैं और उन्हें सरकारी प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच के नतीजे दस दिन के अंदर आने की उम्मीद है।

कर्नाटक में सियासी घमासान तेज

कर्नाटक में एथनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार जहां पेट्रोल में निर्धारित 20 प्रतिशत की सीमा से अधिक एथनॉल मिलाए जाने के अपने निष्कर्ष पर कायम है, तो वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बेंगलुरु में कई पेट्रोल पंपों पर विरोध प्रदर्शन किया। जबकि भाजपा ने राज्य सरकार को आड़े हाथ लिया और कहा कि वह राहुल गांधी को प्रभावित करने के लिए एथनॉल मुद्दे पर राजनीति कर रही है।

कर्नाटक के मंत्री रिजवान अरशद ने कहा कि पेट्रोलियम विपणन कंपनियों (ओएमसी) द्वारा पेट्रोल में निर्धारित 20 प्रतिशत से ज्यादा एथनॉल मिलाने के निष्कर्ष पर राज्य सरकार कायम है।

कुछ नमूनों में इसकी मात्रा 31.2 प्रतिशत तक पाई गई है। उन्होंने ओएमसी को चुनौती दी है कि वे राज्य भर के पेट्रोल पंप से लिए गए 63 नमूनों में एथनॉल की वास्तविक मात्रा बताएं। जबकि भाजपा सांसद यदुवीर कृष्णदत्त ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह राज्य में बढ़ती कीमतों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए एथनॉल का मुद्दा उठा रही है।

कर्नाटक के नमूनों में 19.9% एथनॉल: ओएमसी

कर्नाटक में पेट्रोल में तय सीमा से ज्यादा एथनॉल मिलाने के आरोपों के बीच भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) समेत पेट्रोलियम विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने सोमवार को ई20 की गुणवत्ता की पुष्टि की। उन्होंने उपभोक्ताओं की मौजूदगी में किए गए टेस्ट का हवाला दिया, जिसमें पेट्रोल के नमूनों में 19.9 प्रतिशत एथनॉल मिला।

बीपीसीएल ने एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। इस बीच, एचपीसीएल ने कर्नाटक में ओएमसी द्वारा टेस्ट किए गए 56 नमूनों का हवाला देते हुए कहा कि नमूनों में औसतन 19.3 प्रतिशत एथनॉल पाया गया।

बरवा द्वारिका के पास हादसे में घायल व्यक्ति की मौत:जिला अस्पताल महराजगंज में डॉक्टर ने मृत घोषित किया; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के बरवा द्वारिका के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की जिला अस्पताल में मौत हो गई। अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित किया।
मृतक की पहचान सत्य प्रकाश सिंह (42), पुत्र पारस सिंह, निवासी ग्राम बेलवा, थाना नेबुआ नौरंगिया, जिला कुशीनगर के रूप में हुई है। हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल महराजगंज ले जाया गया था। वहां डॉक्टर डॉ. मोहम्मद शाहिद ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर कोठीभार थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जरूरी कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

दिवाली पर बच्चों और युवाओं ने रात तक पटाखे फोड़े:बस्ती के साउघाट में लोगों ने पटाखे और बम जलाए

बस्ती के साउघाट के अलग-अलग इलाकों में छोटी दिवाली पर बच्चों और युवाओं ने देर रात तक पटाखे फोड़े। उन्होंने छुरी बम और गोले जैसे पटाखे जलाए। स्थानीय निवासी लालचंद, अमरचंद, विक्रम, बृजेश, महेश कुमार, सतीश चंद्र और राम बहादुर ने बताया कि बच्चे और युवा देर रात तक पटाखे जलाकर दिवाली मना रहे थे। कुछ लोग मोमबत्ती से पटाखे जला रहे थे, जबकि कुछ ने पेट्रोल का इस्तेमाल किया।

‘ईद को दीपावली कहकर दिखाएं राहुल-खरगे’, कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर भाजपा ने साधा निशाना; बताया सनातन विरोधी

