Home Blog Page 17

एगडेगवा का सामुदायिक केंद्र निर्माण के बाद से बंद:ग्रामीणों ने ताला खुलवाकर संचालन शुरू कराने की मांग की

महराजगंज के बृजमनगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत एगडेगवा में बना सामुदायिक विकास केंद्र निर्माण पूरा होने के बाद से बंद है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन से बने इस भवन का लाभ उन्हें नहीं मिल रहा है। सरकारी योजनाओं के तहत गांवों में सामुदायिक गतिविधियों और जरूरी सुविधाओं के लिए ऐसे भवन बनाए जाते हैं। एगडेगवा के केंद्र का इस्तेमाल नहीं होने से इसके संचालन और रखरखाव पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, भवन बनने के बाद से यहां कोई सामुदायिक गतिविधि नहीं हुई है। भवन का नियमित उपयोग भी नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से केंद्र की स्थिति की जांच कराने, ताला खुलवाने और इसे लोगों के लिए शुरू कराने की मांग की है।

बस्ती के साउघाट में बारिश से धान की फसल खराब:किसानों ने बताया, कटाई के लिए तैयार धान को आंधी-तूफान से नुकसान

बस्ती के साउघाट के कई इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान से धान की फसल को नुकसान हुआ है। कटाई के लिए तैयार धान की फसल खराब हो गई है।
स्थानीय निवासी विपिन कुमार, रामकेश, मनोज कुमार, अवधेश कुमार और अंकित कुमार ने बताया कि बारिश से किसानों को नुकसान हुआ है।
खेतों में पानी होने के कारण धान की फसल हो गई एकदम खराब जिससे किसान भाई है चिंतित में भगवान हमेशा किसानों के ऊपर पानी फेर देते हैं और सब्जियों की फसलों को भी हो रहा है नुकसान आलू टमाटर गोभी बैगन भिंडी सब फसलों का हो रहा है नुकसान
उन्होंने कहा कि आगे भी बारिश होने पर खेतों में पानी भर सकता है।

इस बार रिकॉर्ड 50 दिनों तक चलेगा जनगणना का चरण, पिछली बार के मुकाबले क्या होगा अलग?

0

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जनगणना 2027 का जनसंख्या गणना चरण पिछली जनगणनाओं की तुलना में अधिक लंबा चलेगा। यह 10 जनवरी से 28 फरवरी तक लगभग डेढ़ महीने तक चलेगा, जिसमें 15 दिन की स्व-गणना की अवधि भी शामिल है। इसके विपरीत पहले के चरण-2 की अवधि 20 दिन की होती थी जो आमतौर पर 9 फरवरी से 28 फरवरी तक चलती थी।

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और पंजाब जैसे चुनावी राज्यों के लिए पहले घोषित की गई घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की प्रक्रिया 35 दिनों तक चलेगी। इस लंबी अवधि का कारण यह हो सकता है कि 2011 की जनगणना में पूछे गए 29 सवालों की तुलना में 2027 की जनगणना के दूसरे चरण में सवालों की संख्या बढ़ाकर 40 कर दी गई है, जिसमें जाति से जुड़े सवाल भी शामिल हैं।

मणिपुर में नहीं की गई जनगणा की घोषणा

मणिपुर में जनगणना की घोषणा नहीं की गई है। राज्य में जनगणना की प्रक्रिया को तब रोक दिया गया था, जब वहां के विभिन्न वर्गों ने मांग की कि पहले नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन्स (एनआरसी) की प्रक्रिया पूरी की जाए।

केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी एक अधिसूचना के अनुसार, देश भर में जनसंख्या जनगणना की जाएगी। यह जनगणना 25 जनवरी से 27 फरवरी 2027 तक होगी।

हालांकि, इसमें कुछ अपवाद हैं: मणिपुर (अगली घोषणा तक), गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड (जहां अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए इसे पहले ही आयोजित किया जा चुका है), लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश तथा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश के बर्फबारी वाले और अलग समय-सारणी वाले इलाके (जहां जनगणना पहले ही पूरी हो चुकी है)।

स्व-गणना का समय कितना होगा?

