*मिशन कायाकल्प के तहत सभी पैरामीटर्स के सापेक्ष विद्यालयों को किया जाए संतृप्त-जिलाधिकारी*
*ऐसे सभी विद्यालय जिनके ऊपर से हाईटेंशन लाइन जा रही है, उन्हें हटवाने हेतु शीघ्र कार्यवाही करें-जिलाधिकारी*
श्रावस्ती। 21 सितम्बर, 2026। सू0वि0। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में जिला सतर्कता समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने खण्ड शिक्षा अधिकारियों से समीक्षा करते हुए परिषदीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों एवं पीएमश्री विद्यालयों में गतिमान कार्याें की प्रगति के विषय में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स के अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सभी अधिकारी प्रत्येक माह अपने लक्ष्य के अनुसार विद्यालयों का निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। सभी विद्यालयों में बाउण्ड्रीवाल, पेयजल, शौचालय, दिव्यांग शौचालय आदि प्रत्येक दशा में सुनिश्चित करायें जाए। विद्यालय में स्मार्टक्लास का संचालन एवं इंटरनेट की कनेक्टिविटी प्रत्येक दशा में सुनिश्चित रखी जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मिशन कायाकल्प में 19 पैरामीटर्स के सापेक्ष सभी विद्यालयों को संतृप्त किया जाए। ऐसे सभी विद्यालय जिनके ऊपर से हाईटेंशन लाइन जा रही है, उन्हें हटवाने हेतु शीघ्र कार्यवाही की जाए। यह भी संज्ञान में आया है कि कुछ गैस एजेंसियां विद्यालयों को गैस सिलेण्डर प्राथमिकता से नहीं दे रही है, इस पर कार्यवाही करते हुए सभी विद्यालयों को प्राथमिकता से गैस सिलेण्डर मुहैया कराया जाए, अन्यथा गैस के अभाव में खाना बनते पाया गया तो सम्बन्धित गैस एजेंसी के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। जिन विद्यालयों में विद्युतीकरण नहीं हुआ है, वहां पर शीघ्र कराया जाए और यदि बजट का अभाव है तो प्रस्ताव भेजकर कार्यवाही करायी जाए। उन्होने निर्देशित किया कि सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी इस आशय का प्रमाण पत्र भी जारी करें कि उनके अन्तर्गत आने वाले सभी विद्यालयों में दो लाइट एवं दो पंखे लगाये जा चुके है। उन्होने कहा कि कुछ विद्यालयों द्वारा विफ्स कार्यक्रम के तहत आयरन फोलिक टैबलेट में रूचि नहीं ली जा रही है, इसलिए सभी विद्यालय आयरन फोलिक टैबलेट का वितरण कराते हुए अनिवार्य रूप से पंजिका में भी अंकित करें। अन्यथा सम्बन्धित विद्यालयों पर कड़ी कार्यवाही होगी। इसके अलावा सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राएं अनिवार्य रूप से यूनिफार्म में आयें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उपस्थिति पंजिका प्रत्येक दिवस प्रातः 09 बजे तक अनिवार्य रूप से अद्यतन कर ली जाए, यदि निरीक्षण के दौरान अद्यतन नहीं पायी गई तो सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। विद्यालयों में लगातार अनुपस्थित रहने वाले अध्यापकों एवं शिक्षामित्रों पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक का संचालन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत ने किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, उपजिलाधिकारी रवि प्रताप सिंह, जिला विकास अधिकारी रामसमुझ, जिला पंचायत राज अधिकारी निलेश प्रताप सिंह, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारीगण, जिला समन्वयक सहित अन्य सम्बन्धित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं संस्थाओं के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।



































