महराजगंज के चौपारिया रोड पर NHAI का बनाया स्लैब टूट गया है। इससे बीच सड़क पर गड्ढा बन गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्लैब करीब तीन महीने पहले बना था।
.
यह सड़क मेन रोड को कई गांवों और मोटर टेस्टिंग सेंटर से जोड़ती है। रोज करीब 50 लोग यहां वाहन चलाने का लाइसेंस टेस्ट देने आते हैं। स्लैब टूटने के कारण लोगों को 500 मीटर दूर से घूमकर आना पड़ रहा है। इससे जाम में भी फसना पड़ता है।
स्लैब का एक हिस्सा धंस गया है और नीचे से सरिया दिख रही है। आसपास मलबा और टूटे पत्थर पड़े हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल की गई, इसलिए स्लैब जल्दी टूट गया। चौपारिया रोड से रोज सैकड़ों गाड़ियां और पैदल लोग गुजरते हैं। लोगों के मुताबिक, रात में गड्ढा दिखाई नहीं देता।
एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, “एक महीने में ही स्लैब टूट गया, ये कैसा विकास है? अगर कोई बच्चा या बाइक वाला इसमें गिर गया तो कौन जिम्मेदार होगा?”
लोगों ने NHAI और प्रशासन से टूटे स्लैब की मरम्मत और निर्माण की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निर्माण में लापरवाही मिलने पर ठेकेदार पर कार्रवाई होनी चाहिए।

















