सिसवा में छठ घाटों की सफाई शुरू:23 छठ घाटों पर सफाई अभियान तेज, व्रती महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर नगरपालिका प्रशासन अलर्ट

0
4

सिसवा में लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व सूर्यषष्ठी डाला छठ को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। पर्व को लेकर नगरपालिका प्रशासन ने नगर क्षेत्र के सभी 23 छठ घाटों पर साफ-सफाई अभियान तेज कर दिया है। पिछले दो दिनों से चल रहे इस अभियान में निकाय के कर्मचारी घाटों की सफाई के साथ अर्घ्य देने वाले रास्तों को सुगम बनाने में जुटे हैं, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में स्थित छठ घाटों पर साफ-सफाई का कार्य प्राथमिकता से कराया जा रहा है। इनमें मीराबाई नगर वार्ड स्थित श्रीरामजानकी मंदिर छठ घाट, पोखरा टोला छठ घाट और लोहिया नगर स्थित खेखड़ा नाला छठ घाट प्रमुख हैं। इन घाटों पर प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए नगरपालिका प्रशासन इन प्रमुख स्थलों पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में जुटा है।
नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने बताया कि सभी 23 छठ घाटों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी व्यवस्थित कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छठ पर्व पर व्रती महिलाओं को अर्घ्य देने में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पर्व से पहले सभी घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी है। कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि सभी छठ घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर पुलिस की पेट्रोलिंग होगी। अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here