विक्रमजोत ब्लॉक की ग्राम पंचायत शंकरपुर में बुधवार को पशु चिकित्सालय विक्रमजोत ने पशुपालक प्रशिक्षण कैंप लगाया। यह कैंप 29 अक्टूबर 2026 को ग्राम प्रधान निर्मला यादव के घर पर हुआ।
कैंप का नेतृत्व पशु चिकित्सा अधिकारी राम मूर्ति वर्मा ने किया। उनके साथ वार्ड ब्वाय और विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
डॉ. वर्मा ने पशुपालकों को मौसमी रोगों, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, संतुलित पशु आहार और पशु बीमा योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर टीका लगाने और साफ-सफाई रखने से पशुओं को कई बीमारियों से बचाया जा सकता है।
इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि शिव पूजन यादव, आशीष कुमार यादव, सुकई मौर्या, धर्मेन्द्र मौर्य, जगदेव यादव और हनुमान प्रसाद समेत गांव के पशुपालक और ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने कैंप की सराहना की। उन्होंने कहा कि गांव में कैंप लगने से उन्हें लाभ मिला।
शंकरपुर में पशुपालकों के लिए प्रशिक्षण कैंप:पशु चिकित्सालय विक्रमजोत ने मौसमी रोग, टीकाकरण और पशु बीमा की जानकारी दी
‘सौरव दास का मेंटर नहीं था, बस एक-दो बार ही मुलाकात हुई’, जस्टिस कौल ने साफ किया रुख
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन से जुड़े विवाद के बीच, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस संजय किशन कौल ने एक इंटरव्यू में कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर अपने विचार रखे हैं।
पार्टी के नेता सौरव दास से अपने संबंधों को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे उनका ‘मेंटर’ नहीं थे। एक साल पहले दिवाली के मौके पर ली गई एक तस्वीर को गलत ढंग से पेश किया गया। उन्होंने बताया कि सौरव पूर्व में एक पत्रकार थे, जिनसे बस एक-दो बार ही मुलाकात हुई थी। उस दौरान उन्होंने सौरव को अपनी भाषा में थोड़ी नरमी लाने की सलाह दी थी, क्योंकि अलग-अलग पीढ़ियों की भाषा में अक्सर फर्क होता है।
जस्टिस कौल ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) की नियुक्ति में एक तटस्थ तीसरे पक्ष की भूमिका और स्वतंत्र सदस्य की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इस पर विचार किया जाना चाहिए। अनुच्छेद 370 के फैसले के बाबत उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत कश्मीरी हिंदू पृष्ठभूमि के बावजूद उन्होंने हमेशा एक ‘संवैधानिक जज’ के रूप में अपनी निष्पक्ष भूमिका निभाई।
इसके अलावा, पूर्व सीजेआइ डीवाई चंद्रचूड़ के साथ अपने संबंधों और कई न्यायिक नियुक्तियों के दौरान कार्यपालिका के दबाव से निपटने के अपने अलग तरीकों का भी उन्होंने जिक्र किया।
उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे सिस्टम में अब “मुकदमे की लंबी प्रक्रिया ही अपने आप में सजा बन जाती है”, हालांकि कुछ कठोर कानून जमानत पर रोक लगाते हैं।
जस्टिस यशवंत वर्मा के मामले की जांच को ‘अनुचित’ बताते हुए उन्होंने कहा कि कमरे में आग लगने के कारणों और मिले पैसों की सच्चाई सामने आनी चाहिए थी। साथ ही, उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अदालतों को विपक्ष का हथियार या राजनीतिक मंच नहीं बनना चाहिए। पीएमएलए मामले में किसी भी दबाव से इन्कार करते हुए उन्होंने अधिवक्ता सौरभ कृपाल के रोके गए कालेजियम प्रस्ताव पर भी अपनी बात रखी।
श्रावस्ती में बाइक खाई में पलटी:सामान खरीदने जा रहे अधेड़ गंभीर रूप से घायल, सीएचसी में प्राथमिक उपचार जारी
श्रावस्ती के इकौना इलाके में बाइक सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में रामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
रामकुमार समगड़ा पासी पुरवा के रहने वाले हैं। वह बाइक से सामान खरीदने समगड़ा चौराहे की ओर जा रहे थे, तभी बाइक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई।
स्थानीय लोगों ने रामकुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। वहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि बाइक अनियंत्रित होने से हादसा हुआ। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन ने पदाधिकारी चुने:रामकृष्ण जायसवाल जिला मीडिया प्रभारी बने, 13 नवंबर को लखनऊ में होने वाले प्रदर्शन पर भी चर्चा
