Home Blog Page 156

छोटी दीपावली पर बदला चौराहा रोशनी से जगमगाया:बाजार में लोगों की चहल-पहल बढ़ी, पटाखों और आतिशबाजी की आवाज गूंजी

जमुनहा, श्रावस्ती। सोमवार को छोटी दीपावली के अवसर पर जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र के बदला चौराहे पर भी खासा उत्साह देखने को मिला। शाम होते ही बाजार रंग-बिरंगी इलेक्ट्रॉनिक लाइटों और आकर्षक झालरों से जगमगा उठा। दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया, वहीं लोगों ने भी अपने घरों को दीयों, मोमबत्तियों और रंग-बिरंगी लाइटों से रोशन किया। शाम ढलते ही बाजार में लोगों की चहल-पहल बढ़ गई। त्योहार को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं, जगह-जगह पटाखों और आतिशबाजी की आवाज से पूरा बदला चौराहा गूंज उठा। छोटी दीपावली पर बाजार की रौनक और रोशनी ने त्योहार के माहौल को और खुशनुमा बना दिया। लोगों ने परिवार के साथ खुशियां बांटते हुए हर्षोल्लास से छोटी दीपावली का पर्व मनाया।

AI युग में बच्चों की डिजिटल सुरक्षा पर संकट, हर 10 में से एक छात्र साइबर बुलिंग का शिकार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) विद्यार्थियों की आनलाइन सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) की रिपोर्ट के अनुसार, दुनियाभर में हर 10 में से एक विद्यार्थी साइबर बुलिंग (आनलाइन उत्पीड़न) का शिकार होता है।

वहीं हर तीन में से एक विद्यार्थी को हर महीने किसी न किसी रूप में बुलिंग (धमकाने या प्रताड़ित करने) का सामना करना पड़ता है। यूनेस्को की नई नीति रिपोर्ट ‘कनेक्टेड एंड सेफ’ में बताया गया है कि एआइ के जरिए विद्यार्थियों की तस्वीरों से छेड़छाड़, आवाज की नकल और संगठित आनलाइन उत्पीड़न जैसी घटनाएं हो रही हैं।

हर 10 में से एक छात्र साइबर बुलिंग का शिकार

यूनेस्को के महानिदेशक खालिद अल-एनानी ने कहा कि लाखों बच्चों का भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। दिव्यांग विद्यार्थियों तथा सामाजिक-आर्थिक रूप से वंचित और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को अधिक गंभीर जोखिम का सामना करना पड़ता है।

रिपोर्ट के अनुसार आनलाइन और तकनीक के जरिये होने वाली हिंसा (टीएफवी) मामूली चिंता नहीं रह गई है। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा, खुशहाली, भागीदारी और सीखने पर सीधा असर पड़ता है। यूरोप, मध्य एशिया और उत्तरी अमेरिका के 44 देशों में साइबर उत्पीड़न की घटनाएं 2018 से 2022 के बीच 12 प्रतिशत से बढ़कर 15 प्रतिशत हो गईं।

एआई से तस्वीरों-आवाजों का दुरुपयोग बढ़ा

लड़कों को आम तौर पर शारीरिक उत्पीड़न और हिंसा का अधिक सामना करना पड़ता है, जबकि लड़कियों को मनोवैज्ञानिक उत्पीड़न खासकर साइबर उत्पीड़न और रूप-रंग को लेकर होने वाले उत्पीड़न झेलना पड़ता है। शारीरिक यौन हिंसा का खतरा लड़कियों को अधिक रहता है।

यूनेस्को ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराना केवल स्कूलों की जिम्मेदारी नहीं हो सकती। इसके लिए सरकारों, तकनीकी कंपनियों, डिजिटल प्लेटफार्म और नियामक संस्थाओं को मिलकर काम करना होगा।

यूनेस्को ने शिक्षकों के प्रशिक्षण, मानसिक स्वास्थ्य सहायता, शिकायत दर्ज कराने और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था तथा डिजिटल सुरक्षा उपायों में निवेश बढ़ाने की अपील की है।

ग्रामीण इलाकों में मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ:सबया क्षेत्र में कोठीभार पुलिस की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न

सबया क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्रतिमाओं को विदाई दी। विसर्जन के दौरान कोठीभार पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखे रही। पुलिसकर्मियों की देखरेख में कार्यक्रम संपन्न हुआ और कहीं अव्यवस्था नहीं हुई। कोठीभार थाना अध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। ग्रामीणों ने व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन के सहयोग की सराहना की।

दुबौलिया बाजार में मित्र मंडली ने मिलन कार्यक्रम किया:कार्यक्रम में लिट्टी-चोखा भोज हुआ, कई मित्र शामिल हुए

