सनसनीखेज खबर: सेमरहना में विवाहिता की संदिग्ध मौत, फांसी लगाकर दी जान

रिपोर्ट: हेमंत कुमार दुबे

निचलौल। स्थानीय थाना क्षेत्र के सेमरहना गांव में मंगलवार देर रात एक विवाहिता ने रहस्यमयी परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।जानकारी के मुताबिक, ग्राम सेमरहना निवासी दीपक वर्मा की 26 वर्षीय पत्नी पूजा देवी ने बीती रात अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के वक्त परिवार के सदस्य घर पर ही मौजूद थे। लगभग ढाई बजे रात में, ग्राम प्रधान व्यास चौहान ने पुलिस को इस दुखद घटना की सूचना दी।

विवाहेत्तर जीवन की उलझन?

पूजा की शादी करीब नौ साल पहले दीपक वर्मा से हुई थी। इतनी लंबी शादीशुदा जिंदगी के बावजूद अचानक उठाए गए इस कदम से कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस और ग्रामीण दोनों ही हैरान हैं कि आखिर किस वजह से पूजा ने इतना बड़ा कदम उठाया।

पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से शव को फंदे से उतारकर सीएचसी निचलौल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद, पुलिस ने शव का पंचायतनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

फिलहाल, पुलिस को मृतका के मायके या ससुराल पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया, “आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।” पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके।