Home Blog Page 5

बस्ती राजपहुंचे स्थान से पशुपतिनाथ जा रहे 4 साइकिल यात्री:युवाओं को फिट रहने और नशे से दूर रहने का संदेश

राजस्थान से साइकिल पर काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ महादेव मंदिर की यात्रा पर निकली चार यात्रियों की टीम आज बस्ती जिले के कप्तानगंज चौराहे पहुंची। दैनिक भास्कर से बातचीत में चेतन देवास ने बताया कि उनकी यात्रा का आज 21वां दिन है। यह चार लोगों की टीम साइकिल से राजस्थान से काठमांडू तक का सफर तय कर रही है। यात्रा के मकसद को लेकर रामकरन देवास ने बताया कि वे इस साइकिल यात्रा के माध्यम से युवाओं को जागरूक करना चाहते हैं। उनका संदेश है कि युवा फिट रहें, नशे से दूर रहें और साइकिलिंग को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना एक अच्छा व्यायाम भी है और इससे सेहत के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान अलग-अलग जगह लोगों से मुलाकात हो रही है। युवाओं को स्वास्थ्य और नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है। राजस्थान से निकलने के बाद यूपी में लोगों का जिस तरह से सहयोग और प्यार मिल रहा है, उससे यात्री बहुत उत्साहित हैं। रामकरन देवास ने कहा कि “यूपी में हमें अपना घर जैसा लग रहा है।” स्थानीय लोगों ने भी साइकिल यात्रियों से बात की और उनकी यात्रा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने काठमांडू तक के सफर के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

महराजगंज के दुर्गा मंदिर में संकीर्तन:चिऊरहा स्थित प्रांगण पहुंचे भक्त, हनुमान पूजन उपरांत बंटा लड्डू प्रसाद

महराजगंज में चिऊरहा स्थित श्री श्री दुर्गा मंदिर में हर मंगलवार को आस्था और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिलता है। इस सप्ताह भी श्री हरिकीर्तन समिति एवं श्री श्री दुर्गा मंदिर सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित साप्ताहिक संकीर्तन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ संकटमोचन श्री हनुमान जी महाराज के पूजन और आवाहन के साथ हुआ। तत्पश्चात, संकीर्तन समिति के सदस्यों और स्थानीय भक्तों ने मां दुर्गा के भजनों व हरी नाम संकीर्तन से पूरे मंदिर प्रांगण को भक्तिमय कर दिया। श्रद्धालुओं का मानना है कि मां दुर्गा की महिमा अपरंपार है; जो भी भक्त सच्चे मन से मंदिर में आकर अपनी मन्नत मांगता है, मां उसकी हर मनोकामना अवश्य पूर्ण करती हैं। संकीर्तन की समाप्ति पर माता रानी और हनुमान जी महाराज को भोग लगाकर उपस्थित सभी भक्तों के बीच लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर शेषमणि गुप्ता, हरिश्चंद्र विश्वकर्मा, गोवर्धन गुप्ता, मनोज कुमार, धर्मेंद्र गुप्ता, सुनील मधेशिया, सीता राम शर्मा, राजेश गुप्ता, सुभाष, रघुनन्द, गौरव यादव, भोलू गुप्ता और रामसूरत गुप्ता सहित दर्जनों श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्री श्री दुर्गा मंदिर सेवा संस्थान द्वारा हर मंगलवार को नियमित रूप से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह रहता है।

सर्वांगीण विकास, अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और जनकल्याण के लिए 42 हजार 490 करोड़ रूपये की स्वीकृति

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक संपन्न हुई। मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास, अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और जनकल्याण को गति देने के लिए 42 हजार 490 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावों को मंजूरी दी। मंत्रि-परिषद ने गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा के विस्तार के लिए केन्द्र प्रवर्तित 'समग्र शिक्षा योजना' की आगामी पांच वर्षों की निरंतरता के लिए 36 हजार 6 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति प्रदान की। नागरिक सुविधाओं में वृद्धि के उद्देश्य से परिवहन विभाग की 11 योजनाओं के लिए 1 हजार 166 करोड़ रुपये तथा किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से उद्यानिकी विभाग की 8 योजनाओं के लिए 491 करोड़ रुपये की निरंतरता अनुमोदित की गई।

जल संसाधन के क्षेत्र में उज्जैन की चितावद, सिंगरौली की गौंड तथा अशोकनगर की चंदेरी सिंचाई परियोजनाओं के लिए 2 हजार 600 करोड़ रुपये से अधिक स्वीकृत किए गए, जिससे 1 लाख 27 हजार हेक्टेयर से अधिक रकबे में सिंचाई क्षमता विकसित होगी। प्रशासनिक तंत्र को मजबूत करते हुए नवगठित जिलों मैहर, मऊगंज और पांदुर्णा में खनिज शाखा की स्थापना के लिए 21 नवीन पदों तथा अनूपपुर व शहडोल के उन्नयित स्कूलों के लिए 36 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई। साथ ही रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को 250 रुपये की अतिरिक्त विशेष सहायता दिए जाने का अनुसमर्थन और मार्कफेड को 2,220 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त ऋण देने का भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

समग्र शिक्षा योजना की निरंतरता के लिए 36,006.22 करोड़ रूपये की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने केन्द्र प्रवर्तित योजना समग्र शिक्षा के वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक निरंतर संचालन के लिए 36,006.22 करोड़ रूपये की स्वीकृति दी है। समग्र शिक्षा योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रावधान एवं विद्यार्थियों के सीखने के प्रतिफलों में वृद्धि करना, शाला शिक्षा में सामाजिक एवं लैंगिक भेद को कम करना, शाला शिक्षा के सभी स्तरों पर समता एवं समावेशन सुनिश्चित करना, शाला शिक्षा के प्रावधानों में न्यूनतम मानकों को सुनिश्चित करना, शिक्षा के साथ व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देना, निःशुल्क व अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के कार्यान्वयन में राज्य को सहायता देना और शिक्षक प्रशिक्षण के लिए एस.सी.ई.आर.टी. / राज्य शिक्षा संस्थान और डाइट को नोडल एजेंसियों के रूप में सुदृढ़ीकरण और उन्नयन करना है। साथ ही सार्व-भौमिक पहुंच, समता और गुणवत्ता, शिक्षा के साथ व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देना और शिक्षक शिक्षा संस्थानों को सुदृढ़ किये जाने को इस योजना के मुख्य परिणामों के रूप में निर्धारित किया गया है। समग्र शिक्षा योजना अंतर्गत पूर्व प्राथमिक से कक्षा 12 तक अध्ययनरत 4 से 18 आयुवर्ग के समस्त श्रेणी के छात्र-छात्राओं की शिक्षा का प्रावधान है।

परिवहन विभाग की 11 योजनाओं की निरंतरता के लिए 1,166 करोड़ 60 लाख रुपये की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने परिवहन विभाग के सुचारू संचालन, अधोसंरचना विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को ध्यान में रखते हुए विभाग अंतर्गत संचालित राजस्व एवं पूंजीगत व्यय सम्बंधी 500 करोड़ रूपये से कम की योजनाओं की 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक निरंतर संचालन के लिए कुल 1,166 करोड़ 60 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

स्वीकृति अनुसार उड़नदस्ता एवं चेक पॉइंट की स्थापना व्यय के लिए सर्वाधिक 377 करोड़ 41 लाख रुपये तथा जिला स्थापना व्यय के लिए 361 करोड़ 89 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा विभाग के मुख्यालय स्थापना व्यय के लिएभी 120 करोड़ 10 लाख रुपये और राज्य परिवहन अपीलीय अधिकरण के संचालन के लिए 10 करोड़ 39 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। डिजिटल सेवाओं और अधोसंरचना के अंतर्गत स्मार्ट कार्ड योजना के निरंतर संचालन के लिए 245 करोड़ 55 लाख रुपये का अनुमोदन किया गया है। विभागीय कार्यालय भवनों के नवीन निर्माण कार्यों के लिए 30 करोड़ रुपये तथा मौजूदा परिसंपत्तियों के संधारण और रखरखाव के लिए लगभग 5.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

सड़क सुरक्षा, जनहित और महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को भी निरंतरता प्रदान की गई है। कुशल चालकों को तैयार करने के लिए ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना के लिए 12 करोड़ रुपये का अनुदान मंजूर किया गया है। ग्रामीण अंचलों में बेहतर आवागमन के लिए 'ग्रामीण परिवहन नीति' के क्रियान्वयन के लिए 2 करोड़ 50 लाख रुपये, सड़क हादसों में पीड़ितों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए 'नेक व्यक्ति पुरस्कार' के लिए 1 करोड़ 25 लाख रुपये और सार्वजनिक सड़क परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा (निर्भया फंड) के लिए आवश्यक वित्तीय प्रावधान को स्वीकृति दी गई है।

उद्यानिकी विभाग की 8 योजनाओं की निरंतरता के लिए 491 करोड़ रुपये की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की आठ प्रमुख राज्य पोषित योजनाओं को आगामी पांच वर्षों 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक के लिए निरंतर संचालित करने के प्रस्ताव को औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस अवधि के लिए कुल 491 करोड़ रुपये के वित्तीय आकार को मंजूरी दी गई है। यह निर्णय राज्य में किसानों की आय बढ़ाने, उद्यानिकी फसलों के रकबे व गुणवत्ता में सुधार करने और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

स्वीकृत प्रस्ताव के तहत फल पौध रोपण और मसाला क्षेत्र विस्तार योजना के लिए सर्वाधिक 100-100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा संरक्षित खेती प्रोत्साहन योजना के लिए 85 करोड़ रुपये, फसल बीमा और खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के विकास के लिए 53-53 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। एकीकृत शीत श्रृंखला (कोल्ड चेन) अधोसंरचना के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये तथा कृषक प्रशिक्षण एवं विभागीय परिसंपत्तियों के संधारण के लिए25-25 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।

योजनाओं के निरंतर संचालन से प्रदेश के किसानों को उन्नत खेती, अनुदान, प्राकृतिक आपदाओं से फसल सुरक्षा और आधुनिक तकनीकों का लाभ निरंतर मिलता रहेगा। योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश व नियम जारी करने के लिए संबंधित विभाग को अधिकृत किया गया है।

अशोकनगर की चंदेरी माईक्रो सिंचाई परियोजना की निरंतरता के लिए 11 करोड़ 49 लाख रूपये की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने अशोकनगर जिले में स्थित चंदेरी माईक्रो सिंचाई परियोजना की वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक की निरंतरता के लिए 11 करोड़ 49 लाख रूपये की स्वीकृति दी है। जल संसाधन विभाग अंतर्गत चंदेरी माईक्रो सिंचाई परियोजना का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली का निर्माण कर अशोकनगर जिले के 28 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराना है।

सिंगरौली की गौंड वृहद सिंचाई परियोजना की निरंतरता के लिए 749 करोड़ 62 लाख रूपये की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने सिंगरौली जिले की गौंड वृहद सिंचाई परियोजना की वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक की निरंतरता के लिए 749 करोड़ 62 लाख रूपये की स्वीकृति दी है। जल संसाधन विभाग अंतर्गत गौंड वृहद सिंचाई परियोजना का मुख्य उद्देश्य बांध निर्माण कर सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के माध्यम से सिंगरौली जिले के 34 हजार 500 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित करना है।

उज्जैन की चितावद वृहद सिंचाई परियोजना की निरंतरता के लिए 1846 करोड़ 5 लाख रूपये की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने उज्जैन जिले के महिदपुर तहसील के पास क्षिप्रा नदी पर चितावद वृहद सिंचाई परियोजना की वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक की निरंतरता के लिए 1,846 करोड़ 5 लाख रूपये की स्वीकृति दी है।जल संसाधन विभाग अंतर्गत चितावद वृहद सिंचाई परियोजना का मुख्य उ‌द्देश्य सिंचाई बांध का निर्माण कर संचित जल से 65 हजार हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है।

