जिलाधिकारी ने बैठक कर विभागवार तय की जिम्मेदारियां
22 नवंबर को 6 बजे से 6.20 तक भिनगा नगर मंे होगा ब्लैक आउट-जिलाधिकारी
श्रावस्ती। जनपद मे नागरिक सुरक्षा संगठन की ओर से 22 नवंबर को सायं 6 बजे से 6.15 तक ब्लैक आउट मॉकड्रिल का आयोजन किया जायेगा। जिसके सम्बन्ध में आज जिलाधिकारी मनोज कुमार राय की अध्यक्षता में सभी संबधित विभागों एवं संगठनों की बैठक आयोजित की गयी। बैठक मे उपस्थित अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिकों को हवाई हमले से बचाव के लिए तैयार करने के उद्देश्य से ब्लैक आउट मॉकड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। इस मॉकड्रिल मे ब्लैक आउट, फायर और मेडिकल इमरजेंसी की मॉकड्रिल का आयोजन किया जायेगा। उन्होने जनपद के सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि मॉकड्रिल को सफल बनाने के लिए सायं 6.00 बजे से 6.15 तक अपने अपने घरों की मेन स्विच बंद करके घर के सुरक्षित स्थान पर शरण लें। सभी नागरिक अपने घरों मे प्राथमिक चिकित्सा किट रखने की आदत डालें। मॉकड्रिल के माध्यम से हमें युद्ध एवं आपात परिस्थितियों के लिए तैयार रहने मे मदद मिलेगी।
बैठक का संचालन कर रहे अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) ललित कुमार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तय जिम्मेदारियों को ससमय पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। नागरिक सुरक्षा के प्रभारी अधिकारी रवेंद्र कुमार को ब्लैक आउट मॉकड्रिल हेतु जागरुकता अभियान के संचालन के निर्देश दिये गये।
बैठक में उपजिलाधिकारी आशीष भारद्वाज, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 के0 के0 वर्मा, अधिशाषी अधिकारी डॉ0 अनीता शुक्ला, पुलिस क्षेत्राधिकारी भरत पासवान, रेडक्रास सचिव एवं आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र, सदस्य रेडक्रास पवनेश शुक्ला नागरिक सुरक्षा संगठन से अरविंद पाठक, जीसी पाठक, के बी मिश्र, शिव कुमार यादव, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से सेजल पाठक, अर्पित कश्यप आदि मौजूद रहे।
















