BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home ग्राउंड रिपोर्ट लडकियां डर की वजह से अपने सपने को पीछे न छोड़े: रश्मिका

लडकियां डर की वजह से अपने सपने को पीछे न छोड़े: रश्मिका

0
0

मुंबई । अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने आज जो मुकाम हासिल किया है वहां तक पहुंचने में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पडा। रश्मिका ने कई ऐसे पल देखे हैं जहाँ खुद पर भरोसा बनाए रखना बेहद ज़रूरी था। आजकल उन्हें भारत के नए टैलेंट को तलाशने वाली एक बड़ी पहल से जुड़ने का मौका मिला है। इस साझेदारी पर रश्मिका ने कहा कि वह इसे सिर्फ़ एक काम नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों से जुड़ने का ज़रिया मानती हैं। रश्मिका मंदाना अब हाइब इंडिया के ऑडिशन से जुड़ गई हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य भारत के अलग-अलग हिस्सों से प्रतिभाशाली युवाओं को तलाशना, उन्हें निखारना और आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करना है। हाइब वही कंपनी है जो साउथ कोरिया के कई बड़े के-पॉप कलाकारों और ग्रुप्स के साथ काम करने के लिए दुनियाभर में जानी जाती है।
अब भारत में इस ऑडिशन को लेकर ज़बरदस्त उत्सुकता देखने को मिल रही है। हाइब इंडिया ने अपने टैलेंट हंट का दायरा भी बढ़ाया है और इस बार देश के कई नए शहरों में ऑडिशन आयोजित किए जा रहे हैं। इस पहल से जुड़कर रश्मिका मंदाना बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, यह भारत के युवाओं के लिए ऐसा मौका है जो उन्हें उस मुकाम तक पहुंचा सकता है जिसकी उन्होंने शायद कभी कल्पना भी न की हो। हर सफर किसी मौके से शुरू होता है और उस मौके को स्वीकार करने के लिए हिम्मत चाहिए होती है। रश्मिका ने अपनी यात्रा को याद करते हुए कहा, जब मैं अपने सफर को पीछे मुड़कर देखती हूँ, तो एहसास होता है कि खुद पर भरोसा बनाए रखना, लगातार मेहनत करना और उन संभावनाओं को हाँ कहना कितना ज़रूरी होता है, जो आपको आगे ले जा सकती हैं।
रश्मिका का मानना है कि हाइब इंडिया के साथ यह साझेदारी भारत में अपनी तरह का एक अलग मौका है। उन्होंने कहा, हाइब पूरी दुनिया में बड़े कलाकारों और ग्लोबल आवाज़ों को तैयार करने के लिए जाना जाता है, और अब भारत में आकर यहाँ के युवा टैलेंट को तलाशना वाकई ख़ास बात है। हाइब इंडिया के ऑडिशन में सिंगिंग, डांस, रैप और दूसरे परफॉर्मेंस से जुड़े हुनर दिखाने का मौका दिया जा रहा है, जिससे विविध प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। रश्मिका ने ख़ास तौर पर देश की उन लड़कियों से इस मौके का फायदा उठाने की अपील की है जो कलाकार, परफ़ॉर्मर या रोल मॉडल बनने का सपना देखती हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा, देशभर में ऐसी बहुत सी लड़कियाँ हैं जिनके अंदर हुनर है और वह कुछ बड़ा करना चाहती हैं। कोई भी लड़की सिर्फ़ डर या आत्मविश्वास की कमी की वजह से अपने सपने को पीछे न छोड़े। हर लड़की अपने सपने को कम से कम एक मौका ज़रूर दे।