Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश जिला निर्वाचन अधिकारी ने कई बूथों का निरीक्षण कर विशेष मतदाता पुनरीक्षण...

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कई बूथों का निरीक्षण कर विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान का लिया जायजा

 

 

ढंग से कार्य न करने वाले बीएलओ को लगाई कड़ी फटकार, त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने का दिया निर्देश

 

श्रावस्ती 29 नवम्बर, 2026। सू0वि0। मतदाता सूची में शामिल होने से छूटे हुए पात्र नागरिकों एवं युवा मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद श्रावस्ती में विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत आज 29 नवम्बर, 2026 को जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार राय ने निरंतर कई बूथों का भ्रमण कर चल रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र 290- श्रावस्ती के अंतर्गत बूथ संख्या क्रमशः 380- प्राथमिक विद्यालय अंधर पुरवा, 330- प्राथमिक विद्यालय भाभे पारा, 358, 359-प्राथमिक विद्यालय नत्था पुरवा का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण कार्य का बारीकी से निरीक्षण कर संबंधित को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान ढंग से कार्य न करने वाले बीएलओ को कड़ी फटकार भी लगाई और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि निर्धारित अवधि के दौरान ही शुद्ध मतदाता सूची तैयार करें, जिससे आगामी विधानसभा निर्वाचन को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जा सके। अन्यथा लापरवाही बरतने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजर के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही होगी। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी बीएलओ अच्छा कार्य करेंगे उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। ज्ञातव्य हो कि जनपद के 921 मतदेय स्थलों में विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें 18 वर्ष पूर्ण करने वाले व अन्य पात्र नागरिकों का फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जोड़ा जा रहा है।

जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार राय ने बताया है कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अर्न्तगत दिनांक 17.11.2026 को मतदाता सूची के आलेख्य का प्रकाशन कर दिया गया है, जिसके अन्तर्गत दावा एवं आपत्तियां दाखिल करने हेतु दिनांक 17.11.2026 से 16.12.2027 तक की अवधि निर्धारित की गयी है। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण दिनांक 28.12.2026 तक किया जाएगा और निर्वाचक नामावलियों का अन्तिम प्रकाशन दिनांक 04.01.2027 को किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया है कि इस पुनरीक्षण प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अर्हता तिथि 01.01.2027 के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएं तथा मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित या डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम विलोपित किए जाएं, ताकि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन हेतु एक त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके। इस पुनरीक्षण में छूटे हुए मतदाताओं, युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं, ट्रांसजेण्डर व्यक्ति, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग इत्यादि मतदाताओं के नाम शामिल किए जाने हेतु विशेष प्रयास किया जा रहा है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा रहा है। सभी राजनैतिक दलों से अनुरोध किया गया कि वे अपने स्तर से यह देख लें की उनके द्वारा प्रत्येक मतदेय स्थल के लिए बूथ लेवल एजेन्ट की नियुक्ति की जाए। बूथ लेवल अधिकारी द्वारा संबंधित बूथ लेवल एजेण्ट को भी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में जानकारी साझा की जाएगी। आलेख्य निर्वाचक नामावली एवं पूरक सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट (http://ceouttarpradesh-nic-in) पर भी उपलब्ध है। आलेख्य निर्वाचक नामावली में अपना नाम, मतदेय स्थल पर अथवा बूथ लेवल अधिकारी के पास उपलब्ध आलेख्य मतदाता सूची से, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप से तथा नागरिक सेवा पोर्टल http://voters-eci-gov-in के माध्यम से जांच कर सकते हैं। इसके साथ ही पदाभिहित अधिकारी के पास आलेख्य मतदाता सूची और पूरक सूचियां भी जनसामान्य को दिखाने के लिए उपलब्ध होंगी और उनके पास पर्याप्त संख्या में फार्म-6, 6ए. 7 और 8 भी उपलब्ध रहेंगे। उनके द्वारा दावे और आपत्तियां भी प्राप्त की जायेंगी। उक्त पदाभिहित अधिकारियों की सूची निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को भी उपलब्ध करायी गयी है।

उक्त अवसर पर तहसीलदार न्यायिक अजीत कुमार सिंह सहित संबंधित बूथ के बीएलओ, सुपरवाइजर उपस्थित रहे।