मैहर, मऊगंज एवं पांदुर्णा में जिला कार्यालय (खनि शाखा) की स्थापना के लिए 21 नवीन पदों की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने नवगठित जिले मैहर, मऊगंज एवं पांदुर्णा में जिला कार्यालय (खनि शाखा) की स्थापना के लिए खनि अधिकारी एवं कर्मचारियों की आवश्यकता के दृष्टिगत कुल 21 पदों की स्वीकृति दी गई है। स्वीकृति अनुसार प्रत्येक जिले में 07-07 नवीन पदों की स्वीकृति दी है। इसके अंतर्गत हर जिले में खनिज अधिकारी, सहायक ग्रेड 2, सहायक ग्रेड 3, सहायक मानचित्रकार, सर्वेयर, सिपाही, भृत्य का 1-1 पद शामिल है।

अनूपपुर और शहडोल में उन्नयित 4 हाई स्कूल के लिए 36 नियमित पदों की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने अनूपपुर और शहडोल में माध्यमिक शाला से हाई स्कूल में उन्नयित एवं संचालित 04 वि‌द्यालयों केल्हौरी, बाड़ीखार एवं भालूमाड़ा जिला अनूपपुर एवं नवलपुर जिला शहडोल के लिए प्राचार्य हाई स्कूल के 04, माध्यमिक शिक्षक के 24, प्राथमिक शिक्षक के 04 एवं सहायक ग्रेड 3 के 04 कुल 36 नियमित पदों की स्वीकृति दी है।

लाड़ली बहना को रक्षा बंधन पर 250 रूपये की अतिरिक्त विशेष आर्थिक सहायता प्रदान किये जाने के निर्णय का अनुसमर्थन

मंत्रि-परिषद ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 2023 अन्तर्गत योजना के हितग्राहियों को अगस्त 2026 की आर्थिक सहायता की राशि सहित रक्षा बंधन के अवसर पर राशि रूपये 250/- की अतिरिक्त विशेष आर्थिक सहायता प्रदान किये जाने के संबंध में मुख्यमंत्री के 20 अगस्त 2026 को दिए गए आदेश एवं इसके परिपालन में विभाग द्वारा 24 अगस्त 2026 को जारी आदेश का अनुसमर्थन किया है।

रबी विपणन वर्ष 2024-25 के खाद्यान्न साख-सीमा ऋण की शेष राशि के भुगतान के लिए ब्याज मुक्त ऋण की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद द्वारा निर्णय लिया गया है कि मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ की रबी विपणन वर्ष 2024-25 के खाद्यान्न साख-सीमा ऋण की शेष राशि 2,220.62 करोड़ रूपये का 30 सितम्बर 2026 तक पुनर्भुगतान सुनिश्चित करने के लिये 2,220.62 करोड़ यानि दो हजार दो सौ बीस करोड़ बासठ लाख रूपये मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ को ब्याज मुक्त ऋण राशि उपलब्ध कराई जाए।ब्याज मुक्त ऋण का भुगतान वित्त विभाग द्वारा राज्य की नगद तरलता/राजकोषीय घाटे की सीमा को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध कराई जाने तथा ऋण की अन्य शर्तें मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ (MARKFED) की वित्तीय स्थिति के दृष्टिगत वित्त विभाग की सहमति से जारी किया जाएगा।

अन्य निर्णय

मंत्रि-परिषद को म.प्र.ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण की साधिकार समिति की 26 मई 2026 में हुई 64वीं बैठक में लिए गए निर्णयों से अवगत कराया गया।

कप्तानगंज में क्रिकेट कप्तानों को मिले 1-1 हजार रुपए:युवा संवाद में 'बेस टू स्पेस' अभियान पर जोर, बस्ती के भविष्य पर चर्चा

