हैदराबाद: पंचर की दुकान से लिए औजार, फिर MBA स्टूडेंट ने चुरा लिए थार गाड़ी के टायर

0
3

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में खड़ी गाड़ियों से स्टेपनी और रिम चुराने के आरोप में पुलिस ने 23 वर्षीय एक एमबीए छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोबन अली खान के रूप में हुई है।

पुलिस ने उसके पास से 15 पहिए बरामद किए हैं, जिनमें से 12 पहिए अकेले महिंद्रा थार गाड़ियों के हैं। इसके अलावा दो फोर्ड एंडेवर और एक फोर्ड इकोस्पोर्ट का पहिया भी जब्त किया गया है।

इस मामले की जांच 20 अक्टूबर को रेतीबाउली स्थित गैलेक्सी एन्क्लेव अपार्टमेंट के बाहर खड़ी महिंद्रा थार से स्टेपनी चोरी होने की शिकायत के बाद शुरू हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में दिखा कि आरोपी अपने स्कूटर पर बैठकर मोबाइल चला रहा था।

मौका पाकर वह थार के पीछे बंधी स्टेपनी खोलने की कोशिश करता है, लेकिन किसी के आने पर वापस स्कूटर पर आ जाता है। कुछ देर तक गली पर नजर रखने के बाद, उसने कुछ ही सेकंडों में टायर खोला और स्कूटर पर रखकर फरार हो गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसे शनिवार को धर दबोचा।

पंचर की दुकान से किराए पर लेता था औजार

जांच में सामने आया कि आरोपी टायर खोलने के लिए अनोखा तरीका अपनाता था। वह पंचर बनाने वाली दुकानों पर जाता और अपनी गाड़ी पंचर होने का बहाना बनाकर 200 से 300 रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट देकर पाना किराए पर ले लेता था।

इसके बाद वह खड़ी गाड़ियों से स्टेपनी खोलता और औजार वापस लौटाकर अपने पैसे वापस ले लेता था। आरोपी के पिता व्हील-अलाइनमेंट की दुकान पर काम करते हैं, जिसकी वजह से उसे गाड़ियों के पहिए खोलने की अच्छी जानकारी थी।

10 थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं 11 मामले

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह 10 अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की 11 वारदातों में शामिल रहा है। इनमें अट्टापुर के दो मामलों के अलावा फिल्म नगर, लंगर हाउस, गुडीमलकापुर, सैफाबाद, चंद्रायनगुट्टा, चादरघाट, छत्रीनाका, मीरपेट और नारायणगुड़ा शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here