नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने पूर्व वित्त सचिव सुभाष चंद्र गर्ग के खिलाफ मानहानि के दो मामले दर्ज कराए हैं। आपराधिक मानहानि का मामला दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में, जबकि दीवानी मानहानि का मामला दिल्ली उच्च न्यायालय में दायर किया गया है। उच्च न्यायालय में दायर दीवानी मानहानि मामले में गर्ग से दो करोड़ रुपये हर्जाना की मांग की गई है।
निशिकांत दुबे ने गर्ग के उस बयान के खिलाफ मानहानि की दोनों याचिकाएं दायर की हैं, जिसमें गर्ग ने उन्हें ब्लैकमेल करने वाला व्यक्ति कहा था। गर्ग ने अपने बयान में कहा था कि दुबे उनके कार्यालय में आए थे और एलआईसी के चेयरमैन से उनका काम करवाने के लिए अप्रोच किया था।
हालांकि, बाद में दुबे ने इन आरोपों का खंडन किया था। दोनों के बीच विवाद उस समय बढ़ा था, जब गर्ग ने पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़ों पर सवाल उठाया था। सरकार ने जीडीपी की विकास दर 7.8 फीसदी बताई थी। उसके बाद दुबे ने गर्ग के वित्त मंत्रालय के कार्यकाल की आलोचना की थी। दुबे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सम्बोधित मार्च 2018 के एक पत्र का हवाला दिया था, जिसमें गर्ग की माइक्रो-इकोनॉमिक नीति की समीक्षा करने की मांग की गई थी।
दुबे ने गर्ग को अपने वकील अमित अवस्थी के जरिये एक लीगल नोटिस भी भेजा था। इस लीगल नोटिस का गर्ग ने जवाब भी दिया था, लेकिन दुबे उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने गर्ग के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि याचिकाएं दायर कर दीं।













