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दीपावली की बधाई देते हुए इसे खुशियों का ईद बताने पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी ने कांग्रेस पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाते हुए खरगे और राहुल गांधी को ईद को खुशियों की दीपावली बताकर मुसलमानों को बधाई देने की चुनौती दी।

कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी द्वारा मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को सही ठहराने की कोशिश का जिक्र करते हुए भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि यह जानबूझकर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए दिया गया बयान है।

उन्होंने दीपावली पर प्रदूषण फैलाने की तुलना प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से करने के सोच पर भी आपत्ति जताई। बकरीद पर जल प्रदूषण की ओर इशारा करते हुए भाटिया ने कहा कि किसी एक पंथ के त्योहार की तुलना दूसरे के त्योहार से नहीं करनी चाहिए, हर तरह का प्रदूषण बुरा है और किसी को सही नहीं ठहराना चाहिए।

खरगे के पुराने बयान बकरीद में बचेंगे तो मुहर्रम में नाचेंगे का हवाला देते हुए उन्होंने ईद, बकरीद, मुहर्रम पर इस तरह से बयान देने की जरूरत पर सवाल उठाया और कहा कि यह देश के पंथनिरपेक्ष स्वरूप के लिए सही नहीं है। उनके अनुसार कांग्रेस की राजनीति में बहुसंख्यक समुदाय को चुप कराना और कट्टरपंथियों को सामने झुकना ही पंथनिरपेक्षता बन गई है।

गौरव भाटिया ने बाबरी ढांचे के ध्वंस की तस्वीरें देखकर सोनिया गांधी के रोने को तुष्टीकरण की पराकाष्ठा करार दिया। बाटला हाउस मुठभेड़ पर सोनिया के रोने के दावे का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी मुठभेड़ में साहसी पुलिसकर्मी के बलिदान पर उनकी आंखों में आंसू नहीं आए थे। इसी तरह भव्य राम मंदिर के उद्घाटन को देखकर करोड़ों हिंदुओं के आंखों में खुशी के आंसू थे।

गांधी परिवार में से राहुल, सोनिया, प्रियंका कोई भी दर्शन करने अयोध्या नहीं पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस को तुष्टीकरण की राजनीति के लिए हिंदू धर्म, सनातन संस्कृति और आस्था के प्रतीकों का अपमान नहीं करने की चेतावनी दी।

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस ने दीपावली पर भी वोट बैंक की राजनीति चुनी। कांग्रेस दीपावली जैसे अवसरों पर भी तुष्टीकरण एवं वोट बैंक के बारे में सोचती है और यह कांग्रेस की सनातन-विरोधी मानसिकता दिखाता है।

उन्होंने कहा, ‘आयोध्या में विवादित ढांचे के लिए सोनिया गांधी के रोने को याद कीजिए। अतीत में जब सनातन को डेंगू, मलेरिया, एड्स कहा गया, तब कांग्रेस चुप रही! गांधी-वाड्रा परिवार के नेतृत्व में कांग्रेस की नीति सनातन-विरोधी और हिंदू-विरोधी है।’

भाजपा के एक अन्य प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने कहा कि मुस्लिम वर्ष में केवल दो बार ईद मनाते हैं, लेकिन कांग्रेस हर हिंदू त्योहार को ‘खुशियों की ईद’ के रूप में मनाना चाहती है। उन्होंने कहा, ‘इस तरह कांग्रेस असल में वर्ष में 10-12 बार ईद मनाना चाहती है। इसीलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस कांग्रेस को एमएमसी (माओवादी मुस्लिम लीग कांग्रेस) कहते हैं।’

भाजपा सांसद तरुण चुघ ने भी खरगे की आलोचना करते हुए कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। चुघ ने कहा कि उनकी टिप्पणी से करोड़ों सनातनियों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा, ‘खरगे जी किसे खुश करने की कोशिश कर रहे हैं? क्या वोट बैंक की राजनीति का इतना असर है कि कांग्रेस हिंदू त्योहारों की पहचान स्वीकार करने से भी हिचक रही है?’

