शिविर में 2450 लोगों को योजनाओं का लाभ मिला:जनपद न्यायाधीश ने बांटे कृषि यंत्र, आवास के डेमो चेक और प्रमाण पत्र

0
0

बस्ती के अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह (बस्ती क्लब) में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर लगा। इसमें सरकारी योजनाओं के जरिए 2450 लाभार्थियों को लाभ दिया गया। शिविर का उद्घाटन जनपद न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शमसुल हक ने दीप जलाकर किया। जनपद न्यायाधीश ने कृषि विभाग की ओर से चुने गए दो किसानों को कृषि यंत्रों की चाबी दी। दिव्यांगजनों को सुनने की मशीनें और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) के लाभार्थियों को डेमो चेक दिए गए। युवाओं को खेल किट और भूमिहीन परिवारों को कृषि पट्टे के प्रमाण पत्र भी बांटे गए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचता है। इससे लोगों का प्रशासन पर भरोसा भी बढ़ता है। मुख्य अतिथि ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी और स्वास्थ्य विभाग के रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। राजकीय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और पाक्सो अधिनियम पर नाटक पेश किया। बेगम खैर इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ नुक्कड़ नाटक किया। पुलिस विभाग और सरदार वल्लभभाई पटेल इंजीनियरिंग कॉलेज ने साइबर अपराधों से बचने की जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेंद्र कुमार-प्रथम ने बताया कि राष्ट्रीय और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर गरीबों और कमजोर वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता दी जा रही है। पीड़ित क्षतिपूर्ति, मध्यस्थता और स्थायी लोक अदालत की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिला कारागार में आर्थिक रूप से कमजोर बंदियों को मुफ्त वकील दिए जा रहे हैं। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, वकील, शिक्षक और पराविधिक स्वयंसेवक मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने हिस्सा लेने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार दिए। नोडल अधिकारी और अपर जिला जज अनिल कुमार ने सहयोग के लिए विभागों और अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन राजकीय इंटर कॉलेज की प्रवक्ता मानवी सिंह ने किया। राष्ट्रगान के साथ शिविर का समापन हुआ

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here