दुबौलिया बाजार में मित्र मंडली ने मिलन कार्यक्रम किया। इस दौरान लिट्टी-चोखा भोज हुआ। कार्यक्रम में अशोक जायसवाल, राजकुमार सोनकर, अशोक अग्रहरि, राहुल दुबे, अरविन्द गुप्ता, शिवेंद्र गुप्ता, जितेंद्र सोनी, पप्पू बीडीसी और ध्रुव सोनी शामिल हुए। गोरखनाथ सोनी, सुनील गुप्ता, जय मंगल, रामधनी गुप्ता, सोनीलाल, गोपाल, अवधेश अग्रहरि और जय प्रकाश अग्रहरि भी मौजूद रहे। मिलन कार्यक्रम में मित्रों ने पुरानी यादें साझा कीं और आपसी रिश्तों को मजबूत करने की बात कही।

‘500 रुपये के नोट बंद हों’, भ्रष्टाचार रोकने के लिए सीएम चंद्रबाबू नायडू की बड़ी मांग

डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने एक बार फिर बड़े मूल्य के करेंसी नोटों को चलन से बाहर करने की अपनी मांग को जोर-शोर से उठाया है।

सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर लगाम कसने और नकद लेनदेन को छोटी राशि तक सीमित करने के लिए 500 रुपये के नोटों को भी बंद कर दिया जाना चाहिए।

‘केवल 100 और 200 के नोट चलें’

समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, तेलुगु देशम पार्टी प्रमुख नायडू ने कहा कि वह इस मुद्दे पर अपनी बात लगातार आगे भी रखते रहेंगे। उन्होंने कहा, 500, 1,000 और 2,000 रुपये के नोट बंद कर दिए जाने चाहिए। देश में केवल 100 और 200 रुपये के नोट ही रहने चाहिए।

उन्होंने तर्क दिया कि बड़े मूल्य के नोटों का चलन कम होने से अवैध गतिविधियों और भ्रष्टाचार के कामों में भारी मात्रा में नकदी का इस्तेमाल करना असंभव या बेहद कठिन हो जाएगा। उन्होंने आर्थिक अवसरों को बेहतर बनाने और विकास की गति को तेज करने में तकनीक के सही इस्तेमाल पर भी खास जोर दिया।

उन्होंने कहा कि अगर तकनीक का क्रियान्वयन सही ढंग से हो, तो देश से धन का सृजन करना और गरीबी को दूर करना कोई मुश्किल काम नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपी गई डिजिटल मुद्रा से जुड़ी एक रिपोर्ट में भी यह प्रस्ताव रखा था।

‘मनी पावर’ को कम करने का दावा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नायडू ने हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों का भी विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि इन चुनावों के परिणाम इस बात का स्पष्ट प्रमाण हैं कि राज्य में एनडीए के प्रति जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है।

इसी के साथ उन्होंने यह भी दावा किया कि गठबंधन इन चुनावों में मनी पावर यानी पैसे के प्रभाव को काफी हद तक नियंत्रित और कम करने में सफल रहा है।

उनके द्वारा साझा किए गए आंकडों के अनुसार, NDA ने शहरी स्थानीय निकाय और परिषद चुनावों में कुल मिलाकर 58.9 प्रतिशत वोट हासिल किए हैं। यह आंकड़ा 2024 के आम चुनावों में मिले 55.3 प्रतिशत वोटों से 3.6 प्रतिशत अंक अधिक है। इसके विपरीत, मुख्य विपक्षी दल YSR कांग्रेस पार्टी (YSRCP) का वोट शेयर 2024 के 39.81 प्रतिशत से गिरकर स्थानीय निकाय चुनावों में मात्र 33.56 प्रतिशत पर आ गया, जो कि 6.25 प्रतिशत अंकों की भारी गिरावट को दर्शाता है।

नायडू ने बताया कि वर्तमान में दोनों पक्षों के वोट शेयर के बीच 25.34 प्रतिशत अंकों का एक बड़ा अंतर आ चुका है।

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में एनडीए का दबदबा

आंकड़े पेश करते हुए उन्होंने बताया कि शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में गठबंधन का वोट शेयर 59.9 प्रतिशत रहा, जबकि YSRCP का वोट शेयर 34.3 प्रतिशत तक सिमट गया। शहरी इलाकों में एनडीए का स्ट्राइक रेट शानदार 94 प्रतिशत रहा।

वहीं, जिला परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र (ZPTC) चुनावों में गठबंधन को 57.6 प्रतिशत और YSRCP को 39.7 प्रतिशत वोट मिले, जिससे ग्रामीण इलाकों में दोनों के बीच 17.9 प्रतिशत अंकों का अंतर साफ नजर आया।

