- प्रदर्शन में राहुल गांधी प्रियंका गांधी समेत कई सांसद नजर आये
नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडी गठबंधन के सांसदों ने दिल्ली में विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस ने कुछ देर के लिए हिरासत में लिया और बाद में रिहा कर दिया। वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पुलिस बैरिकेड पर चढ़कर राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए नजर आए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान इंडी गठबंधन के नेताओं ने चुनाव आयोग पर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोटों को हटाने के आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए ईसीई ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की।
समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग झूठ बोल रहा है। चुनाव आयोग बेईमान है। चुनाव आयोग लोकतंत्र का डकैत है। मुख्य चुनाव आयुक्त अपने साथी चुनाव आयुक्तों की बात सुनने को भी तैयार नहीं हैं। आरोप चुनाव आयोग पर हैं, तो भाजपा सफाई क्यों दे रही है?”
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “हम जो आंदोलन चला रहे हैं और राहुल गांधी ने जिस मुद्दे पर जोर दिया है, वह देश के युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के अधिकारों से जुड़ा है। हमारे लोगों ने संघर्ष, जेल और फांसी तक का सामना करके जो आजादी हासिल की थी, उसे अब छीना जा रहा है। सत्ता में बने रहने के लिए वे (भाजपा) हरसंभव तरीके से लोगों के अधिकार छीन रहे हैं। उन्होंने लोगों को गुमराह करके सत्ता में आने की कोशिश की। जिस गलत तरीके से उन्होंने पद संभाला और सत्ता पर कब्जा किया, उसे देखते हुए मैं कहता हूं कि उन्हें तुरंत पद छोड़ देना चाहिए, वरना पूरे देश में हंगामा मच जाएगा। देश की जनता चुप नहीं बैठेगी, उन्हें मेरी चेतावनी है।”
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने भी चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “जिस तरह से 13 करोड़ वोट हटाए गए हैं, जिस तरह से वोटों की चोरी हुई है और जिस तरह से फॉर्म 6 का गलत इस्तेमाल हुआ है, इन सबके बाद ज्ञानेश कुमार की जगह चुनाव आयोग के दफ्तर में नहीं बल्कि तिहाड़ जेल में होनी चाहिए।”
वहीं, भाजपा सांसद संबित पात्रा की टिप्पणी, जिसमें उन्होंने कहा था कि “भगवान गणेश भाजपा की मदद कर रहे हैं,” पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रमोद तिवारी ने कहा, “मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए उनकी तुलना भगवान गणेश से करने पर भगवान गणेश भाजपा को अपनी सूंड में लपेटकर इतनी दूर फेंक देंगे कि वह अपने जीवनकाल में कभी सत्ता में नहीं आ पाएगी।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद पी. चिदंबरम ने फॉर्म 6 को लेकर सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई का हवाला देते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने साफ कहा था कि हमने फॉर्म 6 में किसी भी बदलाव को मंजूरी नहीं दी है। उन्होंने यह बात एक बार कही थी और उसे कई बार दिखाया जा रहा है। उन्होंने यह खुली अदालत में कहा था। भाजपा खुलेआम कैसे इनकार कर सकती है कि भारत के मुख्य न्यायाधीश ने ऐसा नहीं कहा था?”
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, “सबने अपनी बात कही है, और हम लगातार मांग कर रहे हैं कि जिन 13 करोड़ लोगों के साथ धोखा हुआ है, उनके वोट भी गिने जाने चाहिए। चुनाव आयोग ने यह गलत काम किया है, इसलिए उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त को हटा देना चाहिए।”
वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अरविंद सावंत ने इंडी गठबंधन की मांगें गिनाते हुए कहा कि वे ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, चुनाव बैलेट पेपर से कराने और एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए लोगों के नाम दोबारा बहाल करने की मांग कर रहे हैं।
“खबर वही, जो सबसे पहले आप तक पहुँचे!
भारत की अपनी खबर, आपके अपने अंदाज़ में
📲 ब्रेकिंग • लोकल • ट्रेंडिंग खबरों के लिए अभी जुड़ें:
👉 https://t.co/g7ivX40QAK“आपकी खबर, आपका MNT”
https://t.co/vwEVHjJMzQ https://t.co/z3JMz4j0Td
— Mnt News Bharat (@mntnewsbharat) October 5, 2026























