
बस्ती के हरैया में सेवा समर्पण भाव परिवार ट्रस्ट ने रविवार को एक खास सामाजिक कार्यक्रम किया। ट्रस्ट ने अब तक जिन 11 लावारिस शवों का सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराया है, उनकी आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि सभा, शांतभोज और एक बड़ा रक्तदान शिविर लगाया। यह कार्यक्रम हरैया के कांशीराम आवास (आसरा आवास) के पास, कॉलेज ऑफ साइंस स्कूल के पीछे स्थित शनिदेव मंदिर परिसर में हुआ। सुबह 11 बजे से शुरू हुए रक्तदान शिविर में युवाओं और संस्था के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान किया। इसके बाद संस्था ने अब तक अंतिम संस्कार किए गए सभी 11 अज्ञात और लावारिस मृतकों की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि दी। शाम को शांतभोज का आयोजन किया गया। यह संस्था कई सालों से असहाय, मानसिक रूप से कमजोर और गरीब लोगों की बेटियों की शादी कराने, चोटिल जानवरों की मदद करने जैसे नेक काम कर रही है। संस्था के संरक्षक दिलीप पांडेय ने बताया कि जिनका कोई नहीं होता, उनके लिए सेवा समर्पण भाव परिवार हमेशा तैयार रहता है। उन्होंने कहा कि ये सभी सामाजिक और अच्छे काम पूरे परिवार और सहयोगियों की एकजुटता से ही हो पा रहे हैं। सभी सदस्यों का निस्वार्थ सहयोग ही उन्हें इस सेवा कार्य में लगे रहने की हिम्मत और ऊर्जा देता है। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर अवधेश तिवारी, अनिल पांडेय, उमंग पांडेय, विपिन, रवीश, प्रेम शंकर ओझा, विवेककांत पांडेय समेत संस्था से जुड़े कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।
































