बस्ती। रूधौली में एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं से छेड़छाड़ के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। यह कार्रवाई महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, ये युवक आने-जाने वाली महिलाओं और बालिकाओं पर अभद्र टिप्पणी और इशारे कर रहे थे, जिससे महिलाएं काफी असहज महसूस कर रही थीं। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में भ्रमणशील एंटी रोमियो टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद नबी (25) पुत्र मोहम्मद इसराइल और मुजुमुल अंसारी (24) पुत्र इनामुल्लाह के रूप में हुई है। दोनों सिद्धार्थनगर जिले के शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र के कटबंध गांव के निवासी हैं।
मोहम्मद नबी को बस्ती-बासी मुख्य मार्ग पर फेसबुक फास्ट फूड के सामने से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ मु0अ0सं0 276/25, धारा 296 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुजुमुल अंसारी को एसबीआई गली मोड़, कस्बा रूधौली से पकड़ा गया और उसके खिलाफ मु0अ0सं0 277/25, धारा 296 BNS के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीमों में उपनिरीक्षक उपेंद्र धर दुबे, महिला कॉन्स्टेबल मनभावती, महिला कॉन्स्टेबल रीना गौड़, कॉन्स्टेबल अंकित राय, एमएसआई सरोज माला (एंटी रोमियो टीम प्रभारी), हेड कॉन्स्टेबल जयकुमार चौरसिया, महिला कॉन्स्टेबल सपना यादव और महिला कॉन्स्टेबल पूनम यादव शामिल थीं।

















