बस्ती के रुधौली थाना क्षेत्र में एक बीटीसी छात्रा ने अपने सहपाठी पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने बताया कि वह 2017 में संत राम चौधरी श्रीमती राजकली देवी एकेडमी, दसिया में बीटीसी की पढ़ाई कर रही थी। वहीं उसकी मुलाकात हरैया थाना क्षेत्र के बिहरा रेहरवा निवासी दीपक वर्मा से हुई।
2019 में परीक्षा के दौरान आरोपी उसे कार से बैडवा मंदिर ले गया। वापसी में उसने कार रोककर पीड़िता से जबरन शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी ने शादी करने और स्कूल खोलकर उसे प्रधानाचार्य बनाने का वादा किया।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने अपना कोई वादा नहीं निभाया। इसके बजाय उसने पीड़िता का अश्लील फोटो खींच लिया।
आरोपी फोटो को मोबाइल पर भेजकर उसे धमकाने लगा। विरोध करने पर वह गाली-गलौज करता और जान से मारने की धमकी देता। पीड़िता ने रुधौली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

