कप्तानगंज के गायत्री इंटर कॉलेज में मंगलवार को मनीष मिश्रा ‘मनीष भैया’ का युवा संवाद और क्रिकेट टीम के कप्तानों का कार्यक्रम हुआ। इसमें कप्तानगंज क्षेत्र की कई क्रिकेट टीमों के कप्तान, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। इस दौरान मनीष मिश्रा ने खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए 2 अक्टूबर को कप्तानों और खिलाड़ियों के बैंक खातों में एक-एक हजार रुपए भेजने की घोषणा की। युवा संवाद के दौरान मनीष मिश्रा ने युवाओं से सीधी बात की और बस्ती के भविष्य पर अपने विचार रखे। उन्होंने अपने ‘बेस टू स्पेस’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि बस्ती के युवाओं को सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें विज्ञान, तकनीक और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बनानी होगी। कार्यक्रम में एक युवा ने मंच पर आकर कहा कि ‘बेस टू स्पेस’ अभियान में युवा उनके साथ हैं। उसने कहा कि बस्ती के युवा अंतरिक्ष के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे और इसरो को नासा से भी बेहतर बनाने का सपना देखेंगे। युवा की इस बात पर मौजूद लोगों ने उत्साह दिखाया। मनीष मिश्रा ने बताया कि उनका लक्ष्य बस्ती को ‘बेस से स्पेस’ तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि जिले के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मौके और दिशा देने की जरूरत है। युवा खेल, शिक्षा, तकनीक और उद्यमिता के जरिए अपनी क्षमता दिखा सकते हैं। उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था और जीडीपी का जिक्र करते हुए ‘डिस्ट्रिक्ट जीडीपी’ मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को और गति देने के लिए जिलों की स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होना बहुत जरूरी है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में नारे भी लगाए गए। गायत्री इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मनीष मिश्रा का स्वागत किया। इस मौके पर ईश्वर दीन, संदीप यादव, शिवम मिश्रा, श्रवण यादव, सौरभ चतुर्वेदी और प्रधानाचार्य अशोक मिश्रा समेत कई लोग मौजूद थे। विमल पांडेय ने मंच का संचालन किया, जबकि अंकुर शुक्ला ने व्यवस्था संभाली।

इकौना में गणेश पूजन धूमधाम से मनाया गया:श्रावस्ती के कबीर नगर में भक्तों ने शांतिपूर्वक की पूजा-अर्चना

श्रावस्ती जनपद के इकौना विकासखंड स्थित कबीर नगर में गणेश पूजन धूमधाम से मनाया जा रहा है भक्तों ने शांतिपूर्ण ढंग से गणेश जी की पूजा-अर्चना की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम देखने पहुंचे। लोगों ने गणेश भगवान की मूर्ति के प्रति गहरी आस्था दिखाई और पूरे विधि-विधान से पूजा की। श्रद्धालुओं का मानना है कि गणेश भगवान से मांगी गई मन्नतें पूरी होती हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को इंदौर में इंफोसिस के नए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक का करेंगे शुभारंभ

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 सितंबर को इंदौर के सुपर कॉरिडोर स्थित इंफोसिस परिसर में नए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक-2 (SDB-2) का शुभारंभ करेंगे। यह ब्लॉक 3 लाख 30 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में विकसित किया गया है जो प्रदेश में उन्नत तकनीकी क्षमताओं तथा रोजगारपरक टैलेंट इको सिस्टम को और सशक्त करेगा।

इंफोसिस मध्यप्रदेश के बढ़ते टैलेंट पूल का लाभ लेने के साथ प्रदेश के शैक्षणिक एवं तकनीकी इको सिस्टम के साथ अपना जुड़ाव भी मजबूत करेगी। इसके अंतर्गत स्किलिंग कार्यक्रमों एवं संस्थागत साझेदारियों के माध्यम से आईआईटी इंदौर, आईआईएम इंदौर और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के साथ सहभागिता को विस्तार दिया जाएगा।

इंफोसिस इंदौर में वर्तमान में 3 हजार 300 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, जो बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा, हेल्थकेयर, रिटेल, फार्मा एवं लाइफ साइंसेज तथा मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में वैश्विक ग्राहकों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। विस्तारित केंद्र से क्लाउड, एप्लीकेशन डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग तथा साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में कंपनी की क्षमताओं का विस्तार होगा। इससे प्रदेश में उन्नत तकनीकी सेवाओं और कौशल विकास के अवसरों को गति मिलेगी।

