तमिलनाडु: हर दिन सड़क दुर्घटना में 53 मौत, चेन्नई में चालान और जागरुकता से आंकड़ों में सुधार

0
5

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु में सड़क हादसे के आंकड़े चिंता पैदा करते हैं। 2026 के पहले नौ महीने हर दिन सड़कों पर 53 लोगों ने दम तोड़ दिया। इस तरह के आंकड़े सरकार के साथ-साथ आमलोगों में भी चिंता और डर पैदा कर देते हैं।

हालांकि सिर्फ चेन्नई की बात करें तो इसकी हालत थोड़ी बेहतर रही। चेन्नई में जनवरी से अक्टूबर के बीच 402 मौतें हुईं, जो पिछले साल के मुकाबले 18 कम है। पिछले साल इसी अवधि में 420 लोगों की मौत हुई थीं। घायलों की संख्या में भी कमी है ये पहले 2,997 से घटकर 2,865 हो गई।

नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई से हुआ सुधार

ट्रैफिक पुलिस (दक्षिण) के संयुक्त आयुक्त पी. पकालवन ने बताया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और दुर्घटना संभावित जगहों पर सुधार किए जाने से ऐसा मुमकिन हो पाया। जून से अगस्त के बीच, हेलमेट न पहनने के कारण 1.17 लाख दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इससे भी काफी सुधार हुआ। दुपहिया वाहन चलाने वालों के लिए हेलमेट बहुत ही जरूरी होता है किसी भी प्रकार के हादसे में ये आपकी रक्षा करता है।

अधिकतर बाइक सवार कर रहे नियम का पालन

अब बाइक चलाने वालों के बीच नियमों का पालन लगभग 95 प्रतिशत तक पहुंच गया है, लेकिन पीछे बैठने वालों के बीच यह अभी भी 50 फीसदी ही है। पुलिस ने नियम तोड़ने वालों की पहचान करने के लिए नंबर प्लेट पहचानने वाले कैमरों, स्पीड रडार और इंटरसेप्टर वाहनों का इस्तेमाल किया। वहीं, नागरिक एजेंसियों ने सड़क के बीच के असुरक्षित रास्तों को बंद कर दिया और लाइटिंग तथा साइनबोर्ड में सुधार किया।

पिछले साल के मुकाबले बढ़ा हादसा

सितंबर तक के सड़क सुरक्षा विश्लेषण के अनुसार, उस राज्य में 56,602 दुर्घटनाएं हुईं और 14,373 लोगों की मौत हुई यानी हर दिन लगभग 207 दुर्घटनाएं और 53 मौतें। 2025 की बात करें तो हर दिन औसतन 195 दुर्घटनाएं हुईं और 51 लोगों की मौत हुई। जनवरी से जून 2026 के बीच, राज्य में हर दिन औसतन 206 दुर्घटनाएं हुईं, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 6 फीसदी ज्यादा हैं। इसके पीछे की वजह पुलिसकर्मियों का चुनावी ड्यूटी में व्यस्त होना रहा।

जागरुकता बढ़ाने पर जोर

एक्सपर्ट सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की बात करते हैं। परिवहन आयुक्त सिगी थॉमस वैद्यन ने बताया कि यह कहना सही नहीं होगा कि सिर्फ चौड़ी और अच्छी सड़कों पर तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने से ही मौतें होती हैं।

एआई की मदद से रोकेंगे हादसा

राज्य ‘विझी’ (Vizhi) नाम के एक पायलट प्रोजेक्ट को भी शुरू करने की योजना बना रहा है। इसमें डैशबोर्ड कैमरों और AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का इस्तेमाल करके ट्रैफ़िक नियमों के उल्लंघन का पता लगाया जाएगा। इसे पहले 100 प्रवर्तन वाहनों (enforcement vehicles) में लागू किया जाएगा और बाद में पूरे राज्य में विस्तार किया जाएगा।

इसके अलावा, ‘थिरनAI’ (ThiranAI) के ज़रिए नए ड्राइवरों को गेम-आधारित ट्रेनिंग दी जाएगी और नियम तोड़ने वालों के लिए रिफ्रेशर कोर्स कराए जाएंगे। स्वास्थ्य सचिव डारेज़ अहमद ने बताया कि एंबुलेंस को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (हॉटस्पॉट) के पास तैनात किया गया है, ताकि वे 10 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here