यूपी बजट 2026-27: कानून-व्यवस्था के लिए 44 हजार करोड़ से अधिक का प्रावधान, स्मार्ट पुलिसिंग को मिलेगी रफ्तार

0
0

 उत्तर प्रदेश विधानसभा में प्रस्तुत वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में कानून-व्यवस्था और आधुनिक पुलिसिंग को बड़ी मजबूती मिली है। राज्य सरकार ने इस मद में 44,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया है। बजट कल सदन में पेश किया गया। इसे प्रदेश में स्मार्ट और तकनीक-संपन्न पुलिसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

होगा बड़ा बदलाव

बजट में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए साइबर थानों के आधुनिकीकरण और साइबर सुरक्षा संचालन केंद्र की स्थापना का प्रावधान किया गया है। डिजिटल और फॉरेंसिक जांच प्रणाली को सुदृढ़ करने के साथ नई विधि विज्ञान प्रयोगशालाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया है, जिससे वैज्ञानिक तरीके से अपराधों की जांच तेज हो सके।

मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला बीट कर्मियों को नए वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। आपातकालीन सेवा यूपी-112 के बेड़े के विस्तार का भी प्रावधान किया गया है, ताकि घटनास्थल पर त्वरित पहुंच सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा एसडीआरएफ की नई टीमें गठित करने और अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ करने की योजना भी बजट में शामिल है।

यूपी पुलिस ने सीएम को कहा धन्यवाद

यूपी पुलिस ने इस प्रावधान के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि यह बजट सुरक्षित और समृद्ध उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूत आधार प्रदान करेगा।