इंफोसिस इंदौर में नया भवन पर्यावरण अनुकूल एवं ऊर्जा दक्ष बनाया गया है और ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। इसमें कम ऊर्जा वाली कूलिंग, स्मार्ट बिल्डिंग ऑटोमेशन, वर्षा जल संचयन और अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण जैसी सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण एवं वेलनेस सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

इटवा सीएचसी में टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की हुई जांच:अधीक्षक ने सभी डेटा पोर्टल पर फीड करने, अस्पताल में प्रसव कराने के लिए प्रेरित करने का निर्देश

सिद्धार्थ नगर जिले के इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार शाम पांच बजे स्वास्थ्य कर्मियों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच और डेटा फीडिंग पर चर्चा की गई। सीएचसी सभागार में अधीक्षक डॉ. संदीप द्विवेदी के नेतृत्व में एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी में कार्यों की प्रगति रिपोर्ट पर बात हुई। इसमें टीकाकरण अपडेट और पोर्टल पर सभी गर्भवती महिलाओं की जांच पड़ताल शामिल थी। अधीक्षक ने निर्देश दिए कि एएनएम सभी डेटा निर्धारित पोर्टल पर फीड करें। साथ ही, सभी गर्भवती महिलाओं की जरूरी जांचें की जाएं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को घर की बजाय अस्पताल में प्रसव कराने के लिए प्रेरित करने को भी कहा। अधीक्षक ने सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान बीपीए अनिल कुमार यादव, बीसीपीएम शिव शंकर वरुण, एआरओ ओम प्रकाश त्रिपाठी, डीईओ दिनेश कुमार श्रीवास्तव, एफएम सत्यकांत शुक्ला, आईओ मनीष कुमार पांडे, पर्यवेक्षक दुर्गेश कुमार अग्रवाल और बीसी आंचल जायसवाल मौजूद रहे। महिला स्वास्थ्य निरीक्षका रीना तिवारी, नंदावती मौर्या, अंतिमा, शुभावती देवी, मंजू देवी, एएनएम रोजी यादव, प्रियंका वर्मा, संजय कुमारी, अंजनी, गीता यादव, रेखा वर्मा, रेनू गौतम, नीलम वर्मा, आरती चौधरी, रजनी पाल, अनीता रानी, कविता पांडेय, शोभा देवी, विजय लक्ष्मी, अनुराधा चौरसिया, रेनू देवी और नीतू प्रजापति भी बैठक में उपस्थित थीं।

UCC को लेकर ओवैसी का BJP पर हमला, सहयोगी दलों से विरोध की अपील

भोपाल। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी एक पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल पहुंचे। सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में आयोजित कार्यक्रम से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC) का कड़ा विरोध किया।

समान नागरिक संहिता (UCC) पर असदुद्दीन ओवैसी के बयान

  • धार्मिक स्वतंत्रता और संविधान: ओवैसी ने संविधान का हवाला देते हुए कहा कि बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान के अनुच्छेद १४, २५, २६ और २९ नागरिकों को समानता और अपने धर्म का पालन करने का पूर्ण अधिकार देते हैं।

  • एनडीए के सहयोगियों से अपील: उन्होंने भाजपा के सहयोगी दलों (जैसे टीडीपी, जेडीयू, चिराग पासवान और जयंत चौधरी आदि) से कहा कि यदि उनके भाजपा से वैचारिक मतभेद हैं, तो उन्हें यूसीसी का खुलकर विरोध करना चाहिए।

  • गैर-हिंदुओं पर कानून थोपने का आरोप: ओवैसी ने आरोप लगाया कि यूसीसी के जरिए गैर-हिंदुओं पर हिंदू उत्तराधिकार, विवाह और दत्तक ग्रहण से जुड़े कानून लागू करने की कोशिश की जा रही है, जो धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ है।

मध्य प्रदेश में यूसीसी की स्थिति

  • मध्य प्रदेश विधानसभा से इक्कीस जुलाई को पारित समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक को राज्यपाल की मंजूरी मिल चुकी है।

  • राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने के बाद ही इसके प्रावधान प्रदेश में प्रभावी होंगे, जिसके पश्चात विधि एवं विधायी विभाग द्वारा राजपत्र में अधिसूचना जारी की जाएगी।

  • इस कानून में विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन संबंधों के लिए समान व्यवस्था का प्रावधान है, जिसमें एक से अधिक विवाह पर रोक तथा विवाह और लिव-इन संबंधों का अनिवार्य पंजीयन शामिल है। हालांकि, अनुसूचित जनजातियों को इसके दायरे से बाहर रखा गया है।

नगर बाजार उपकेंद्र में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित:रौसिंहापार में एचटी तार टूटा, कई फीडरों पर लोकल फाल्ट से असर

नगर बाजार बिजली घर से जुड़े उपभोक्ताओं को मंगलवार को दिनभर बिजली की परेशानी झेलनी पड़ी। 33 केवी मेन सप्लाई में रोस्टिंग और ट्रिपिंग के साथ ही अलग-अलग फीडरों में लोकल फाल्ट आने से कई बार बिजली बंद रही। इससे लोगों को काफी दिक्कत हुई। बिजली घर से मिली जानकारी के अनुसार, तड़के करीब 3:45 बजे 33 केवी मेन सप्लाई रोस्टिंग के कारण बंद हो गई। लगभग एक घंटे बाद बिजली चालू करने का काम शुरू हुआ और सुबह 5:25 बजे सभी फीडरों को सामान्य कर दिया गया। इसके बाद 6:49 बजे 33 केवी मेन सप्लाई दोबारा ट्रिप हो गई। 6:54 बजे सप्लाई मिलने के बाद सभी फीडरों को सामान्य किया गया। इसी क्रम में 6:55 बजे 11 केवी के सभी फीडरों को रोस्टिंग के तहत बंद किया गया, जिन्हें करीब 7:50 बजे सामान्य कर दिया गया। सुबह 8:40 बजे ओढ़घनपुर फीडर भी ट्रिप हो गया। रौसिंहापार में एचटी तार टूटकर गिरने की सूचना उपभोक्ता अनिल गुप्ता ने बिजली विभाग को दी, जिसके बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वहीं, फुलवरिया निषाद में 100 केवीए ट्रांसफार्मर पर स्पार्किंग की सूचना कर्मचारी विक्रम ने दी, जिसके बाद नगर फीडर को बंद किया गया। इसके अलावा, नए 100 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने के लिए नगर फीडर पर पेट्रोल पंप के पास एबीसी केबल और पोखरनी से 11 केवी लाइन भी खोली गई। बिजली घर पर ड्यूटी पर तैनात एसएसओ लालचंद्र गुप्ता सहित बिजली कर्मियों ने सप्लाई व्यवस्था सामान्य करने के लिए जरूरी कदम उठाए। बिजली कर्मियों ने बताया कि अलग-अलग जगहों पर आए लोकल फाल्ट को ठीक करने का काम लगातार किया जा रहा है।

सिंदुरिया के पूर्व थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला को विदाई:पुलिसकर्मियों ने कार्यकाल सराहा, उज्ज्वल भविष्य की दीं शुभकामनाएं

सिंदुरिया थाना परिसर में पूर्व थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें माल्यार्पण कर विदा किया और उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में पुलिसकर्मियों ने कहा कि थानाध्यक्ष के तौर पर विशाल कुमार शुक्ला का काम तारीफ के काबिल रहा। उन्होंने पुलिस टीम के साथ तालमेल बनाकर कानून-व्यवस्था संभालने और शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। उनके ट्रांसफर होने पर पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बिताए समय को याद किया और भावुक होकर उन्हें विदा किया। इस मौके पर एसएसआई योगेंद्र कुमार, रामानुज यादव, एसआई सत्यप्रकाश, एसआई मिथिलेश मौर्या, सुनील यादव, मनीष सिंह, बृजेश कुमार, कृष्ण कुमार मौर्य समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद थे। सभी ने पूर्व थानाध्यक्ष को माल्यार्पण कर सम्मानित किया और उनके अगले कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।