सीटों के लिहाज से भी गठबंधन ने अभूतपूर्व सफलता हासिल की है। पूरे राज्य में NDA ने 659 ZPTC सीटों में से 575 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की और राज्य के 28 में से 27 जिलों में अपनी बढ़त बनाई। केवल अल्लूरी सीताराम राजू जिले में ही YSRCP गठबंधन से अधिक सीटें जीत पाने में सफल रही, जबकि सात ऐसे जिले रहे जहां विपक्षी पार्टी एक भी ZPTC सीट नहीं जीत सकी।

इसी तरह, मंडल परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र (MPTC) के चुनावों में भी एनडीए ने अपना परचम लहराते हुए 9,818 में से 7,803 सीटों पर कब्जा जमाया। राज्य भर में मंडल अध्यक्ष के लगभग 90 प्रतिशत पदों पर भी गठबंधन के ही नेताओं के काबिज होने की पूरी संभावना है।

मेयर और नगरपालिका वार्डों में भी जीत

शहरी स्थानीय निकायों के मोर्चे पर भी गठबंधन का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा है। मेयर और चेयरपर्सन के कुल 100 पदों में से गठबंधन ने 94 पदों पर धमाकेदार जीत हासिल की है। इनमें मेयर के 13 में से 12 पद और चेयरपर्सन के 87 में से 82 पद शामिल हैं। इन विजेता दलों में अकेले टीडीपी ने 70 पदों पर जीत दर्ज की है, जबकि जन सेना पार्टी ने 20 और बीजेपी ने 4 पदों पर जीत दर्ज की।

इसके अलावा, गठबंधन ने 3,941 नगरपालिका वार्डों में से 3,233 वार्ड अपने नाम किए, जो कुल वार्डों का लगभग 82 प्रतिशत है। एनडीए ने 100 शहरी स्थानीय निकायों में से 95 में पूर्ण बहुमत हासिल किया और 16 निकाय ऐसे रहे जहां पार्टी ने सभी वार्डों में क्लीन स्वीप किया।

इसकी तुलना में YSRCP केवल 4 शहरी स्थानीय निकाय और 558 वार्ड ही जीत पाई, और 22 शहरी स्थानीय निकाय तो ऐसे रहे जहां वह एक भी वार्ड नहीं जीत सकी।

छोटी दीपावली पर श्रावस्ती में घर-घर जले दीप:श्रावस्ती में लोगों ने माता लक्ष्मी-भगवान गणेश की पूजा कर सुख-समृद्धि मांगी

श्रावस्ती में सोमवार को छोटी दीपावली मनाई गई। शहर से गांवों तक घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में मिट्टी के दीपक और रंग-बिरंगी इलेक्ट्रॉनिक झालरें जलाई गईं। सोमवार देर शाम 7:00 से 8:00 बजे के बीच लोगों ने माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। बच्चों और युवाओं ने आतिशबाजी की। दीपावली के पहले दिन रविवार को जिले के कई स्थानों पर कलश पूजन के साथ माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। इन जगहों पर 11 नवंबर को भंडारा होगा और 12 नवंबर को प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। दीपावली के दूसरे दिन छोटी दीपावली पर भी घरों और बाजारों में सजावट की गई। शाम को शुभ मुहूर्त में पूजा के बाद लोगों ने दीप जलाए और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। पटाखे चलाए गए और आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी दिखाई दी। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीराम 14 वर्ष का वनवास पूरा कर रावण पर विजय पाने के बाद माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे थे। उनके स्वागत में अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर नगरी को रोशन किया था। तभी से दीपावली को अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। समुद्र मंथन के दौरान माता लक्ष्मी के प्रकट होने की मान्यता के चलते दीपावली पर उनकी विशेष पूजा की जाती है। श्रावस्ती में भी लोगों ने दीप जलाकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

अब लीक नहीं होंगे पेपर? NTA की नई पहल, परीक्षा से पहले तैयार होंगे प्रश्न; सेना के रिटायर्ड अधिकारी करेंगे निगरानी

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। परीक्षाओं में सुधार व उसे लीक प्रूफ बनाने के लिए प्रख्यात तकनीकी विशेषज्ञ और ‘आधार’ के जनक रहे नंदन नीलेकणी की अगुआई में गठित हाईपावर कमेटी की रिपोर्ट का अभी भले ही इंतजार है, लेकिन पिछले दिनों एक कार्यक्रम में उन्होंने परीक्षाओं के लिए प्रश्नों का एक बड़ा बैंक बनाने का जो सुझाव दिया था, उस दिशा में एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) ने काम शुरू कर दिया है।

