हर सम्भव सहायता प्रदान करने का दिया आश्वासन
जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी-जिलाधिकारी
श्रावस्ती। विगत दिनों विकास खण्ड गिलौला के अन्तर्गत ग्राम मोहम्मदापुर में करंट लगने के कारण दो लोगों वेद प्रकाश पाठक एवं सचिन मिश्रा की मृत्यु हो गई थी। जिसका संज्ञान लेते हुए आज जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने मृतक के परिजनों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना तथा शोक संतृप्त परिजनों को सांत्वना दी। उन्होने भगवान से प्रार्थना किया कि उनके परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की क्षमता प्रदान करे और मृतक की आत्मा को शांति प्रदान करे। उन्होने उपस्थित अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया घटना का सर्वे कराकर आज शाम तक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इसके अलावा उन्होने गांव की सम्पूर्ण विद्युत व्यवस्था को दुरूस्त करने हेतु निर्देश दिये। उन्होने परिजनों को आश्वस्त भी किया कि इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार अधिकारी, कर्मचारी उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।जिलाधिकारी ने मृतक के परिवार को हर सम्भव मदद का भरोसा दिलाया और कहा कि परिवार के इस असहनीय दुख-दर्द में हर समय जिला प्रशासन उनके साथ है। सरकार द्वारा प्रदत्त नियमानुसार सभी सुविधाएं मुहैया करायी जाएंगी। उन्होने मृतक की पत्नी को सांत्वना हुए कहा कि इस अपार दुख की घड़ी में स्वयं, बच्चों एवं परिवारजनों को संभालें।इस दौरान उपजिलाधिकारी रवेन्द्र कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत राज नरायण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।



















