रूधौली के ग्राम गिधार में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिला चौपाल आयोजित, महिलाओं को सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक
नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन का दिया संदेश, हेल्पलाइन नंबरों की दी गई विस्तृत जानकारी
बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत रविवार, 29 नवंबर 2026 को थाना रूधौली क्षेत्र के ग्राम गिधार में महिला चौपाल एवं बहू-बेटी सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम की महिला आरक्षी पूनम यादव एवं महिला आरक्षी अंजनी मौर्या ने गांव की महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने सरकार द्वारा महिलाओं के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, सुरक्षा उपायों और महिला सशक्तीकरण से जुड़े प्रयासों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।

महिला आरक्षियों ने महिलाओं को आत्मरक्षा के उपायों से परिचित कराते हुए किसी भी आपात स्थिति में न घबराने और तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों 1090, 112, 1098, 1076, 1930, 108 और 181 की उपयोगिता एवं उनके माध्यम से मिलने वाली सहायता की जानकारी दी गई।
इस दौरान साइबर फ्रॉड और साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए महिलाओं को विशेष रूप से जागरूक किया गया। उन्हें अनजान कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आंगनबाड़ी सहायिका एवं समूह सखी सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं से किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने और संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
मिशन शक्ति टीम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे बिना किसी भय के समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।

