महराजगंज के ड्रग वेयरहाउस में बुधवार को डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन की बैठक हुई। इसमें बृजमनगंज ब्लॉक के रामकृष्ण जायसवाल को जिला मीडिया प्रभारी और आशुतोष त्रिपाठी को कार्यकारिणी अध्यक्ष चुना गया। दीनानाथ पटवा को संघ का प्रवक्ता बनाया गया। बैठक में तेज बहादुर पटेल, सत्य प्रकाश चौबे, चंद्रभूषण शुक्ला, आशुतोष कुमार, इम्तियाज अहमद और राजेश अग्रहरि को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। संघ के जिला अध्यक्ष ने संगठन को मजबूत करने और जिले के फार्मासिस्टों की समस्याएं हल करने के लिए सभी से एकजुट रहने की अपील की। प्रांतीय संघ के आह्वान पर 13 नवंबर को लखनऊ में होने वाले प्रदर्शन पर भी चर्चा हुई। बैठक में संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, मंत्री सतीशचंद्र पटेल, बैजनाथ शर्मा, बैजनाथ यादव, तेज बहादुर पटेल, संजय उपाध्याय और रमेश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
वायरल फीवर से पीड़ित 5 बच्चे PICU में भर्ती:बस्ती जिला अस्पताल में कोल्ड डायरिया के 3 मरीजों का भी चल रहा इलाज
बस्ती में मौसम बदलने के साथ बच्चों की सेहत पर असर दिखने लगा है। जिला अस्पताल में वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम और कोल्ड डायरिया से पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ रही है। बुधवार शाम 6:30 बजे दैनिक भास्कर की पड़ताल में अस्पताल के पीआईसीयू वार्ड में तेज बुखार से पीड़ित 5 बच्चे भर्ती मिले। बाल रोग विशेषज्ञों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। वहीं, कोल्ड डायरिया से पीड़ित 3 बच्चे भी अस्पताल में भर्ती हैं। जनरल वार्ड में भी 12 बच्चे भर्ती जिला अस्पताल के पीआईसीयू वार्ड में भर्ती बच्चों को तेज बुखार की शिकायत है। चिकित्सक उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रहे हैं। इसके अलावा जनरल वार्ड में करीब 12 बच्चे सर्दी-जुकाम और बुखार से पीड़ित होकर भर्ती हैं। बदलते मौसम में बच्चों की सेहत को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। ठंड से बचाएं, घर का ताजा खाना दें बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सलीम ने बताया कि मौसम में बदलाव के दौरान बच्चों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्हें मौसम के अनुसार गर्म कपड़े पहनाएं और बहुत ठंडा पानी पीने से बचाएं। बच्चों को घर का बना ताजा खाना दें और उनकी दिनचर्या व सेहत पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि बच्चों में बुखार, सर्दी-जुकाम या अन्य परेशानी होने पर लापरवाही न बरतें। लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें, ताकि समय रहते उचित उपचार शुरू किया जा सके।
‘टाटा समूह को आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा’, राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और उद्योगपतियों को घेरा
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने टाटा समूह से जुड़े विवाद को लेकर केंद्र सरकार के साथ ही भारतीय उद्योग पर भी निशाना साधा है।
नेता विपक्ष ने इस मामले में देश के बिजनेस लीडर्स की चुप्पी को लेकर उन्हें आड़े हाथों लेते हुए कहा कि टाटा समूह को आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा है मगर कारोबार जगत के किसी भी नेता में एक शब्द भी बोलने की हिम्मत नहीं है।
बिजनेस लीडर्स को बताया डरपोक
बिजनेस लीडर्स को परोक्ष रूप से डरपोक बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भले उनमें कुछ कहने का साहस न हो मगर कांग्रेस के पास बोलने के लिए हिम्मत की कमी नहीं है। सरकार के शीर्ष नेतृत्व के साथ कारोबार जगत के नेताओं पर इस तीखे प्रहार के जरिए कांग्रेस नेता ने टाटा ग्रुप से जुड़े मामले को अब सियासी वाद-विवाद का मुद्दा भी बना दिया है।
टाटा समूह की मूल कंपनी टाटा संस के नेतृत्व को लेकर चल रहे अंदरूनी विवाद में टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने बीते हफ्ते एन चंद्रशेखरन को टाटा संस का फिर से चेयरमैन नियुक्त करने के प्रस्ताव को चुनौती दी थी।
राहुल गांधी ने का इशारा किस ओर?
