Home Blog Page 18

सिंदुरिया चौराहे पर बाइक-कार की टक्कर:दो लोग चोटिल, बाइक की डिक्की टूटी

सिंदुरिया चौराहे पर शुक्रवार को बाइक और मारुति कार की टक्कर हो गई। बाइक पर सवार महिला और पुरुष सड़क पर गिर पड़े, लेकिन दोनों को चोट नहीं आई। टक्कर में बाइक की डिक्की टूट गई।
जानकारी के मुताबिक, बाइक महराजगंज से सिसवा की ओर जा रही थी। इसी दौरान शिकारपुर की तरफ से आ रही मारुति कार ने उसे टक्कर मार दी।
मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीर रमेश, त्रिपुरारी, रामविलास और जालंधर चौधरी ने बताया कि कार तेज रफ्तार में थी। उन्होंने यह भी कहा कि बाइक सवार ने वाहन चलाते समय ध्यान नहीं दिया।
स्थानीय लोगों ने समझा-बुझाकर कार चालक को वहां से जाने दिया। बाइक सवार ने नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि लोगों ने मिलकर कार चालक को भगा दिया। उसने कहा कि बाइक की डिक्की टूट गई, लेकिन किसी ने नुकसान पर ध्यान नहीं दिया।

अंबेडकर पार्क का रास्ता खराब होने से राहगीर परेशान:बस्ती के गंधार गांव में इंटरलॉकिंग का काम नहीं हुआ

बस्ती के साउघाट ब्लॉक की गंधार ग्राम पंचायत में अंबेडकर पार्क तक जाने वाला रास्ता खराब है। इससे राहगीरों को परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासी अरुण कुमार, नया लाख, कुलदीप कुमार, महेश कुमार, विनीत कुमार, दिवाकर राव और कन्हैयालाल ने बताया कि बरसात में रास्ते की हालत और खराब हो जाती है। दलित बस्तियों से अंबेडकर पार्क जाने वालों को खास तौर पर दिक्कत होती है। निवासियों के मुताबिक, प्रधान से कई बार रास्ते पर इंटरलॉकिंग लगाने की बात कही गई है, लेकिन अब तक काम नहीं हुआ।

अरुणाचल में आज से होंगे भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन, सालों का इंतजार हुआ खत्म

0

पीटीआई, तवांग। अरुणाचल प्रदेश में 31 अक्टूबर से 20 नवंबर तक भगवान बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों के दर्शन के अवसर मिलेंगे। अरुणाचल के तीन प्रमुख बौद्ध स्थलों पर इन अवशेषों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि तीन सप्ताह तक चलने वाली इस प्रदर्शनी की शुरुआत 31 अक्टूबर को तवांग से होगी।

दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय से लाए जाने के बाद अवशेष शनिवार से सात नवंबर तक प्रतिष्ठित तवांग मठ में रखे जाएंगे। संस्कृति मंत्रालय ने बताया कि संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ऐतिहासिक गादेन नामग्याल ल्हात्से (तवांग मठ) में होने वाले उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।

तवांग के बाद अवशेषों को आठ से 13 नवंबर तक पश्चिम कामेंग जिले के बोमडिला में और 14 से 20 नवंबर तक नामसाई जिले के गोल्डन पैगोडा में प्रदर्शित किया जाएगा। यह प्रदर्शनी अरुणाचल प्रदेश की समृद्ध बौद्ध परंपराओं को दर्शाएगी।

मंत्रालय ने बताया कि एक और उद्घाटन समारोह, साथ ही संबंधित प्रदर्शनी का उद्घाटन 1 नवंबर को निर्धारित है, जिसमें अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू मुख्य अतिथि होंगे।

यह प्रदर्शनी 29 से 31 अक्टूबर तक तवांग में पर्यटन मंत्रालय द्वारा आयोजित किए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मार्ट 2026 के अंतिम दिन के साथ होगी।

डायट में कृषि और पर्यावरण संरक्षण के मॉडल प्रदर्शित:जैविक खेती, सौर ऊर्जा से सिंचाई और ड्रोन तकनीक की दी जानकारी

