डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को रद कर दिया है, जिसमें CBI और ED को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच करने के लिए कहा गया था।
बीजेपी सदस्य की याचिका हाईकोर्ट वापस भेजी
मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने भाजपा सदस्य विग्नेश शिशिर द्वारा दायर याचिका को हाई कोर्ट के पास वापस भेज दिया है, ताकि वे इस पर नए सिरे विचार कर सकें। याचिका वापस भेजने के बाद ये सवाल भी उठ रहा है कि क्या यह याचिका सुनवाई योग्य है या नहीं।
सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट, CBI और ED को दिया आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले भी हाई कोर्ट से कहा था कि वह कांग्रेस नेता के खिलाफ आय से ज्यादा संपत्ति के आरोपों से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई न करें। अदालत ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से भी कहा था कि वे हाई कोर्ट के निर्देशों के तहत कोई रिपोर्ट दाखिल न करें।
यह मामला लोकसभा में विपक्ष के नेता (राहुल गांधी) के खिलाफ दर्ज किया गया था। राहुल गांधी ने हाईकोर्ट के उस आदेश को पहले भी सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी जिसमें CBI और ED को जांच के निर्देश दिए गए थे।
HC ने CBI को दिया था आदेश
हाईकोर्ट ने CBI के भ्रष्टाचार-रोधी विभाग के मुख्यालय में संयुक्त निदेशक या संबंधित जोन के प्रमुख को निर्देश दिया था कि वे व्यक्तिगत रूप से एक नया हलफनामा दाखिल करें, जिसमें इस मामले में हुई प्रगति का पूरा विवरण हो।

















