Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश जनचौपाल में ग्रामीणों ने विधायक को बताईं समस्याएं:सिसवा में पेंशन से शौचालय...

जनचौपाल में ग्रामीणों ने विधायक को बताईं समस्याएं:सिसवा में पेंशन से शौचालय तक 13 शिकायतें पहुंचीं, तत्काल निस्तारण के निर्देश

सिसवा विकास खंड के ग्रामसभा मधवालिया में सोमवार को आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं का लाभ पाने में आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सिसवा विधायक प्रेमसागर पटेल की मौजूदगी में आयोजित इस जनचौपाल में पेंशन, शौचालय और किसान सम्मान निधि से जुड़ी कुल 13 शिकायतें सामने आईं। विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को इनके समाधान के लिए निर्देशित किया।
जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवाद किया गया। इस दौरान वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित छह लोगों ने अपनी परेशानी रखी। वहीं, विधवा पेंशन के लाभ में आ रही दिक्कतों को लेकर दो लोगों ने शिकायत दर्ज कराई।
इसके अतिरिक्त शौचालय योजना से संबंधित तीन ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं बताईं, जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त अथवा योजना से जुड़ी परेशानी को लेकर दो लोगों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जनचौपाल के माध्यम से उनकी लंबित समस्याओं का समाधान हो सकेगा।
विधायक प्रेमसागर पटेल ने सभी शिकायतों को सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर पात्र लोगों की समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। जनचौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत दिलाते हुए उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान कराना रहा।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार यादव, पंचायत सचिव शशिकांत पांडेय, ग्राम प्रधान जितेंद्र चौधरी, दीपक चौधरी, पुजारी यादव, पंचायत सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।