श्रावस्ती के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में शुक्रवार को समग्र शिक्षा योजना के तहत कृषि और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। दोपहर 3 से 4 बजे तक आयोजित प्रदर्शनी में प्रशिक्षु शिक्षकों ने विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें जैविक खेती, जल संरक्षण, मृदा परीक्षण, सौर ऊर्जा से सिंचाई और ड्रोन तकनीक के उपयोग को दर्शाया गया। खेती की आधुनिक तकनीकों के मॉडल दिखाए प्रदर्शनी में पारंपरिक खेती, पॉलीहाउस, गोबर गैस संयंत्र, रसोई बागवानी, औषधीय पौधों, श्री अन्न की खेती और फसल चक्र से जुड़े मॉडल भी प्रदर्शित किए गए। इसके अलावा जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, स्वच्छ पर्यावरण और पानी शुद्ध करने के तरीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत डायट प्राचार्य राम प्रताप सिंह और अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। अतिथियों ने विभिन्न मॉडल देखे और प्रशिक्षु शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। जैविक खेती से मिट्टी की सेहत होगी बेहतर डायट प्राचार्य राम प्रताप सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ कृषि और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना जरूरी है। जैविक खेती मिट्टी की सेहत और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। कृषि वैज्ञानिक सिरसिया के राम भरोसे वर्मा ने मृदा परीक्षण और जल संरक्षण की तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। राजकीय महामाया बालिका इंटर कॉलेज, इकौना की प्राचार्य ने प्रदर्शनी में बालिकाओं की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने इसे समाज में हरित सोच विकसित करने की दिशा में पहल बताया।

एक लाख रुपये की ठगी के तीन आरोपी गिरफ्तार:निचलौल पुलिस ने नकदी, चेक, मोबाइल और फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक बरामद की

निचलौल थाना क्षेत्र में एक लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 25,200 रुपये नकद, पंजाब नेशनल बैंक के चार चेक, एक मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी पल्सर बाइक बरामद की।
निचलौल प्रभारी योगेंद्र राय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर 30 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र कुमार सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय के नेतृत्व वाली टीम ने तीनों को टिकुलहिया पुल के पास से पकड़ा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के सुखवन निवासी कृष्णा श्रीवास्तव, जुड़ापड़ी निवासी संजय पटेल और पटखौली थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी मंगल यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर 2026 को पतौना गांव निवासी दशरथ सिंह भारतीय स्टेट बैंक की निचलौल शाखा से एक लाख रुपये निकालकर घर जा रहे थे। कटरा चौराहे के पास आरोपियों ने उन्हें आवास का पैसा दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद उनसे एक लाख रुपये ले लिए और बदले में दो लाख रुपये का फर्जी चेक दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ घुघली थाने में 2023 में भी इसी तरह की घटना का मामला दर्ज है। निचलौल थाने में दर्ज मुकदमा नंबर 289/2026 के तहत पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय, स्वाट प्रभारी आशीष सिंह, एसओजी प्रभारी योगेश सिंह और पुलिस व सर्विलांस सेल के जवान शामिल थे।

जेल से रिहा पूर्व मंत्री रामकरन आर्या का स्वागत:सल्टौआ में सपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से किया अभिनंदन, जितेंद्र यादव के नेतृत्व में जुटे नेता

जेल से रिहाई के बाद पूर्व मंत्री रामकरन आर्या का शुक्रवार को बस्ती जिले के सल्टौआ चौराहे पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
महादेवा विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक रहे रामकरन आर्या के स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व सपा जिला उपाध्यक्ष और रुधौली विधानसभा प्रभारी जितेंद्र यादव ने किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं।
कार्यक्रम में डीके वर्मा, संजय यादव, विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मौर्य जीवन, जिला सचिव विकास वर्मा, रामचंद्र यादव, अरुण कुमार रिंकू, आज्ञाराम चौधरी, हरिश्चंद्र यादव, मो. रहीम और मंगल प्रसाद मोदनवाल मौजूद रहे।
सल्टौआ चौराहे पर बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता जुटे। रामकरन आर्या की रिहाई के बाद समर्थकों में उत्साह दिखाई दिया।

अधिवक्ताओं ने जमुनहा-बहराइच मार्ग जाम किया:बैनामा निजीकरण का आदेश वापस लेने की मांग; एंबुलेंस को रास्ता दिया, वाहनों की कतार लगी

बैनामा निजीकरण और राजस्व न्यायालयों में अधिवक्ताओं की भूमिका खत्म करने के शासन के आदेश के विरोध में शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने जमुनहा-बहराइच राज्य मार्ग जाम कर आदेश वापस लेने की मांग की।
श्रावस्ती के मल्हीपुर में न्यू मॉडर्न बार एसोसिएशन तहसील जमुनहा के अधिवक्ताओं ने तहसील के सामने प्रदर्शन किया। मार्ग जाम होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पर असर पड़ा।
अधिवक्ताओं ने एंबुलेंस को रास्ता दिया। सूचना मिलने पर मल्हीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखी।
प्रदर्शन में तहसील अध्यक्ष सत्यनारायण यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकुमार वर्मा, पूर्व अध्यक्ष कुलदीप वर्मा, पूर्व महामंत्री हरीश कुमार यादव, दिनेश प्रताप वर्मा, रामेंद्र कुमार यादव, प्रहलाद यादव, यशवंत कुमार सोनकर, रेवतीरमण श्रीवास्तव और राजकुमार यादव सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

इसरो का एनवीएस- 03 उपग्रह लॉन्च: विदेश के भरोसे नहीं रहेगा भारत, स्वदेशी ‘नाविक’ दिखाएगा राह

0

पीटीआई, श्रीहरिकोटा। भारत ने एक बार फिर दुनिया को अपनी वैज्ञानिक क्षमता का अहसास कराया है। अब भारत विदेशी नेविगेशन प्रणालियों के भरोसे नहीं रहेगा।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने देश की स्वदेशी नेविगेशन प्रणाली ‘नाविक’ (नेविगेशन विद इंडियन कान्स्टेलेशन) को नई शक्ति देने के लिए अगली पीढ़ी के नेविगेशन उपग्रह एनवीएस-03 को जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर आर्बिट (जीटीओ) में स्थापित कर दिया है। इसके साथ ही स्वदेशी ‘नाविक’ बेहद शक्तिशाली और सटीक हो गया है।

भारत के लोग अब अपने नेविगेशन सिस्टम का उपयोग कर सकेंगे

यह सफलता भारत की ताकत को दर्शाती है जो अत्याधुनिक तकनीक के लिए केवल दूसरे देशों की ओर देखने के बजाय अपनी क्षमताओं के बल पर आगे बढ़ रहा है। भारत के लोग अब अपने नेविगेशन सिस्टम का उपयोग कर सकेंगे।

अब भारत की स्वदेशी नेविगेशन तकनीक का दायरा केवल सैन्य और विशेष तकनीकी जरूरतों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में भी इसका महत्व बढ़ेगा।

यह सफलता महज एक उपग्रह को अंतरिक्ष में पहुंचाने की उपलब्धि नहीं है, बल्कि भारत के अपनेविगेशन नेटवर्क को मजबूत करने और तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में निर्णायक कदम है।

विदेशी जीपीएस पर निर्भरता कम करने की इस पहल से भारत की सामरिक स्वायत्तता को भी नई मजबूती मिलेगी। 50 मीटर ऊंचे और तीन चरणों वाले जीएसएलवी-एफ18 राकेट ने श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लांच पैड से शुक्रवार रात 11 बजकर 51 मिनट पर एनवीएस-03 के साथ सफलता की उड़ान भरी और 2,232 किलोग्राम वजनी एनवीएस-03 को निर्धारित भू-समकालिक स्थानांतरण कक्षा या जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर आर्बिट (जीटीओ) में स्थापित कर मिशन पूरा किया।

स्मार्टफोन पर भी दिखेगा स्वदेशी तकनीक का दम

एनवीएस-03 की सबसे बड़ी खासियत इसकी नई सिग्नल क्षमता है। यह उपग्रह एल1, एल5 और एस बैंड पर सिग्नल प्रसारित करेगा। अभी तक नाविक मुख्य रूप से एल5 और एस बैंड पर काम करता था, लेकिन एनवीएस-03 के साथ एल1 बैंड भी इसमें शामिल हो गया है।

एल1 फ्रीक्वेंसी का इस्तेमाल दुनिया भर में स्मार्टफोन, स्मार्टवाच और अन्य आधुनिक वियरेबल उपकरणों में किया जाता है। इससे इससे आम लोग भी स्वदेशी नेविगेशन का आसानी से उपयोग कर सकेंगे।

एनवीएस-03 स्वदेशी रुबिडियम एटामिक क्लाक से लैस है। इसे इसरो के अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र ने विकसित किया है। सेटेलाइट नेविगेशन में समय की अत्यधिक सटीक गणना महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि उपग्रहों से प्राप्त सिग्नल के समय के अंतर के आधार पर ही किसी स्थान की स्थिति का पता लगाया जाता है।

भारत की सीमाओं से 1,500 किलोमीटर तक मिलेगी सेवा

नाविक को अमेरिका के जीपीएस की तरह लोकेशन, नेविगेशन और टाइमिंग (पीएनटी) सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विकसित किया गया है।