उन्होंने कहा, ‘खरगे साहब, अपने मुस्लिम लीग के संरक्षकों को खुश करने और अपना गठबंधन मजबूत करने की कोशिश में आप बार-बार हिंदू-विरोधी और सनातन-विरोधी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं।’

पूरे हिंदू समुदाय का अपमान करने की साजिश : विहिप

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति इतनी घृणित हो गई है कि पार्टी देश के हिंदू बहुसंख्यकों की भावनाओं का सम्मान करने को तैयार नहीं है और उनका घोर अपमान करने पर आमादा है।

उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का दीपावली को ईद कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, शर्मनाक और निंदनीय है। यह पूरे हिंदू समुदाय का अपमान करने की पार्टी की एक और साजिश है। ऐसा लगता है कि कांग्रेस के लिए हिंदुओं के त्योहार गर्व का नहीं, बल्कि शर्मिंदगी का विषय हैं। उन्हें दीपावली भी ईद जैसी लगती है। समझ से परे है कि हिंदू परंपराओं का मजाक उड़ाने और भारत की गौरवशाली संस्कृति का अपमान करने में पार्टी को क्या आनंद मिलता है।’

विहिप प्रवक्ता ने कहा, ‘कांग्रेस को देश को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या आइएनडीआइए में अपने सनातन-विरोधी सहयोगियों की तरह अब वह भी हिंदू त्योहारों और सनातन संस्कृति को खत्म करने के लिए मैदान में उतर गई है।’

ईद का शाब्दिक अर्थ ही त्योहार है : खेड़ा

भाजपा पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक्स पर कहा, ‘खरगे के बयान को लेकर बड़ा मुद्दा बनाने वाले लोग शब्दार्थ की दृष्टि से अनभिज्ञ हैं। ईद का शाब्दिक अर्थ त्योहार है। अब जाकर उनका बयान फिर से सुनिए। यह बिल्कुल सामान्य है, उस संघी नकारात्मकता के विपरीत, जो कुछ लोगों को किसी त्योहार को भी छोड़ने में असमर्थ बना देती है।

दीपावली की भावना और भगवान के प्रति प्रेम के लिए, कृपया अपने दिमाग में भी एक-दो बल्ब जला लीजिए और बाकी लोगों को अपनी मूर्खता का सार्वजनिक प्रदर्शन देखने से बख्शिए।’

खरगे ने कहा था…

‘मैं सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। बहुत से लोग इसे खुशियों की ईद के रूप में मनाते हैं… इस त्योहार के मौके पर मैं अपने सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देना चाहता हूं। मेरी एक खास अपील भी है: देश में शांति बनाए रखना जरूरी है। मैं उन लोगों से आग्रह करता हूं, जिनके बीच टकराव है या जो एक-दूसरे के प्रति गलतफहमी पाले हुए हैं, कि वे इन मतभेदों को दूर करें। आइए, हम सभी अपने देश की रक्षा करने और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के लिए पूरे मन से काम करें।’

छोटी दीपावली पर बदला चौराहा रोशनी से जगमगाया:बाजार में लोगों की चहल-पहल बढ़ी, पटाखों और आतिशबाजी की आवाज गूंजी

जमुनहा, श्रावस्ती। सोमवार को छोटी दीपावली के अवसर पर जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र के बदला चौराहे पर भी खासा उत्साह देखने को मिला। शाम होते ही बाजार रंग-बिरंगी इलेक्ट्रॉनिक लाइटों और आकर्षक झालरों से जगमगा उठा। दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया, वहीं लोगों ने भी अपने घरों को दीयों, मोमबत्तियों और रंग-बिरंगी लाइटों से रोशन किया। शाम ढलते ही बाजार में लोगों की चहल-पहल बढ़ गई। त्योहार को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं, जगह-जगह पटाखों और आतिशबाजी की आवाज से पूरा बदला चौराहा गूंज उठा। छोटी दीपावली पर बाजार की रौनक और रोशनी ने त्योहार के माहौल को और खुशनुमा बना दिया। लोगों ने परिवार के साथ खुशियां बांटते हुए हर्षोल्लास से छोटी दीपावली का पर्व मनाया।