इससे पहले 10 से 24 जनवरी तक स्व-गणना का समय होगा। जनगणना 2027 के लिए संदर्भ तिथि पहले ही 1 मार्च, 2027 तय की जा चुकी है और 1 से 5 मार्च, 2027 तक एक पुनरीक्षण दौर चलाया जाएगा।

जनगणना के दूसरे चरण में जुटाई जाने वाली नई जानकारियों में जाति, जीवनसाथी का नाम, माता-पिता का विवरण, व्यक्ति की बताई गई राष्ट्रीयता, स्थायी पता, कोविड-19 टीकाकरण की जगह, बैंक खातों की कुल संख्या, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, वोटर आईडी नंबर, पासपोर्ट नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस होने या न होने की जानकारी शामिल है।

श्रावस्ती में दो दिन से रुक-रुककर बारिश:लक्ष्मणपुर के किसानों को खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका

श्रावस्ती जिले के सिरसिया ब्लॉक के लक्ष्मणपुर में दो दिनों से रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है। किसानों को खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका है।
किसानों का कहना है कि पिछले दिनों आंधी-तूफान और बारिश से वे पहले ही परेशान थे। मौसम बदलने से उनकी चिंता बढ़ गई है।
उन्हें डर है कि बारिश जारी रही तो फसलों को नुकसान हो सकता है। वे मौसम साफ होने और फसलें सुरक्षित रहने की उम्मीद कर रहे हैं।
रामचंद्र, फेरन और गोली ने बताया कि खेती में पूरे सीजन की मेहनत लगी रहती है। आखिरी समय पर मौसम खराब होने से आर्थिक नुकसान हो सकता है। फिलहाल वे बारिश थमने और मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने इसरो को दी बधाई, एनवीएस के लॉन्च होने से मजबूत होगा भारत का नेविगेशन सिस्टम

0

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पीएम मोदी ने शनिवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को उसके एनवीएस- 03 को ले जाने वाले जीएसएलवी-एफ18 के सफल प्रक्षेपण के लिए बधाई दी। इससे भारत को अपना खुद का नेविगेशन सिस्टम बनाने में मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनवीएस- 03 को ले जाने वाले जीएसएलवी-एफ18 के सफल प्रक्षेपण होने पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन को शुभकामना दी है।

उन्होंने लिखा कि यह मिशन हमारे स्वदेशी सैटेलाइट नेविगेशन सिस्टम, ‘नाविक’ (NavIC) को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। बेहतर क्षमताओं से लैस, एनवीएस-03 महत्वपूर्ण तकनीकों में आत्मनिर्भर बनने के हमारे प्रयासों को आगे बढ़ाएगा और ऐसी नेविगेशन सेवाओं में मदद करेगा जिनसे हमारे लोगों को लाभ मिलेगा।

पीएम ने अपने ट्वीट में लिखा कि हमारे अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का समर्पण और उनकी सूझबूझ लगातार हमारे देश को गौरवान्वित कर रही है।

सिंदुरिया चौराहे पर बाइक-कार की टक्कर:दो लोग चोटिल, बाइक की डिक्की टूटी

सिंदुरिया चौराहे पर शुक्रवार को बाइक और मारुति कार की टक्कर हो गई। बाइक पर सवार महिला और पुरुष सड़क पर गिर पड़े, लेकिन दोनों को चोट नहीं आई। टक्कर में बाइक की डिक्की टूट गई।
जानकारी के मुताबिक, बाइक महराजगंज से सिसवा की ओर जा रही थी। इसी दौरान शिकारपुर की तरफ से आ रही मारुति कार ने उसे टक्कर मार दी।
मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीर रमेश, त्रिपुरारी, रामविलास और जालंधर चौधरी ने बताया कि कार तेज रफ्तार में थी। उन्होंने यह भी कहा कि बाइक सवार ने वाहन चलाते समय ध्यान नहीं दिया।
स्थानीय लोगों ने समझा-बुझाकर कार चालक को वहां से जाने दिया। बाइक सवार ने नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि लोगों ने मिलकर कार चालक को भगा दिया। उसने कहा कि बाइक की डिक्की टूट गई, लेकिन किसी ने नुकसान पर ध्यान नहीं दिया।

अंबेडकर पार्क का रास्ता खराब होने से राहगीर परेशान:बस्ती के गंधार गांव में इंटरलॉकिंग का काम नहीं हुआ

बस्ती के साउघाट ब्लॉक की गंधार ग्राम पंचायत में अंबेडकर पार्क तक जाने वाला रास्ता खराब है। इससे राहगीरों को परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासी अरुण कुमार, नया लाख, कुलदीप कुमार, महेश कुमार, विनीत कुमार, दिवाकर राव और कन्हैयालाल ने बताया कि बरसात में रास्ते की हालत और खराब हो जाती है। दलित बस्तियों से अंबेडकर पार्क जाने वालों को खास तौर पर दिक्कत होती है। निवासियों के मुताबिक, प्रधान से कई बार रास्ते पर इंटरलॉकिंग लगाने की बात कही गई है, लेकिन अब तक काम नहीं हुआ।

अरुणाचल में आज से होंगे भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन, सालों का इंतजार हुआ खत्म

0

पीटीआई, तवांग। अरुणाचल प्रदेश में 31 अक्टूबर से 20 नवंबर तक भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों के दर्शन के अवसर मिलेंगे। अरुणाचल के तीन प्रमुख बौद्ध स्थलों पर इन अवशेषों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि तीन सप्ताह तक चलने वाली इस प्रदर्शनी की शुरुआत 31 अक्टूबर को तवांग से होगी।

दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय से लाए जाने के बाद अवशेष शनिवार से सात नवंबर तक प्रतिष्ठित तवांग मठ में रखे जाएंगे। संस्कृति मंत्रालय ने बताया कि संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ऐतिहासिक गादेन नामग्याल ल्हात्से (तवांग मठ) में होने वाले उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।

तवांग के बाद अवशेषों को आठ से 13 नवंबर तक पश्चिम कामेंग जिले के बोमडिला में और 14 से 20 नवंबर तक नामसाई जिले के गोल्डन पैगोडा में प्रदर्शित किया जाएगा। यह प्रदर्शनी अरुणाचल प्रदेश की समृद्ध बौद्ध परंपराओं को दर्शाएगी।

मंत्रालय ने बताया कि एक और उद्घाटन समारोह, साथ ही संबंधित प्रदर्शनी का उद्घाटन 1 नवंबर को निर्धारित है, जिसमें अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू मुख्य अतिथि होंगे।

यह प्रदर्शनी 29 से 31 अक्टूबर तक तवांग में पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित किए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मार्ट 2026 के अंतिम दिन के साथ होगी।

डायट में कृषि और पर्यावरण संरक्षण के मॉडल प्रदर्शित:जैविक खेती, सौर ऊर्जा से सिंचाई और ड्रोन तकनीक की दी जानकारी

श्रावस्ती के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में शुक्रवार को समग्र शिक्षा योजना के तहत कृषि और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। दोपहर 3 से 4 बजे तक आयोजित प्रदर्शनी में प्रशिक्षु शिक्षकों ने विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें जैविक खेती, जल संरक्षण, मृदा परीक्षण, सौर ऊर्जा से सिंचाई और ड्रोन तकनीक के उपयोग को दर्शाया गया। खेती की आधुनिक तकनीकों के मॉडल दिखाए प्रदर्शनी में पारंपरिक खेती, पॉलीहाउस, गोबर गैस संयंत्र, रसोई बागवानी, औषधीय पौधों, श्री अन्न की खेती और फसल चक्र से जुड़े मॉडल भी प्रदर्शित किए गए। इसके अलावा जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, स्वच्छ पर्यावरण और पानी शुद्ध करने के तरीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत डायट प्राचार्य राम प्रताप सिंह और अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। अतिथियों ने विभिन्न मॉडल देखे और प्रशिक्षु शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। जैविक खेती से मिट्टी की सेहत होगी बेहतर डायट प्राचार्य राम प्रताप सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ कृषि और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना जरूरी है। जैविक खेती मिट्टी की सेहत और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। कृषि वैज्ञानिक सिरसिया के राम भरोसे वर्मा ने मृदा परीक्षण और जल संरक्षण की तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। राजकीय महामाया बालिका इंटर कॉलेज, इकौना की प्राचार्य ने प्रदर्शनी में बालिकाओं की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने इसे समाज में हरित सोच विकसित करने की दिशा में पहल बताया।

एक लाख रुपये की ठगी के तीन आरोपी गिरफ्तार:निचलौल पुलिस ने नकदी, चेक, मोबाइल और फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक बरामद की

निचलौल थाना क्षेत्र में एक लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 25,200 रुपये नकद, पंजाब नेशनल बैंक के चार चेक, एक मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी पल्सर बाइक बरामद की।
निचलौल प्रभारी योगेंद्र राय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर 30 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र कुमार सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय के नेतृत्व वाली टीम ने तीनों को टिकुलहिया पुल के पास से पकड़ा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के सुखवन निवासी कृष्णा श्रीवास्तव, जुड़ापड़ी निवासी संजय पटेल और पटखौली थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी मंगल यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर 2026 को पतौना गांव निवासी दशरथ सिंह भारतीय स्टेट बैंक की निचलौल शाखा से एक लाख रुपये निकालकर घर जा रहे थे। कटरा चौराहे के पास आरोपियों ने उन्हें आवास का पैसा दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद उनसे एक लाख रुपये ले लिए और बदले में दो लाख रुपये का फर्जी चेक दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ घुघली थाने में 2023 में भी इसी तरह की घटना का मामला दर्ज है। निचलौल थाने में दर्ज मुकदमा नंबर 289/2026 के तहत पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय, स्वाट प्रभारी आशीष सिंह, एसओजी प्रभारी योगेश सिंह और पुलिस व सर्विलांस सेल के जवान शामिल थे।