बस्ती ब्यूरो रिपोर्ट। हाल ही में क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने व चोरी की घटनाओं से संबंधित भ्रामक व अफवाह फैलाने की सूचना प्राप्त हुई है। अफवाहों के कारण आमजन में अनावश्यक दहशत एवं भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ये बातें थाना प्रभारी विजय कुमार दुबे ने बुधवार को पत्रकारों से कहीं। उन्होंने कहा कि अफवाहों की रोकथाम के लिए पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अपील की कि किसी भी घटना की सत्यता की पुष्टि किए बिना उसे प्रकाशित या प्रसारित न करें। साथ ही यदि कहीं भी अफवाह या विवाद की स्थिति बनती है तो तत्काल प्रशासन व पुलिस को सूचना दें।
थाना प्रभारी विजय कुमार दुबे ने रुधौली वासियों से भी अपील की कि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि शांति एवं संयम बनाए रखें और अफवाह फैलाने वालों से सावधान रहें। अफवाह फैलाना दंडनीय अपराध है। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने व ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रहा है। कानून को अपने हाथ में न लें क्योकि अफवाहों के आधार पर किसी निर्दोष व्यक्ति से मारपीट करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

















