BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ग्राउंड रिपोर्ट टीसीएफ चॉकलेट्स एंड गिफ्ट्स का लाइसेंस निलंबित, मिली गंभीर खामियां

टीसीएफ चॉकलेट्स एंड गिफ्ट्स का लाइसेंस निलंबित, मिली गंभीर खामियां

0
1

नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने मैसर्स टीसीएफ चॉकलेट्स एंड गिफ्ट्स प्रा. लि. का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए मंगाए गए खाद्य पदार्थ को लेकर मिली उपभोक्ता शिकायत के बाद किए गए निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर खामियां पाए जाने के बाद की गई।

एफएसएसएआई ने शनिवार को बताया कि कंपनी के निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता की स्थिति खराब पाई गई। फूड-प्रोसेसिंग क्षेत्रों में पर्याप्त सफाई नहीं थी, कचरे का उचित निपटान नहीं किया जा रहा था और परिसर का रखरखाव संतोषजनक नहीं पाया गया। निरीक्षण में फूड-प्रोसेसिंग क्षेत्रों में कीटों का प्रकोप और उनके नियंत्रण के लिए अपर्याप्त व्यवस्था सामने आई। परिसर में बिल्ली की बीट और खुली नालियां भी पाई गईं। इसके अलावा एक्सपायर्ड फूड कलर और फ्लेवर भी मिले। सफाई में इस्तेमाल होने वाले रसायनों को कच्चे माल और खाद्य सामग्री के पास रखा गया था।

निरीक्षण में खाद्य पदार्थों को संभालने वाले कर्मचारियों के लिए जरूरी स्वच्छता और सुरक्षात्मक उपाय भी पर्याप्त नहीं मिले। खाद्य पदार्थों की हैंडलिंग संतोषजनक स्वच्छ परिस्थितियों में नहीं हो रही थी।

संबंधित खबरें

कंपनी निरीक्षण के दौरान अनिवार्य फूड-सेफ्टी रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सकी। इनमें पेस्ट-कंट्रोल, सफाई, कर्मचारियों की मेडिकल जांच, प्रशिक्षण, उपकरणों के कैलिब्रेशन, लैब टेस्टिंग और ऑडिट से जुड़े रिकॉर्ड शामिल हैं। एफएसएसएआई के अनुसार, पिछले निरीक्षण में भी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण एफबीओ को महज 14 प्रतिशत कंप्लायंस स्कोर मिला था।

लेबलिंग में भी मिली खामियां
निरीक्षण में खाद्य उत्पादों की लेबलिंग में भी कमियां सामने आईं। खाद्य नाम और उत्पाद की पहचान की पर्याप्त जानकारी घोषित नहीं की गई थी। खाद्य पदार्थों के हस्तांतरण के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कुछ प्लास्टिक पाइप खाद्य-संपर्क के लिए उपयुक्त हैं या नहीं, इसका भी प्रमाण नहीं मिला। प्राधिकरण ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि लाइसेंस निलंबित रहने की अवधि में कंपनी अपनी सभी खाद्य व्यवसाय गतिविधियां बंद रखेगी।