दो बाइकों की टक्कर में तीन लोगों की मौत:भुवनी गांव के पास बुधवार रात 10 बजे हुआ हादसा; एक महिला गंभीर, गोरखपुर रेफर

0
2

महराजगंज जिले में घुघली और शिकारपुर के बीच भुवनी गांव के पास बुधवार रात करीब 10 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में रामरतन, राहुल और दुर्गेश की मौत हो गई। रामरतन की पत्नी यशोदा गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें जिला अस्पताल से गोरखपुर रेफर किया गया है।
महेशपुर कबेलवा निवासी रामरतन (35), पत्नी यशोदा (32) को बाइक से लेकर कुशीनगर से घुघली लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर अकबरपुर, पडरौना, कुशीनगर निवासी दुर्गेश (30) और रानीपुर मझौरा, थाना घुघली निवासी राहुल (22) शिकारपुर जा रहे थे। भुवनी के पास दोनों बाइकें आमने-सामने टकरा गईं।
टक्कर के बाद तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को सड़क किनारे किया और घुघली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉ. श्वेतांशु शाही ने बताया कि जांच के बाद रामरतन और राहुल को मृत घोषित किया गया। यशोदा की हालत गंभीर होने पर उन्हें गोरखपुर रेफर किया गया। दुर्गेश को अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन करीब 10 मिनट बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
तीनों के शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। घुघली के निरीक्षक अविनाश ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here