डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना (IAF) के एक कार्यरत विंग कमांडर ने हनीट्रैप में फंसकर भारत की युद्ध योजनाओं, लेह एयरबेस की परिचालन क्षमताओं और ड्रोन युद्ध से जुड़ी अति-संवेदनशील जानकारी एक पाकिस्तानी खुफिया एजेंट को सौंप दी।
यह खुलासा दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा पटियाला हाउस कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में हुआ है कि इसके बदले पाक एजेंट ने अधिकारी को एक महिला की आपत्तिजनक (न्यूड) तस्वीरें भेजी थीं।
चार्जसीट में क्या लगा है आरोप?
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस एजेंसी द्वारा पटियाला हाउस कोर्ट में दाखिल इस चार्जशीट में यह भी आरोप लगाया गया है कि पाकिस्तानी हैंडलर ने अधिकारी को मैलवेयर (जासूसी सॉफ्टवेयर) भेजकर गोपनीय सैन्य जानकारी तक अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश की।
कब से कब तक महिला की संपर्क में था अधिकारी?
जांच में सामने आया है कि 30 मई को गिरफ्तार किया गया यह अधिकारी 12 जनवरी से 1 अप्रैल, 2026 के बीच उस महिला के संपर्क में था। आरोप है कि उसे यह निर्देश दिया गया था कि वह अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के मोबाइल फोन और लैपटॉप में यह सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करे, ताकि उनके डिवाइस से डेटा निकाला जा सके।
दिल्ली पुलिस द्वारा कोर्ट में चार्जसीट दाखिल कर दिया गया है, जिस पर अदालत द्वारा अभी संज्ञान लिया जाना बाकी है। इसके अलावा, पुलिस को फिलहाल सक्षम प्राधिकारी से आरोपी अधिकारी के खिलाफ मुकदमा चलाने (अभियोजन) की आवश्यक मंजूरी भी नहीं मिली है।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, व्हाट्सएप पर हुई बातचीत में उसने महिला को बताया कि इस एयरबेस का इस्तेमाल नियमित रूप से नहीं, बल्कि कभी-कभार ही किया जाता है और यहां से हर तरह के सैन्य विमान उड़ान भर सकते हैं।
इसके अलावा, उसने भारत की ड्रोन युद्ध क्षमताओं और इन ऑपरेशनों से जुड़े सैन्य कर्मियों के बारे में भी गोपनीय जानकारी साझा की थी।