इसकी कवरेज भारत और इसकी सीमाओं से लगभग 1,500 किलोमीटर तक के क्षेत्र में है। सड़क परिवहन, समुद्री नौवहन, विमानन, आपदा प्रबंधन और रणनीतिक गतिविधियों में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।

एनवीएस-02 की तकनीकी खामी के बाद लिया सबक

इस मिशन में पिछले अनुभवों से मिली सीख के आधार पर तकनीकी बदलाव भी किए गए हैं। जनवरी 2025 में एनवीएस-02 मिशन के दौरान कनेक्टर में खराबी के कारण उपग्रह की प्रणोदन प्रणाली अपेक्षित तरीके से काम नहीं कर सकी थी।

इसके परिणामस्वरूप उपग्रह को निर्धारित अंतिम कक्षा तक पहुंचाने में कठिनाई आई थी। इस समस्या से बचने के लिए एनवीएस-03 में विशेष इंजीनियरिंग व्यवस्था अपनेई गई है।

‘नॉटी ब्वाय’ की चुनौती के बीच जीएसएलवी की अहम उड़ान

एनवीएस-03 का प्रक्षेपण जीएसएलवी-एफ18 राकेट के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण रहा। यह जीएसएलवी की 20वीं उड़ान है। जीएसएलवी एमके-2 को शुरुआती दौर में अपने क्रायोजेनिक तीसरे चरण की तकनीकी जटिलताओं के कारण कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा था।

इसी वजह से इसे अनौपचारिक रूप से ‘नॉटी ब्वाय’ का नाम दिया गया। हालांकि, भारतीय वैज्ञानिकों ने लगातार परीक्षण, तकनीकी सुधार और अनुभव के आधार पर इस प्रक्षेपण यान की क्षमता को बेहतर बनाया है।

जीएसएलवी-एफ18 की सफलता इस बात का संकेत है कि भारत ने जटिल क्रायोजेनिक तकनीक में अपनी विशेषज्ञता को लगातार मजबूत किया है। यह उपलब्धि भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों के लिए भी महत्वपूर्ण है।

एएसपी सिद्धार्थ ने PET केंद्रों का किया निरीक्षण:महराजगंज में दूसरे दिन की पहली पाली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था परखी

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की PET-2026 परीक्षा के दूसरे दिन की पहली पाली के दौरान महराजगंज में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, अभ्यर्थियों की जांच और प्रवेश प्रक्रिया देखी। साथ ही केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और सतर्कता की जानकारी ली।
सिद्धार्थ ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने को कहा।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

सब्जी के उधार पैसे मांगने पर बच्चों पर बाइक चढ़ाई:बस्ती में दो बच्चे घायल; पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बस्ती के नगर थाना क्षेत्र में सब्जी के उधार पैसे मांगने पर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर दो बच्चों पर बाइक चढ़ा दी। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पिपरा गौतम पड़ाव निवासी संजय सोनकर, मिल्लू के बेटे, ने पुलिस अधीक्षक बस्ती को दिए आवेदन में बताया कि वह सब्जी बेचकर परिवार का गुजारा करते हैं। 29 सितंबर 2026 को शाम करीब 7 बजे वह अपनी 12 वर्षीय बेटी पायल और 10 वर्षीय बेटे गोपाल के साथ थे।
संजय के मुताबिक, सब्जी के उधार पैसे मांगने पर दर्जीजोत निवासी सज्जन सिंह, ढिलढिल सिंह के बेटे, से कहासुनी हुई। आरोप है कि सज्जन सिंह ने उनकी गाड़ी में मोटरसाइकिल टक्कर मारी, जिससे दोनों बच्चे घायल हो गए।
संजय का आरोप है कि विरोध करने पर सज्जन सिंह ने गालियां दीं और बच्चों पर कई बार बाइक चढ़ाई। इस घटना में संजय के दाहिने पैर के पंजे, चेहरे और हाथ पर चोट आई। पायल का दाहिना पैर टूट गया और उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। गोपाल के दाहिने पैर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गया।
आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। संजय ने बताया कि उन्होंने नगर थाने में घटना की जानकारी दी थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें बाद में आने को कहा। उनका आरोप है कि आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है और सुलह का दबाव बना रहा है।
इसके बाद संजय ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर नगर थानाध्यक्ष से मुकदमा दर्ज करने और घायलों का मेडिकल कराने की मांग की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर थाने में सज्जन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।