इसे लेकर देशभर के विषय विशेषज्ञों और अनुवादकों से आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन की कोई समय-सीमा नहीं रखी गई है। यानी रुचि रखने वाले विशेषज्ञ इस अभियान से कभी भी जुड़ सकते हैं।

एनटीए की इस पहल को संयुक्त प्रवेश परीक्षा-मुख्य (जेईई-मेन) और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। इसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र शामिल होते हैं। एनटीए ने इस दौरान ऐसे सभी विषय विशेषज्ञों एवं परीक्षाओं को त्रुटि रहित कराने में रुचि रखने वाले शिक्षाविदों से सहयोग मांगा है।

साथ ही कहा है कि वह जरूरत के मुताबिक खुद अपनी भूमिका निर्धारित करें। इसमें उच्च गुणवत्ता वाले प्रश्नों को तैयार करने के साथ ही उनकी समीक्षा, अनुवाद व उनके ठीक उत्तर तैयार करने जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

इनमें शामिल होने वाले शिक्षाविदों के लिए एक शर्त भी रखी गई है, जिसमें उन्हें एनटीए में विशेषज्ञ के तौर पर जुड़े होने की बात को गोपनीय रखना होगा।

गौरतलब है कि पिछले दिनों एक कार्यक्रम में नंदन नीलेकणी ने पेपर लीक रोकने को लेकर अपने कुछ विचार रखे थे। जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रश्न-पत्रों को पहले से तैयार करने की जरूरत नहीं है, उसे परीक्षा के कुछ घंटे पहले तैयार किया जाए। ऐसे जब कोई प्रश्न-पत्र होगा ही नहीं, तो लीक कैसे होगा। हालांकि इसके लिए उन्होंने प्रश्नों का एक बड़ा बैंक तैयार करने की जरूरत बताई थी।

सेवानिवृत्त अधिकारी बनेंगे परीक्षा पर्यवेक्षक

प्रश्नों का बड़ा बैंक तैयार करने की पहल के साथ ही एनटीए ने परीक्षा केंद्रों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव को लेकर भी अहम कदम उठाया है। इसमें परीक्षा पर्यवेक्षकों के रूप में अब सेवानिवृत्त शिक्षकों के साथ-साथ सेना एवं अर्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त अधिकारियों की भी तैनात करने का फैसला लिया गया है।

इसके लिए न्यूनतम योग्यता सूबेदार मेजर या उससे समकक्ष रखी गई है। इसके लिए भी आवेदन मांगे गए हैं। इस दौरान नियुक्ति में मेरिट और कामकाज के पुराने ट्रैक को देखा जाएगा।

इसमें केंद्र व राज्य सरकार में ग्रेड-8 स्तर पर अधिकारी भी हिस्सा ले सकते हैं। अब तक पर्यवेक्षकों की नियुक्ति सिर्फ सिफारिशों के आधार पर जाती थी। जिसमें मुख्य रूप से सेवानिवृत्त शिक्षक ही रहते थे।

शांति भंग की आशंका में 12 लोगों का चालान:छह मामलों में कार्रवाई, सभी को कोर्ट भेजा

महराजगंज में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोल्हुई पुलिस ने 12 लोगों का चालान किया। पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें कोर्ट भेजा।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई।
थानाध्यक्ष कोल्हुई अभय नारायण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार, 9 नवंबर 2026 को अभियान चलाया। छह चालानी मामलों में 12 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
कार्रवाई जंगल गुलरिहा, मंगलपुर और नौवाडीह कला गांव के निवासियों पर हुई। इनमें श्यामू चौहान, कुनाल, अनिरुद्ध चौहान, राजकुमार, रामकेश, गुलशन, धर्मपाल चौहान, गोरख यादव, सोरख यादव, दीपक यादव, श्याम बिहारी पांडेय और विकास यादव शामिल हैं।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक हरीश कुमार मौर्य, राजीव कुमार सिंह, हाकिम चंद और पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि शांति बनाए रखने और अप्रिय घटना रोकने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

सिकंदरपुर के लक्ष्मी पूजा पंडाल में 2100 दीप जले:अखिलेश गुप्ता की अध्यक्षता में दीपोत्सव हुआ, राजू गुप्ता मुख्य अतिथि रहे

