‘ईद को दीपावली कहकर दिखाएं राहुल-खरगे’, कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर भाजपा ने साधा निशाना; बताया सनातन विरोधी

0
2

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दीपावली की बधाई देते हुए इसे खुशियों का ईद बताने पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी ने कांग्रेस पर सनातन विरोधी होने का आरोप लगाते हुए खरगे और राहुल गांधी को ईद को खुशियों की दीपावली बताकर मुसलमानों को बधाई देने की चुनौती दी।

कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी द्वारा मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को सही ठहराने की कोशिश का जिक्र करते हुए भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि यह जानबूझकर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए दिया गया बयान है।

उन्होंने दीपावली पर प्रदूषण फैलाने की तुलना प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से करने के सोच पर भी आपत्ति जताई। बकरीद पर जल प्रदूषण की ओर इशारा करते हुए भाटिया ने कहा कि किसी एक पंथ के त्योहार की तुलना दूसरे के त्योहार से नहीं करनी चाहिए, हर तरह का प्रदूषण बुरा है और किसी को सही नहीं ठहराना चाहिए।

खरगे के पुराने बयान बकरीद में बचेंगे तो मुहर्रम में नाचेंगे का हवाला देते हुए उन्होंने ईद, बकरीद, मुहर्रम पर इस तरह से बयान देने की जरूरत पर सवाल उठाया और कहा कि यह देश के पंथनिरपेक्ष स्वरूप के लिए सही नहीं है। उनके अनुसार कांग्रेस की राजनीति में बहुसंख्यक समुदाय को चुप कराना और कट्टरपंथियों को सामने झुकना ही पंथनिरपेक्षता बन गई है।

गौरव भाटिया ने बाबरी ढांचे के ध्वंस की तस्वीरें देखकर सोनिया गांधी के रोने को तुष्टीकरण की पराकाष्ठा करार दिया। बाटला हाउस मुठभेड़ पर सोनिया के रोने के दावे का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी मुठभेड़ में साहसी पुलिसकर्मी के बलिदान पर उनकी आंखों में आंसू नहीं आए थे। इसी तरह भव्य राम मंदिर के उद्घाटन को देखकर करोड़ों हिंदुओं के आंखों में खुशी के आंसू थे।

गांधी परिवार में से राहुल, सोनिया, प्रियंका कोई भी दर्शन करने अयोध्या नहीं पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस को तुष्टीकरण की राजनीति के लिए हिंदू धर्म, सनातन संस्कृति और आस्था के प्रतीकों का अपमान नहीं करने की चेतावनी दी।

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस ने दीपावली पर भी वोट बैंक की राजनीति चुनी। कांग्रेस दीपावली जैसे अवसरों पर भी तुष्टीकरण एवं वोट बैंक के बारे में सोचती है और यह कांग्रेस की सनातन-विरोधी मानसिकता दिखाता है।

उन्होंने कहा, ‘आयोध्या में विवादित ढांचे के लिए सोनिया गांधी के रोने को याद कीजिए। अतीत में जब सनातन को डेंगू, मलेरिया, एड्स कहा गया, तब कांग्रेस चुप रही! गांधी-वाड्रा परिवार के नेतृत्व में कांग्रेस की नीति सनातन-विरोधी और हिंदू-विरोधी है।’

भाजपा के एक अन्य प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने कहा कि मुस्लिम वर्ष में केवल दो बार ईद मनाते हैं, लेकिन कांग्रेस हर हिंदू त्योहार को ‘खुशियों की ईद’ के रूप में मनाना चाहती है। उन्होंने कहा, ‘इस तरह कांग्रेस असल में वर्ष में 10-12 बार ईद मनाना चाहती है। इसीलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस कांग्रेस को एमएमसी (माओवादी मुस्लिम लीग कांग्रेस) कहते हैं।’

भाजपा सांसद तरुण चुघ ने भी खरगे की आलोचना करते हुए कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। चुघ ने कहा कि उनकी टिप्पणी से करोड़ों सनातनियों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा, ‘खरगे जी किसे खुश करने की कोशिश कर रहे हैं? क्या वोट बैंक की राजनीति का इतना असर है कि कांग्रेस हिंदू त्योहारों की पहचान स्वीकार करने से भी हिचक रही है?’

उन्होंने कहा, ‘खरगे साहब, अपने मुस्लिम लीग के संरक्षकों को खुश करने और अपना गठबंधन मजबूत करने की कोशिश में आप बार-बार हिंदू-विरोधी और सनातन-विरोधी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं।’

पूरे हिंदू समुदाय का अपमान करने की साजिश : विहिप

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति इतनी घृणित हो गई है कि पार्टी देश के हिंदू बहुसंख्यकों की भावनाओं का सम्मान करने को तैयार नहीं है और उनका घोर अपमान करने पर आमादा है।

उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का दीपावली को ईद कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, शर्मनाक और निंदनीय है। यह पूरे हिंदू समुदाय का अपमान करने की पार्टी की एक और साजिश है। ऐसा लगता है कि कांग्रेस के लिए हिंदुओं के त्योहार गर्व का नहीं, बल्कि शर्मिंदगी का विषय हैं। उन्हें दीपावली भी ईद जैसी लगती है। समझ से परे है कि हिंदू परंपराओं का मजाक उड़ाने और भारत की गौरवशाली संस्कृति का अपमान करने में पार्टी को क्या आनंद मिलता है।’

विहिप प्रवक्ता ने कहा, ‘कांग्रेस को देश को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या आइएनडीआइए में अपने सनातन-विरोधी सहयोगियों की तरह अब वह भी हिंदू त्योहारों और सनातन संस्कृति को खत्म करने के लिए मैदान में उतर गई है।’

ईद का शाब्दिक अर्थ ही त्योहार है : खेड़ा

भाजपा पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक्स पर कहा, ‘खरगे के बयान को लेकर बड़ा मुद्दा बनाने वाले लोग शब्दार्थ की दृष्टि से अनभिज्ञ हैं। ईद का शाब्दिक अर्थ त्योहार है। अब जाकर उनका बयान फिर से सुनिए। यह बिल्कुल सामान्य है, उस संघी नकारात्मकता के विपरीत, जो कुछ लोगों को किसी त्योहार को भी छोड़ने में असमर्थ बना देती है।

दीपावली की भावना और भगवान के प्रति प्रेम के लिए, कृपया अपने दिमाग में भी एक-दो बल्ब जला लीजिए और बाकी लोगों को अपनी मूर्खता का सार्वजनिक प्रदर्शन देखने से बख्शिए।’

खरगे ने कहा था…

‘मैं सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। बहुत से लोग इसे खुशियों की ईद के रूप में मनाते हैं… इस त्योहार के मौके पर मैं अपने सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देना चाहता हूं। मेरी एक खास अपील भी है: देश में शांति बनाए रखना जरूरी है। मैं उन लोगों से आग्रह करता हूं, जिनके बीच टकराव है या जो एक-दूसरे के प्रति गलतफहमी पाले हुए हैं, कि वे इन मतभेदों को दूर करें। आइए, हम सभी अपने देश की रक्षा करने और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के लिए पूरे मन से काम करें।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here