Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश ‘होटल मैनेजर के पास मास्टर चाबी होना बचाव का आधार नहीं’, कमरे...

‘होटल मैनेजर के पास मास्टर चाबी होना बचाव का आधार नहीं’, कमरे से ड्रग्स मिलने के मामले में युवक को नहीं मिली राहत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने एक मामले की सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया है कि होटल के कमरे या किराए के फ्लैट से नशीले पदार्थ या प्रतिबंधित सामान बरामद होने पर उसमें ठहरे व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है, और सिर्फ इस आधार पर उसे दोषमुक्त नहीं किया जा सकता कि होटल प्रबंधन के पास कमरे की डुप्लीकेट (मास्टर) चाबी मौजूद थी।

दरअसल, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने यह टिप्पणी गोवा के एक एयरबीएनबी आवास से कोकीन और एमडीएमए बरामद होने के मामले में आरोपी को बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा दी गई जमानत को रद करते हुए यह टिप्पणी की।

कोर्ट ने साफ कहा कि होटल प्रबंधन द्वारा साफ-सफाई के लिए डुप्लीकेट चाबी रखना एक सामान्य प्रक्रिया है और इससे अभियोजन पक्ष के मामले को खारिज नहीं किया जा सकता।

सुप्रीम कोर्ट ने रद की जमानत

गोवा की एक एयरबीएनबी प्रॉपर्टी से कोकीन और एमडीएमए बरामद होने के मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा आरोपी को दी गई जमानत को सुप्रीम कोर्ट ने रद कर दिया है।

जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने हाई कोर्ट की इस दलील को मानने से साफ इनकार कर दिया कि होटल या किराए के आवास की डुप्लीकेट चाबी प्रबंधन के पास होने से आरोपी संदेह का लाभ पाने का हकदार है।

पीठ ने पिछले सप्ताह जारी अपने आदेश में कहा कि यदि इस तर्क को स्वीकार कर लिया गया, तो होटल या किराए के घर से की गई किसी भी बरामदगी के लिए वहां ठहरे व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकेगा।

अदालत ने स्पष्ट किया कि होटल प्रबंधन नियमित रूप से साफ-सफाई और अन्य कार्यों के लिए कमरों की डुप्लीकेट चाबियां रखता है, लेकिन जमानत के स्तर पर केवल प्रबंधन की कमरे तक पहुंच होने की संभावना भर से अभियोजन पक्ष के मामले को खारिज नहीं किया जा सकता।

क्या है मामला?

गौरतलब है कि जनवरी 2025 में गोवा के वागाटोर स्थित एक एयरबीएनबी प्रॉपर्टी से कथित तौर पर 50.03 ग्राम कोकीन और 15.04 ग्राम एमडीएमए (एक्स्टसी) बरामद होने के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

कोर्ट ने दिया सरेंडर करने का निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि रिकॉर्ड पर मौजूद सबूतजिसमें आरोपी का अपना जवाबी हलफनामा भी शामिल है, प्रथम दृष्टया उसके बचाव को कमजोर करते हैं। कोर्ट ने आरोपी को तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है। आदेश में कहा गया है कि यदि वह तय समय में सरेंडर नहीं करता है, तो उसे गिरफ्तार कर संबंधित अदालत में पेश किया जाए।