नेता विपक्ष ने बुधवार को एक्स पर अपनी टिप्पणी के जरिए टाटा समूह को बाहर से नियंत्रण में लेने के कथित प्रयासों की ओर इशारा करते हुए बिजनेस लीडर्स को खास तौर पर निशाने पर लिया।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि टाटा को आपराधिक तरीके से बर्बाद किया जा रहा है और किसी भी कारोबारी नेता में एक शब्द बोलने की हिम्मत नहीं है। आप कब तक चुप रहेंगे? क्या तब तक, जब तक वे आप पर पूरी तरह कब्जा न कर लें? भारतीय कारोबार मोदी और शाह के खिलौने नहीं हैं। आपमें हिम्मत की कमी है। हममें नहीं है। हम इन अपराधों के लिए न्याय दिलाकर रहेंगे।
जमुनहा में 8 बीज दुकानों की जांच, 2 को नोटिस:टीम ने 8 नमूने लिए, नियम तोड़ने पर कार्रवाई की चेतावनी
श्रावस्ती के जमुनहा तहसील क्षेत्र में 8 बीज प्रतिष्ठानों की जांच की गई। संयुक्त टीम ने 8 बीज नमूने लिए और अनियमितता मिलने पर 2 प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी जमुनहा और जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए विकास कुमार की संयुक्त टीम ने जांच की। अभियान का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना और बीजों की कालाबाजारी रोकना था। जांच के दौरान बीज विक्रेताओं के अभिलेख और व्यवस्थाएं देखी गईं। जिला कृषि अधिकारी डॉ. उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि विक्रेताओं को स्टॉक एवं रेट बोर्ड, स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर और कैश मेमो अपडेट रखने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर बीज नियंत्रण आदेश 1983 और बीज अधिनियम 1966 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ट्रांसजेंडर अधिकार कानून: सुप्रीम कोर्ट ने महिलाओं के संवैधानिक और वैधानिक अधिकारों पर केंद्र से मांगा जवाब
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को ट्रांसजेंडर अधिकार कानून के तहत महिलाओं के संवैधानिक और वैधानिक अधिकारों पर संभावित प्रभाव को लेकर दायर जनहित याचिका पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्य बागची तथा जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कानून एवं न्याय तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालयों को नोटिस जारी किए।
महिला संगठन ‘विमेन्स डिक्लेरेशन इंटरनेशनल इंडिया’ ने याचिका में स्थानीय निकायों में महिलाओं के आरक्षण, महिला जेलों में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की व्यवस्था, महिला खेल प्रतियोगिताओं में भागीदारी और गिरफ्तारी एवं तलाशी के दौरान महिलाओं को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा से जुड़े सवाल उठाए हैं।
याचिका को ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) संशोधन अधिनियम, 2026 के प्रविधानों को चुनौती देने वाली लंबित याचिकाओं के साथ संबद्ध किया गया है।
याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अखिल सिब्बल ने कहा कि याचिका ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों का विरोध नहीं करती, बल्कि जैविक महिलाओं के लिए आरक्षित लाभों की सुरक्षा से संबंधित है। सालिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि केंद्र लंबित मामलों में अपना पक्ष रखेगा और वर्तमान याचिका में उठाए गए मुद्दों पर भी जवाब देगा।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
कोल्हुई पुलिस ने ऑटो से खाद और डाई पकड़ी:भारत-नेपाल सीमा के पास 7 बोरी यूरिया और 2 बोरी डाई मिलीं, युवक गिरफ्तार
महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के अभियान के तहत कोल्हुई पुलिस ने बुधवार को एक ऑटो से 7 बोरी यूरिया खाद और 2 बोरी डाई पकड़ी। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया और ऑटो कब्जे में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 4:45 बजे कोल्हुई थाना क्षेत्र में भारत पेट्रोल पंप के पास एनएच-24 पर जांच चल रही थी। इसी दौरान ऑटो नंबर UP53JT4726 की तलाशी में खाद और डाई मिली।
गिरफ्तार युवक की पहचान राम कुमार गुप्ता (22), पुत्र गंगा प्रसाद, निवासी एकसड़वा, थाना कोल्हुई, जिला महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने कस्टम्स अधिनियम की धारा 113 के तहत कार्रवाई की है। उसे आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय, नौतनवा भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में तस्करी रोकने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में कोल्हुई थाने के कांस्टेबल अमित यादव द्वितीय शामिल रहे।