डीएम का उद्यमियों को समय से लोन देने के निर्देश:बैंकों की धीमी ऋण स्वीकृति पर जताई नाराजगी, श्रावस्ती को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए चलेगा अभियान

0
0

श्रावस्ती में बुधवार को जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु और श्रम बन्धु की बैठक हुई। इसमें औद्योगिक विकास, स्वरोजगार योजनाओं और श्रमिक कल्याण से जुड़े कामों की समीक्षा की गई।
डीएम ने बैंकों की ओर से ऋण स्वीकृति की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने पात्र उद्यमियों को समय से लोन देने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सरकार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। ऋण के पात्र आवेदनों को प्राथमिकता से मंजूर किया जाए और उद्यमियों की समस्याओं का जल्द समाधान हो, ताकि वे समय से कारोबार शुरू कर सकें।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और ओडीओपी सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
श्रम बन्धु की बैठक में निर्माण प्रतिष्ठानों और श्रमिकों के पंजीकरण, श्रमिक कल्याण योजनाओं के आवेदनों और बाल श्रम उन्मूलन की समीक्षा हुई। डीएम ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को ऑनलाइन आवेदनों का समय से निस्तारण करने और पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बाल श्रमिकों की पहचान करने, उन्हें मुक्त कराने और पुनर्वास के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल से श्रावस्ती को बाल श्रम मुक्त जिला बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here