महराजगंज में सिंदुरिया-महराजगंज रोड पर पतरेगवा गांव के पास बेनीगंज चौराहे पर मंगलवार रात करीब 9 बजे एक तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लेदवा निवासी 60 साल के राम अधारे पुत्र सुखारी के रूप में हुई है। वह सिंदुरिया में पप्पू अग्रहरि के यहां पल्लेदारी का काम करते थे। मंगलवार रात काम खत्म कर वह साइकिल से अपने घर लेदवा लौट रहे थे। जैसे ही राम अधारे बेनीगंज चौराहे पर पहुंचे, पीछे से आ रही मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। परिजन उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राम अधारे की पत्नी फूलमती और उनके दो बेटी व एक बेटा हैं। परिवार में दुख का माहौल है। मिठौरा थाना के अध्यक्ष अनूप तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और बाइक को अपने पास ले लिया गया है। शिकायत मिलने पर आगे की जांच की जाएगी।
बस्ती में प्राइवेट वीडियो से ब्लैकमेलिंग का आरोप, FIR:धमकियों से आजिज आकर नदी में लगाई छलांग, 2 दिन बाद मिला था शव
बस्ती में नहाते समय चोरी से प्राइवेट वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर डालने के धमकी देकर ब्लैकमेल करने के आरोप में मुंडेरवा थाना क्षेत्र के छितही नरसिंह गांव के रविंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि वीडियो डालने की धमकी देकर वह किशोरी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इससे परेशान होकर किशोरी ने कुआनो नदी में छलांग लगाकर जान दे दी थी। महिला महाविद्यालय की छात्रा एनसीसी में भी शामिल थी। उसने 23 अक्टूबर को मूड़घाट पुल से कुआनो नदी में छलांग लगा दी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और पीएसी की टीम ने गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई। 2 दिन तक उसका पता नहीं चल सका। रविवार 25 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे किशोरी का शव बरामद हुआ था। वीडियो डालने की धमकी देने का आरोप शिकायत के मुताबिक, आरोपी रविंद्र कुमार ने किशोरी के नहाते समय चोरी से उसका प्राइवेट वीडियो बना लिया था। इसके बाद वह वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता था। आरोप है कि लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर किशोरी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने 27 अक्टूबर को शाम 4:52 बजे आरोपी रविंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
सहियापुर में घर की दीवार से लाखों के जेवर चोरी:बेटी के जेवर बटुए में छिपाकर रखे थे, सीओ भिनगा ने शुरू की जांच
श्रावस्ती के भिनगा कोतवाली इलाके के सहियापुर गांव में रामबरन प्रजापति के घर से लाखों रुपये के जेवर चोरी हो गए। यह घटना बुधवार रात की है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, चोरी हुए जेवर रामबरन की बेटी के थे। बेटी की मां ने ये जेवर और सामान एक छोटे बटुए में रखकर एक भुरके में घर की दीवार के अंदर छिपा दिए थे। इसकी जानकारी सिर्फ परिवार को थी।
रामबरन के बेटे कृष्ण कुमार ने बताया कि मंगलवार को ही उनके पिता बाहर गए हुए थे और वह खुद हाट में सो गए थे। सुबह उनकी पत्नी को दीवार के पास खाली बटुआ मिला, जिसमें से जेवर गायब थे।
कृष्ण कुमार ने डायल 112 पर पुलिस को बताया। लक्ष्मणपुर बाजार पुलिस चौकी को सूचना दी गई। चौकी प्रभारी ने घटनास्थल देखा और सीओ भिनगा को जानकारी दी, जो मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं।
‘किताब आएगी तो तमाशा तो होना ही है’, संस्मरण रिलीज से पहले बोलीं सोनिया गांधी- दूसरों ने खूब सुनाई, अब मेरी बारी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर को रिलीज होने वाली है। इससे पहले वह अपनी किताब के बारे में छोटे-छोटे अंशों में जानकारियां दे रही हैं। इस बीच उन्होंने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए उसके कैप्शन में लिखा है, ‘यह किताब जब आएगी तो कुछ तमाशा होना तय है।
आखिर दशकों तक दूसरे लोगों ने बढ़ा-चढ़ाकर मेरी कहानी सुनाई थी। अब मेरी बारी है। जब मैं खुद अपनी कहानी दुनिया को बताऊंगी।’
सोनिया गांधी ने वीडियो में कहा, ‘मुझे लगा कि चूंकि मेरे बारे में बहुत कुछ लिखा गया है, और उसमें से काफी कुछ पूरी तरह सही नहीं है, या तो वह मनगढ़ंत है या फिर उसे बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया है, इसलिए मुझे लगा कि अब मुझे अपनी कहानी खुद लिखनी चाहिए और तथ्यों और घटनाओं को वैसे ही बताना चाहिए, जैसी वे वास्तव में थीं।’
पढ़ने के बाद बदल सकती लोगों की राय
सोनिया गांधी ने आगे कहा कि उनके संस्मरण को पढ़ने के बाद कुछ लोगों की उनके प्रति राय बदल सकती है, जबकि कुछ अन्य लोगों की राय और अधिक नकारात्मक हो सकती है।
उन्होंने कहा, ‘लोगों की अलग-अलग राय होती है। हो सकता है कि कुछ लोग मेरे बारे में अपनी राय बदल लें। कुछ लोगों की राय और खराब हो सकती है, लेकिन ऐसा ही होता है। जब आप कोई किताब लिखते हैं या सार्वजनिक जीवन में होते हैं, तो ऐसा ही होता है। जैसा कि आप लोग यहां कहते हैं, तमाशा तो होना ही है।’
क्या है किताब में?
बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव शीर्षक वाला यह संस्मरण सोनिया गांधी के पूरे जीवन की बातें है। इसमें द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के इटली में बीते उनके बचपन से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ उनके रिश्ते और उन व्यक्तिगत त्रासदियों व संघर्षों का उल्लेख है।
सोनिया गांधी ने अपने बचपन के दिनों से लेकर राजीव गांधी से मुलाकात, शादी, राजनीति में एंट्री तक की बातें की हैं। इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष बनने और फिर यूपीए सरकार के दौर की भी कई चीजों के बारे में रोचक और अहम जानकारियां दी हैं
इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने बचपन के दिनों से लेकर राजीव गांधी से मुलाकात, शादी, राजनीति में एंट्री तक की बातें की हैं. इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष बनने और फिर यूपीए सरकार के दौर की भी कई चीजों के बारे में रोचक और अहम जानकारियां दी हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस किताब का प्रकाशन ‘नोफ डबलडे पब्लिशिंग ग्रुप’ का इंप्रिंट अल्फ्रेड ए. नोफ कर रहा है, जिसकी घोषणा 18 अगस्त को की गई थी। अब यह किताब 10 नवंबर को इंटरनेशनल लेवल पर रिलीज होगी।
हैदराबाद हाउस में PM मोदी से मिले लिकटेंस्टाइन के प्रिंस एलोइस, द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में लिकटेंस्टीन के प्रिंस एलियोस और प्रिंसेस सोफी की मेजबानी की और उनके साथ उच्च-स्तरीय चर्चा की।
इसके बाद, भारत और लिकटेंस्टीन ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं ने भारत-लिकटेंस्टीन संबंधों की व्यापक समीक्षा की, जिसमें प्रमुख विकास क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि इन चर्चाओं में व्यापार और निवेश, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, कौशल विकास और लोगों के बीच आपसी संबंधों को और गहरा करने के तरीकों पर विचार किया गया। इस बातचीत का एक मुख्य केंद्र बहुपक्षीय सहयोग और वैश्विक शासन ढांचे पर था।
दोनों नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र सहित बहुपक्षीय संस्थानों में सुधार लाने और उन्हें मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों ने भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते से बनी सकारात्मक प्रगति का स्वागत किया।
(न्यूज एजेंसी ANI के इनपुट के साथ)
वार्ड 8 में नाली का पानी सड़क पर फैला:बीमारियों का खतरा बढ़ा, लोग परेशान; ईओ ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया
नगर पंचायत चौक के वार्ड नंबर आठ सोनाड़ी देवी नगर में बनी नाली से पानी निकलने की व्यवस्था नहीं है। इस वजह से नाली का गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है, जिससे वार्ड के लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है। वार्डवासियों का कहना है कि जमा पानी से मच्छर बढ़ रहे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा है। महेंद्र विश्वकर्मा, उमेश चौधरी, चूल्हाई प्रजापति और जोगीराव ने बताया कि नगर पंचायत कर्मचारी मोटर से पानी निकालकर खाली करते हैं। लोगों का कहना है कि यह कोई पक्का समाधान नहीं है। उन्होंने अधिकारियों से पानी निकलने की सही व्यवस्था करने की मांग की है। उनका सवाल है कि जब नाली से पानी निकलने का रास्ता ही नहीं, तो ऐसी नाली बनाने का क्या फायदा? इस बारे में नगर पंचायत के ईओ मनोज प्रियदर्शी ने बताया कि नाली के पानी के बहाव की व्यवस्था जल्द करवा दी जाएगी। फिलहाल मोटर से नाली का पानी निकलवा कर कहीं और भेजा जा रहा है और नाली की सफाई भी करवाई जाएगी।
विधायक ने जनसुनवाई कर अधिकारियों को दिए निर्देश:हर्रैया में सड़क, पानी, बिजली समेत कई मुद्दों पर तुरंत समाधान को कहा
हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सिंह ने अपने लजघटा आवास पर जनसुनवाई की। उन्होंने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से सैकड़ों लोग, कार्यकर्ता और ग्राम प्रधान विधायक से मिलने पहुंचे। उन्होंने सड़क, पानी, बिजली, पेंशन, आवास, राजस्व और पुलिस से जुड़ी अपनी परेशानियां बताईं।
विधायक अजय सिंह ने सभी बातों को ध्यान से सुना। उन्होंने मौके पर ही कुछ समस्याओं को हल किया और बाकी के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन पर जल्द कार्रवाई करने को कहा। विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुलझाना उनकी पहली प्राथमिकता है।
गुरुदासपुरवा में हैंडपंप खराब होने से पानी की समस्या:स्वच्छ पेयजल के लिए ग्रामीण परेशान, प्रशासन से मरम्मत की मांग
श्रावस्ती के गिलौला विकासखंड की ग्राम पंचायत चंद्रवा के गुरुदासपुरवा में लगा हैंडपंप खराब हो गया है। इससे ग्रामीणों को साफ पानी के लिए काफी परेशानी हो रही है। हैंडपंप खराब होने से लोगों के सामने पानी की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि साफ पानी हर व्यक्ति की बुनियादी जरूरत है। हैंडपंप खराब होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतें आ रही हैं। वे पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। इस समस्या को लेकर ग्रामीण चुन्नीलाल, चंद्र प्रकाश, सूर्य कुमार यादव और अमरनाथ ने प्रशासन से मांग की है। उन्होंने खराब हैंडपंप की जल्द मरम्मत कराकर उसे चालू करने की अपील की है, ताकि लोगों को साफ पानी मिल सके।
गर्भवती पत्रकार से ‘बदसलूकी’ मामले में राहुल को नोटिस, तीन नवंबर को सुनवाई
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर 12 अक्टूबर को विपक्षी ‘INDI’ गठबंधन के मार्च के दौरान एक बेहद संवेदनशील घटना सामने आई।
आरोप है कि इस दौरान एक न्यूज वेबसाइट के लिए काम करने वाली तीन महीने की गर्भवती पत्रकार ऋचा पराशर के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई, जिससे जमीन पर गिरने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए मंगलवार को प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जोयमाल्या बागची की पीठ ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य को नोटिस जारी किया है और उनसे जवाब तलब किया है। मामले की अगली सुनवाई अब तीन नवंबर को होगी।
कोर्ट में यह मामला वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया द्वारा उठाया गया। उनके माध्यम से कोर्ट में पेश की गई याचिका में आरोप लगाया गया कि सुप्रीम कोर्ट परिसर में भीड़भाड़ और सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बीच राहुल गांधी ने महिला पत्रकार को कथित तौर पर धक्का दिया, जिससे वे अपना संतुलन खो बैठीं और जमीन पर गिर गईं।
याचिका के मुताबिक, उन्होंने पत्रकार का हाथ भी आक्रामक तरीके से खींचा था। इस घटना के बाद तुरंत एफआईआर दर्ज करने, आरोपितों पर सख्त कार्रवाई करने और मुआवजे की मांग को लेकर याचिका दाखिल की गई है। कोर्ट ने पहले ही इस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब सीजेआई द्वारा विपक्षी नेताओं को ज्ञापन सौंपने के लिए व्यक्तिगत रूप से मिलने से इनकार करने के बाद, राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला था।
इस गंभीर आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पार्टी ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है और इसे ‘राजनीतिक रूप से प्रेरित’ बताया है। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने ऐसे वीडियो भी साझा किए हैं, जिनमें यह सवाल उठाया गया है कि क्या इन विजुअल्स से यह साबित होता है कि राहुल गांधी ने धक्का दिया था।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
वंदे मातरम् पर जनहित याचिका दिल्ली हाई कोर्ट से ट्रांसफर करने की मांग, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को उस याचिका पर केंद्र से जवाब मांगा, जिसमें दिल्ली हाई कोर्ट में लंबित जनहित याचिका को शीर्ष अदालत में स्थानांतरित करने की मांग की गई है। जनहित याचिका में वंदे मातरम् को राष्ट्रगान के बराबर दर्जा देने की मांग की गई है।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बागची एवं जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय की ओर से दायर याचिका पर केंद्र को नोटिस जारी किया और मामले को इसी तरह की अन्य याचिकाओं के साथ संलग्न कर दिया। शीर्ष अदालत ने वंदे मातरम् के सभी छह पद गाने की अनिवार्यता वाले कानून को चुनौती देने वाली नई याचिकाओं पर विचार करने पर भी सहमति दे दी।
पीठ ने भीमराव दुर्योधन बोरकर और पूर्व आईएएस अधिकारी बालकृष्ण सत्यभामा मावोजी की याचिकाओं पर केंद्र और अन्य पक्षों को नोटिस जारी किया। कोर्ट ने इन याचिकाओं को इसी तरह की अन्य याचिकाओं के साथ संलग्न करते हुए मामले को 30 नवंबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया।
गौरतलब है कि शीर्ष अदालत ने 22 सितंबर को केंद्र से कहा था कि ‘अंतरात्मा के आधार पर आपत्ति जताने वाले व्यक्ति’ को वंदे मातरम गाने से इनकार करने पर दंडित नहीं किया जाना चाहिए।
(समाचार एजेंसी पीटीआई इनपुट के साथ)