महराजगंज जिला अस्पताल के बाहर सोमवार को एक युवती ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। इसके बाद वह नाली में कूद गई। वह 50 से 55 प्रतिशत तक झुलस गई। मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग बुझाई। युवती खुद चलकर पास खड़ी एंबुलेंस तक पहुंची। लोगों ने उसे स्ट्रेचर पर अस्पताल के अंदर पहुंचाया। उसकी हालत नाजुक बताई गई है। युवती की पहचान ठूठीबारी के टोला सडकवा की सुनीता के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना सुनीता के पिता छोटेलाल चौधरी को दी। वह घर बनाने का काम करते हैं। पिता अस्पताल पहुंचे और बताया कि उनकी बेटी मानसिक रूप से ठीक नहीं है। वह कई दिनों से उसे तलाश रहे थे। छोटेलाल चौधरी ने कहा कि सुनीता घर में बिना बताए निकल जाती है। उन्हें नहीं पता कि उसने आग क्यों लगाई। ठूठीबारी के थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी साफ नहीं है।
































