गोंडा ।थाना कटरा बाजार पर नियुक्त आरक्षी सुनील कुमार साहू एवं आरक्षी विजय कुमार सरकारी कार्य से अपने क्षेत्र से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल से उनकी मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई, जिसमें दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के उपरांत दोनों घायलों को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल गोण्डा में भर्ती कराया गया।घटना की जानकारी प्राप्त होते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोण्डा श्री अशोक कुमार द्वारा रात्रि में ही जिला अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य हालचाल लिया गया तथा उनके समुचित उपचार हेतु सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।घायल आरक्षी सुनील कुमार साहू की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा उन्हें तत्काल उच्च चिकित्सा संस्थान हेतु रेफर किया गया, जहां वर्तमान में उनका उपचार मेदांता अस्पताल में चल रहा है। उनके समुचित उपचार एवं देखभाल तथा अस्पताल प्रशासन से समन्वय स्थापित करने हेतु थाना कटरा बाजार से एक उपनिरीक्षक एवं एक आरक्षी को तैनात किया गया है। घायल आरक्षी के परिजन भी अस्पताल में मौजूद हैं। वहीं, घायल आरक्षी विजय कुमार को जिला अस्पताल में उपचार के उपरांत चिकित्सकीय अवकाश पर उनके घर भेज दिया गया है।प्रभारी निरीक्षक थाना कटरा बाजार को निर्देशित किया कि घायल आरक्षी सुनील कुमार साहू के उपचार एवं स्वास्थ्य की निरंतर जानकारी लेते रहें तथा अस्पताल में उपस्थित पुलिसकर्मियों के माध्यम से चिकित्सकों एवं परिजनों से समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने हेतु भी निर्देशित किया।