परशुरामपुर विकास क्षेत्र के सिकंदरपुर बाजार स्थित श्री सिंह वाहिनी लक्ष्मी पूजा पंडाल में 2100 दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में मां लक्ष्मी की पूजा की गई।
कार्यक्रम अखिलेश गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ। राजू गुप्ता (सचिव) मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने मां लक्ष्मी की पूजा कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान प्रतिनिधि एजाज अहमद, राजू गुप्ता कैटरर्स, बैजनाथ मद्धेशिया, महेंद्र मद्धेशिया, राम प्रसाद सोनी, सियाराम गुप्ता, गिरिजेश कुमार गुप्ता, बबलू गुप्ता, बलराम गुप्ता, हरिओम मद्धेशिया और लवकुश (काका) समेत सैकड़ों श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

शेख हसीना की घर वापसी की जिद, ढाखा उच्चायोग से मांगा नया पासपोर्ट; बांग्लादेश सरकार ने दिया कड़ा जवाब

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और तारिक रहमान सरकार के बीच चल रहा विवाद भारत के साथ संबंधों को सामान्य बनाने की कोशिशों पर साफ असर डाल रहा है।

हसीना ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (एनआइडी) मांगा है, ताकि वह दिसंबर में ढाका लौट सकें। उनकी यह मांग तुरंत खारिज कर दी गई है। इस तनातनी से भारत और बांग्लादेश के रिश्ते और असहज हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री तारिक रहमान के भारत दौरे को अंतिम रूप देना मुश्किल होता जा रहा है। रहमान ने पहले 2026 में नई दिल्ली आने का संकेत दिया था, लेकिन हसीना की ‘घर वापसी’ के मुद्दे ने माहौल बिगाड़ दिया है।

हसीना की ओर से लंदन स्थित ला फर्म मैट्रिक्स चैंबर्स ने नौ नवंबर को बांग्लादेश उच्चायोग की कार्यवाहक उच्चायुक्त प्रीति रहमान को ईमेल भेजकर नया बांग्लादेशी पासपोर्ट और एनआइडी जारी करने का अनुरोध किया है।

पत्र में कहा गया कि अंतरिम सरकार और अन्य अधिकारियों द्वारा उनके मौजूदा पासपोर्ट और एनआईडी रद किए जाने की खबर के मद्देनजर, उनकी बांग्लादेशी नागरिकता के आधार पर और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संधियों के अनुरूप नए दस्तावेज जल्द जारी किए जाएं। यह 2024 में देश छोड़ने के बाद हसीना का बांग्लादेशी अधिकारियों से पहला औपचारिक संपर्क है। वह दिसंबर में अदालत के सामने समर्पण करने की योजना बता चुकी हैं, हालांकि तिथि औपचारिकताएं पूरी होने के बाद घोषित की जाएगी।

उच्चायोग ने ईमेल ढाका भेजा है, लेकिन साथ ही यह भी बताया गया है कि हसीना की ओर से आवश्यक दस्तावेज नहीं भेजे गए हैं।

उधर, बांग्लादेश के विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने इस मांग को ‘नाटक’ और ‘बेतुका’ करार दिया। उन्होंने कहा, ‘बांग्लादेश आतंकियों या फरार अपराधियों को पासपोर्ट नहीं देता। वह देश छोड़कर भाग गईं। अब नया पासपोर्ट लेकर लौटने का नाटक करने की कोई गुंजाइश नहीं। अगर वह सचमुच लौटना चाहती हैं, तो भारत-बांग्लादेश के बीच मौजूद प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत सरकार से उन्हें सौंपने को कहें। वह हथकड़ी या सख्त निगरानी में आएंगी, जेल जाएंगी और अदालत का फैसला पूरा होगा।’

कबीर ने जोर देकर कहा कि फरार अपराधियों के लिए सामान्य पासपोर्ट आवेदन लागू नहीं होता। वह चाहते हैं कि हसीना को प्रत्यर्पण प्रक्रिया के तहत भारत से सौंपा जाए।

सनद रहे कि जुलाई, 2026 में ही प्रधानमंत्री रहमान के भारत दौरे की बातें आ रही हैं। इस बारे में ढाका स्थित भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिपाठी ने घोषणा भी कर दी थी कि अगले कुछ दिनों में रहमान भारत की यात्रा पर जाएंगे। लेकिन उसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री हसीना ने दिसंबर में ढाका लौटने का एलान कर दिया।

भारत और बांग्लादेश के बीच गंगा जल बंटवारा संधि की अवधि 12 दिसंबर, 2026 को समाप्त हो रही है। इसको दोबारा कब किया जाएगा या इस बारे में दोनों देशों के बीच क्या विमर्श चल रहा है, इसको लेकर स्थिति अभी तक साफ नहीं हो पाई है। पिछले हफ्ते इस बारे में पूछने पर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था, अभी कोई प्रगति नहीं है।