लालकृष्ण आडवाणी के 100वें साल में प्रवेश करने पर बीजेपी मुख्यालय में होगा हवन, स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए भाजपा मनाएगी उत्सव

0
0

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। जनसंघ के जमाने से लेकर भाजपा को सत्ता के शिखर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले लालकृष्ण आडवाणी के 100वे साल में प्रवेश करने के उपलक्ष्य में भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें आडवाणी के स्वास्थ्य व दीर्घायु होने के लिए हवन किया जाएगा।

इसके साथ ही आडवाणी के जीवन पर आधारित वृतचित्र का प्रदर्शन भी होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता इसमें भाग लेंगे।

उनका जन्म आठ नवंबर 1927 को विभाजन पूर्व सिंध प्रांत में हुआ था। भाजपा के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कार्यालय में लालकृष्ण आडवाणी की पुत्री प्रतिभा आडवाणी, नितिन नवीन और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल हवन में शामिल होंगे। आडवाणी के जमाने से जुड़े वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवा नेता और मौजूदा संगठन प्रभारी इसमें मौजूद होंगे।

एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि भाजपा की स्थापना से लेकर सत्ता के शिखर तक पहुंचाने, आम जनता के बीच पार्टी की पहुंच बनाने की रणनीति बनाने में केंद्रीय भूमिका निभाने वाले आडवाणी का 100 साल पूरा करना काफी अहम है।

1989 में पालमपुर से राष्ट्रीय अधिवेशन में अयोध्या में भव्य राममंदिर निर्माण को भाजपा के एजेंडा में शामिल कराने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी, जो 30 सालों के बाद पूरा हुआ। अपनी यात्राओं के जरिये जनता के बीच भाजपा की पहचान बनाने के साथ ही उन्होंने पूरे देश में संगठन का ढांचा भी खड़ा किया।

उनके द्वारा राज्य से लेकर केंद्रीय स्तर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं की फौज की बदौलत भाजपा 1984 में दो सीटों से 1989 में 89 सीटों की छलांग लगाने में सफल रही। वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार वृतचित्र में उनके प्रमुख भाषणों के अंश दिखाए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here