आईएएनएस, चेन्नई। दीपावली के अवसर पर हत्या की कई घटनाओं और जोसेफ विजय सरकार पर विपक्ष के बढ़ते हमलों के बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कथित तौर पर तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र वी. अर्लेकर से राज्य की कानून-व्यवस्था पर रिपोर्ट मांगी है।
समझा जाता है कि केंद्र सरकार द्वारा मांगी गई रिपोर्ट में हाल की हिंसक घटनाओं और शांति बनाए रखने के लिए राज्य प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों का ब्योरा मांगा गया है।
राज्यपाल 13 नवंबर को नई दिल्ली जाने वाले हैं। द्रमुक और अन्नाद्रमुक समेत विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि तमिलनाडु में हत्याएं बढ़ रही हैं। उनका दावा है कि अकेले दीपावली के दिन 10 से अधिक हत्याएं हुईं। दूसरी तरफ, राज्य सरकार का कहना है कि दीपावली के दिन आठ हत्याएं दर्ज की गईं।
दोहरे हत्याकांड के आरोपित को पैर में गोली मारी
प्रेट्र के अनुसार, दोहरे हत्याकांड के एक आरोपित ने पूछताछ के दौरान पुलिस कांस्टेबल पर हमला कर दिया और भागने की कोशिश की।
इसके बाद पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी और उसे पकड़ लिया। आरोपित की पहचान शिवनेसन के रूप में हुई है। उसे तिरुचिरापल्ली जिले में दो नाबालिगों की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
