महराजगंज न्यूज़ बस्ती न्यूज़ श्रावस्ती न्यूज़ सिद्धार्थनगर न्यूज़ उत्तर प्रदेश लाइव महराजगंज लखनऊ न्यूज़ श्रावस्ती न्यूज़ बस्ती न्यूज़ महराजगंज बहराइच न्यूज़ बलरामपुर न्यूज़ सिद्धार्थनगर न्यूज़
Home ग्राउंड रिपोर्ट योगी कैबिनेट की बैठक आज, पीआरडी जवानों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को...

योगी कैबिनेट की बैठक आज, पीआरडी जवानों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अहम फैसला संभव

0
5

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को राज्य मंत्रिमंडल की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में डेढ़ दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के 27 हजार से अधिक जवानों का दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये करने तथा उन्हें कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने संबंधी प्रस्ताव को हरी झंडी मिल सकती है।

वर्ष 2019 के बाद से राज्य सरकार पीआरडी जवानों के मानदेय में चौथी बार बढ़ोतरी करने जा रही है। इसके अतिरिक्त, वाहनों की फिटनेस से जुड़ी नई नीति, उत्तर प्रदेश खिलौना निर्माण प्रोत्साहन नीति तथा चित्रकूट एक्सप्रेसवे के संशोधित प्रस्ताव को भी मंजूरी मिलने की संभावना है। साथ ही पूर्व सैनिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अंशदायी स्वास्थ्य योजना के तहत पॉलीक्लीनिक निर्माण के लिए स्थानीय सैन्य प्राधिकरण (सेंट्रल कमांड) को ग्राम पंचायत या स्थानीय निकायों की भूमि निशुल्क उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी शामिल है।

कई विभागों के महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय की उम्मीद

बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 14 हजार विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और आईसीटी लैब की स्थापना के लिए 300 करोड़ रुपये स्वीकृत करने का प्रस्ताव है, जिसके तहत प्रति स्कूल दो लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा, अलीगढ़ में निजी क्षेत्र के नए विश्वविद्यालय को आशय पत्र जारी करने, मथुरा की सरकारी चीनी मिल को लीज पर देकर एथेनॉल संयंत्र स्थापित करने तथा चीनी निगम की तीन मिलों को पेराई सत्र के लिए 500 करोड़ रुपये की वित्तीय गारंटी देने के प्रस्तावों पर निर्णय हो सकता है।

परिवहन सुविधा के विस्तार के लिए शोहरतगढ़ और सवायजपुर (हरदोई) में बस स्टेशन निर्माण हेतु राजस्व विभाग की भूमि परिवहन विभाग को निशुल्क हस्तांतरित करने की तैयारी है। राशन कोटेदारों के लाभांश (मार्जिन मनी) में 25 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि का प्रस्ताव भी सामने आ सकता है। वहीं अयोध्या के मिल्कीपुर में एनएसजी (NSG) का रीजनल हब स्थापित करने के लिए 65 एकड़ ग्रामसभा भूमि गृह विभाग को सौंपने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है।

जानिए कौन होते हैं पीआरडी जवान

प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) राज्य के युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के अंतर्गत संचालित एक स्वयंसेवी बल है। इसके जवान मुख्य रूप से पुलिस बल के सहायक के रूप में अपनी सेवाएं देते हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियंत्रण, प्रमुख आयोजनों व मेलों में भीड़ प्रबंधन, शासकीय परिसरों की सुरक्षा तथा आपदा राहत कार्यों में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here