हर्रैया थाना क्षेत्र के मदही, ठुठवा, देवरी और महादेवरी समेत कई गांवों में महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत रखा। महिलाओं ने दिनभर निर्जला उपवास किया और रात में चांद देखकर व्रत खोला। महिलाओं ने सोलह शृंगार कर करवा माता की पूजा की। मदही गांव में महिलाओं ने साथ बैठकर कथा सुनी और एक-दूसरे के सुहाग की लंबी उम्र की कामना की। मदही की डाली पांडेय ने बताया कि उन्होंने सुबह सरगी खाकर निर्जला व्रत शुरू किया। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक पर्व रिश्तों को मजबूत करते हैं और सांस्कृतिक परंपरा को बनाए रखते हैं। चांद दिखने पर महिलाओं ने छलनी में दीया रखकर पहले चंद्रमा को अर्घ्य दिया, फिर पति का चेहरा देखा। पतियों ने उन्हें पानी पिलाकर व्रत खुलवाया और उपहार दिए।
