सुबह दिल्ली में नाश्ता, शाम को पटना में छठ की तैयारी… कल से पटरी पर दौड़ेगी स्पेशल ‘वंदे भारत’; चेक करें शेड्यूल

0
0

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अगर आपको पटना जाने के लिए ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है, तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है। भारतीय रेलवे ने त्योहार की भीड़ को देखते हुए नई दिल्ली से पटना के बीच विशेष वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

इस ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सुबह दिल्ली से चलेगी और उसी दिन शाम तक आपको पटना पहुंचा देगी। यानी आप दिन का सफर करके आराम से अपने घर पहुंच सकते हैं।

बिना परेशानी पहुंचेगे घर

वंदे भारत देश की एक हाईटेक और बेहद आरामदायक ट्रेन है। इन स्पेशल ट्रेनों के शुरू होने से यात्रियों का सफर आसान होगा और वे बिना किसी परेशानी के कम समय में अपने घर पहुंच सकेंगे। रेलवे ने इस त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए दो जोड़ी यानी कुल चार स्पेशल वंदे भारत ट्रेनें चलाने की रूपरेखा तैयार की है।

ट्रेनों का टाइम टेबल

यात्रियों की सुविधा के लिए इन ट्रेनों के समय को बहुत ही बेहतरीन ढंग से सेट किया गया है ताकि सफर दिन के समय ही पूरा हो जाए।

ट्रेन संख्या 02258 / 02257 (नई दिल्ली-पटना-नई दिल्ली)

जाने के दौरान (गाड़ी संख्या 02258): यह ट्रेन 11 नवंबर 2026 को सुबह ठीक 05:00 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और उसी दिन शाम को 06:30 बजे पटना जंक्शन पहुंच जाएगी।

वापसी के दौरान (गाड़ी संख्या 02257): यह ट्रेन 12 नवंबर 2026 को सुबह 08:00 बजे पटना जंक्शन से चलकर उसी दिन रात 09:30 बजे वापस नई दिल्ली पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 02436 / 02435 (नई दिल्ली-पटना-नई दिल्ली)

जाने के दौरान (गाड़ी संख्या 02436): यह ट्रेन 13 नवंबर 2026 को सुबह 08:35 बजे नई दिल्ली से खुलेगी और रात 09:30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।

वापसी के दौरान (गाड़ी संख्या 02435): यह ट्रेन 14 नवंबर 2026 को सुबह 08:00 बजे पटना से चलकर रात 09:30 बजे नई दिल्ली वापस आ जाएगी।

vande bharat train news

कहां-कहां रुकेगी ट्रेन और क्या है खासियत?

त्योहारी सीजन की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए इन दोनों फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों में 16-कार वाले बड़े वंदे भारत कोच लगाए गए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को कन्फर्म सीट मिल सके।

सफर के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए इन दोनों जोड़ी ट्रेनों का स्टॉपेज दोनों दिशाओं में प्रमुख स्टेशनों पर रखा गया है। यह ट्रेनें रास्ते में अलीगढ़ जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशनों पर रुकेंगी।

अगर आप भी इस छठ अपने परिवार के साथ शामिल होना चाहते हैं, तो इन स्पेशल वंदे भारत ट्रेनों का लाभ उठाकर अपनी यात्रा को सुगम और आरामदायक बना सकते हैं। टिकट बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए आप रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप की मदद ले सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here